वोटर लिस्ट में आपका नाम है या नहीं? गौतमबुद्धनगर प्रशासन ने शुरू की तैयारी, अधिकारियों को रोजाना निगरानी के निर्देश
गौतमबुद्धनगर, रफ़्तार टूडे। आगामी निर्वाचन प्रक्रिया को ध्यान में रखते हुए गौतमबुद्धनगर जिला प्रशासन ने मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और अद्यतन बनाने की तैयारी तेज कर दी है। जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में एनआईसी सभागार में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान को लेकर संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने, पुनरीक्षण कार्य की नियमित निगरानी और व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम दर्ज होने से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए आरडब्ल्यूए (RWA), एओए (AOA) प्रतिनिधियों के साथ नियमित बैठकें करने और कॉलेजों में जागरूकता अभियान चलाकर युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने पर जोर दिया गया।
1 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर होगा पुनरीक्षण
बैठक में 01 जनवरी 2027 की अर्हता तिथि के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की फोटोयुक्त निर्वाचक नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण को लेकर कार्ययोजना पर चर्चा की गई। अपर जिलाधिकारियों एवं डिप्टी कलेक्टरों को विधानसभा वार नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नामित करते हुए पुनरीक्षण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों को प्रतिदिन आरडब्ल्यूए और एओए प्रतिनिधियों के साथ बैठक करने तथा कॉलेजों का भ्रमण कर पात्र युवाओं एवं नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक करने को कहा गया।
बीएलओ और सुपरवाइजर के कार्यों की रोजाना होगी समीक्षा
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों को निर्देश दिए कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण अभियान के दौरान सुपरवाइजरों के कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से उसके क्षेत्र के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की कार्रवाई प्रभावी ढंग से पूरी कराई जाए। पुनरीक्षण अभियान में पारदर्शिता, शुद्धता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए गए।

ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से कर सकते हैं आवेदन
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों विकल्पों की जानकारी देने के निर्देश दिए हैं।
- ऑनलाइन आवेदन: पात्र नागरिक निर्वाचन आयोग के पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर जाकर फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
- ऑफलाइन आवेदन: नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के माध्यम से भी मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।
प्रशासन का उद्देश्य है कि पात्र नागरिकों को मतदाता पंजीकरण की प्रक्रिया के प्रति जागरूक किया जाए और अधिक से अधिक लोगों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व/उप जिला निर्वाचन अधिकारी अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी भू-अधिग्रहण अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पाण्डेय, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी प्रदीप कुमार सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने अधिकारियों को मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में नियमित निगरानी, जनसंपर्क और जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से प्रभावी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं.

Comments (0)
Leave a Comment