नोएडा में पहली बार आयोजित तीन दिवसीय आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन का भव्य शुभारंभ, डॉ. कुमार विश्वास ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का प्रसंग सुनाकर श्रोताओं को किया भावविभोर, मुकेश शर्मा ने परिवार के साथ दीप प्रज्वलित कर किया उद्घाटन

नोएडा, रफ़्तार टूडे। समाजसेवी, शिक्षाविद् एवं प्रमुख उद्यमी मुकेश शर्मा के संयोजन में नोएडा में पहली बार आयोजित तीन दिवसीय भव्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम ‘अपने-अपने राम’ का शुक्रवार को वर्ल्ड्स ऑफ वंडर, सेक्टर-38 में शानदार शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के पहले ही दिन प्रख्यात कवि एवं रामकथा मर्मज्ञ डॉ. कुमार विश्वास को सुनने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु और रामभक्त उमड़ पड़े। आलम यह रहा कि पूरा कार्यक्रम स्थल श्रोताओं से खचाखच भरा रहा। डॉ. कुमार विश्वास की ओजपूर्ण, काव्यात्मक और भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित जनसमूह को रामभक्ति के रंग में सराबोर कर दिया। कथा के दौरान पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट और ‘जय श्रीराम’ के जयघोष से गूंजता रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ आयोजक मुकेश शर्मा ने अपने परिवार के सदस्यों के साथ विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर मुकेश शर्मा एवं उनके परिवार ने डॉ. कुमार विश्वास का प्रतीक चिह्न भेंटकर भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया। आयोजन के पहले दिन बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति ने इस आध्यात्मिक कार्यक्रम के प्रति नोएडा और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के उत्साह को प्रदर्शित किया।

भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव का प्रसंग सुन भावविभोर हुए श्रोता

‘अपने-अपने राम’ के प्रथम दिवस डॉ. कुमार विश्वास ने भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव के प्रसंग को अपनी विशिष्ट काव्यात्मक, साहित्यिक और भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत किया। उन्होंने प्रभु श्रीराम के जन्म, उनके जीवन चरित्र, आदर्शों, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय मूल्यों को बेहद रोचक अंदाज में श्रोताओं के सामने रखा। रामकथा के विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से उन्होंने भगवान श्रीराम के व्यक्तित्व और उनके जीवन दर्शन को समझाया।

डॉ. कुमार विश्वास की प्रस्तुति में साहित्य, कविता, अध्यात्म और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। उनकी अभिव्यक्ति ने श्रोताओं को कभी भावुक किया तो कभी तालियां बजाने और जय श्रीराम के उद्घोष के लिए प्रेरित किया। रामकथा की चर्चित पंक्तियां—

“राम सृष्टा भी हैं और सृष्टि भी, राम दृष्टा भी हैं और दृष्टि भी।”

ने आयोजन की आध्यात्मिक भावना को खूबसूरती से अभिव्यक्त किया। इन काव्यात्मक पंक्तियों के माध्यम से भगवान श्रीराम के व्यापक व्यक्तित्व और जीवन में उनके आदर्शों की प्रासंगिकता को रेखांकित किया गया।

युवा पीढ़ी को राम के आदर्शों और संस्कारों से जोड़ना उद्देश्य: मुकेश शर्मा

कार्यक्रम के आयोजक मुकेश शर्मा ने कहा कि ‘अपने-अपने राम’ केवल एक धार्मिक अथवा सांस्कृतिक आयोजन नहीं है, बल्कि इसके पीछे एक व्यापक सामाजिक और सांस्कृतिक उद्देश्य भी है। हमारा प्रयास है कि युवा पीढ़ी को भगवान श्रीराम के जीवन, उनके आदर्शों, मर्यादा, त्याग, कर्तव्यनिष्ठा और पारिवारिक मूल्यों से परिचित कराया जाए।

उन्होंने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके आदर्शों को अपनाकर युवा पीढ़ी अपने जीवन में अच्छे संस्कार, सकारात्मक विचार और नैतिक मूल्यों को स्थान दे सकती है। आज आवश्यकता है कि नई पीढ़ी अपनी संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों से जुड़े तथा भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपने व्यवहार में उतारे। इससे समाज में सकारात्मकता और बेहतर संस्कारों का प्रसार होगा।

आगंतुकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध

मुकेश शर्मा ने कार्यक्रम में पहुंचे हजारों श्रोताओं, श्रद्धालुओं और अतिथियों का हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तीन दिवसीय आयोजन में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की सुविधा और सुरक्षा आयोजक टीम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए पूरी टीम लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रही है। बैठने की व्यवस्था, सुरक्षा, आवागमन और अन्य आवश्यक सुविधाओं को लेकर विशेष इंतजाम किए गए हैं, ताकि किसी भी आगंतुक को असुविधा का सामना न करना पड़े।

उन्होंने कहा कि नोएडा में पहली बार इतने बड़े स्तर पर ‘अपने-अपने राम’ जैसे आध्यात्मिक और सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनना उनके लिए सौभाग्य और गौरव का विषय है। इस आयोजन को सफल बनाने में उनके परिवार, सहयोगियों और पूरी आयोजन टीम का महत्वपूर्ण योगदान है।

आगामी दिनों में भी रामकथा के विभिन्न प्रसंगों से जुड़ेंगे श्रोता

तीन दिवसीय इस विशेष आयोजन के आगामी दिनों में भी डॉ. कुमार विश्वास भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को अपनी अनूठी काव्यात्मक और भावपूर्ण शैली में प्रस्तुत करेंगे। आयोजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सनातन परंपरा, आध्यात्मिक चेतना, पारिवारिक संस्कारों और मानवीय मूल्यों को जनमानस तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

पहले दिन उमड़ी हजारों लोगों की भीड़ और रामकथा के दौरान दिखाई दिया उत्साह इस बात का प्रमाण रहा कि भगवान श्रीराम के जीवन चरित्र और उनके आदर्शों के प्रति लोगों की गहरी आस्था है। ‘अपने-अपने राम’ के जरिए नोएडा में तीन दिनों तक साहित्य, अध्यात्म और रामभक्ति का विशेष संगम देखने को मिलेगा.