यीडा के सेक्टर-8 में 100 एकड़ जमीन पर स्थापित होगा सीएनएच इंडस्ट्रियल का आधुनिक विनिर्माण प्लांट, मुख्यमंत्री बोले- निवेश और औद्योगिक विकास का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बन रहा जेवर
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक निवेश और रोजगार सृजन को नई गति देने की दिशा में गुरुवार को जेवर में बड़ी पहल हुई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्चुअल माध्यम से यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के सेक्टर-8 में सीएनएच इंडस्ट्रियल के आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट की आधारशिला रखी। करीब 1200 करोड़ रुपये के निवेश से 100 एकड़ जमीन पर स्थापित होने वाली इस औद्योगिक इकाई से 1200 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जबकि अप्रत्यक्ष रूप से भी बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर आज भारत के गहने के रूप में निवेश का सर्वश्रेष्ठ गंतव्य बन चुका है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और यीडा क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रही औद्योगिक परियोजनाओं के कारण यह क्षेत्र बड़े औद्योगिक, आर्थिक और लॉजिस्टिक हब के रूप में अपनी पहचान स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि सीएनएच का आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण प्लांट कृषि यंत्रीकरण और अत्याधुनिक विनिर्माण क्षेत्र को नई गति प्रदान करेगा।
50 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 15 लाख करोड़ धरातल पर उतरे
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश ने विकास की नई पहचान बनाई है। बेहतर कानून व्यवस्था, मजबूत बुनियादी ढांचे और निवेश के अनुकूल वातावरण के कारण प्रदेश देश-विदेश के निवेशकों की पहली पसंद बन रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश उपद्रव से उत्सव प्रदेश बना है और इसका परिणाम औद्योगिक विकास के रूप में सामने आ रहा है।।योगी आदित्यनाथ ने बताया कि पिछले साढ़े नौ वर्षों में उत्तर प्रदेश को 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से लगभग 15 लाख करोड़ रुपये के निवेश धरातल पर उतर चुके हैं, जबकि 7.5 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्तावों की जल्द ग्राउंड ब्रेकिंग होने जा रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में औद्योगिक विकास का व्यापक विस्तार हुआ है। फैक्ट्रियों की संख्या 14 हजार से बढ़कर 35 हजार हो गई है। एमएसएमई इकाइयों की संख्या एक करोड़ तक पहुंच चुकी है, जबकि स्टार्टअप की संख्या 120 से बढ़कर 25 हजार हो गई है। आईटी, सेमीकंडक्टर, साइबर, रोबोटिक्स और एग्रीटेक जैसे आधुनिक क्षेत्रों में भी उत्तर प्रदेश नवाचार, निवेश और रोजगार के नए अवसर तैयार कर रहा है।

ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की 18.5 प्रतिशत हिस्सेदारी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भारत के ट्रैक्टर बाजार में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी करीब 18.5 प्रतिशत है। ऐसे में सीएनएच इंडस्ट्रियल का 1200 करोड़ रुपये का निवेश प्रदेश की कृषि मशीनरी और ट्रैक्टर विनिर्माण क्षमता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि आधुनिक ट्रैक्टर विनिर्माण इकाई से स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और औद्योगिक विकास के साथ कृषि क्षेत्र को भी लाभ पहुंचेगा। मुख्यमंत्री ने परियोजना के सफल क्रियान्वयन के लिए कंपनी को प्रदेश सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
औद्योगिक विकास और रोजगार के लिए महत्वपूर्ण कदम
औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और स्पष्ट औद्योगिक नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, सेमीकंडक्टर और अन्य औद्योगिक परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश में निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि बड़े औद्योगिक निवेशों से केवल प्रमुख कंपनियों को ही लाभ नहीं मिलता, बल्कि एमएसएमई, छोटे उद्यमियों और स्थानीय आपूर्तिकर्ताओं के लिए भी विकास की नई संभावनाएं बनती हैं। इससे प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलती है।
कृषि एवं कृषि शिक्षा राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि यह औद्योगिक इकाई उद्योग, व्यवसाय और किसानों की बेहतरी की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्लांट के शुरू होने के बाद आधुनिक ट्रैक्टर किसानों तक पहुंचेंगे और कृषि क्षेत्र को इसका लाभ मिलेगा।

बड़े निवेश के साथ जेवर की औद्योगिक पहचान होगी मजबूत
यीडा क्षेत्र में लगातार बढ़ते औद्योगिक निवेश के बीच सीएनएच इंडस्ट्रियल का यह प्लांट जेवर और आसपास के क्षेत्रों के आर्थिक विकास के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, एक्सप्रेसवे और विकसित हो रहे औद्योगिक सेक्टरों के साथ यह परियोजना क्षेत्र को विनिर्माण और रोजगार के नए केंद्र के रूप में स्थापित करने में योगदान देगी।
कार्यक्रम में कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
आधारशिला कार्यक्रम में सांसद डॉ. महेश शर्मा, राज्यसभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर, विधान परिषद सदस्य श्रीचंद्र शर्मा, भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर सहित अनेक जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इसके अलावा अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त आलोक कुमार, इन्वेस्ट यूपी के सीईओ विजय किरण आनंद, यीडा के सीईओ राकेश कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी कार्यक्रम में शामिल हुए।
सीएनएच की बोर्ड चेयरपर्सन लेडी सुजेन हेवुड, सीईओ गैरेट मार्क्स तथा प्रेसिडेंट एवं मैनेजिंग डायरेक्टर नरेंद्र मित्तल भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
1200 करोड़ रुपये का निवेश और 1200 प्रत्यक्ष रोजगार के अवसर जेवर के औद्योगिक विकास को नई दिशा देने के साथ उत्तर प्रदेश की निवेश आधारित अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Comments (0)
Leave a Comment