प्राधिकरण ने आरडब्ल्यूए और एओए प्रतिनिधियों के साथ की बैठक, एसीईओ एवं नगर जनगणना अधिकारी सुमित यादव ने नागरिकों से ऑनलाइन स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। जनगणना-2027 को सफल बनाने और नागरिकों की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जनगणना के दूसरे चरण के तहत एक दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक जनसंख्या गणना का कार्य किया जाएगा। इससे पहले 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक नागरिकों को स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस दौरान लोग घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से अपने परिवार और आवास से संबंधित विवरण दर्ज कर सकेंगे।
स्व-गणना अभियान को व्यापक स्तर पर सफल बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के बोर्ड रूम में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) एवं नगर जनगणना अधिकारी सुमित यादव ने की। इस दौरान ओएसडी मुकेश कुमार सिंह, ओएसडी अभिषेक पाठक और ओएसडी लवगीत कौर भी मौजूद रहे। बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण क्षेत्र की विभिन्न रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) और अपार्टमेंट ओनर्स एसोसिएशन (एओए) के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। नगर जनगणना अधिकारी ने सभी प्रतिनिधियों से अपने-अपने सेक्टरों और आवासीय सोसायटियों में नागरिकों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने तथा अधिक से अधिक परिवारों को इस प्रक्रिया में शामिल कराने की अपील की।
16 से 30 नवंबर तक घर बैठे करें स्व-गणना
जनगणना-2027 के तहत नागरिकों को स्व-गणना के लिए https://se.census.gov.in पोर्टल पर ऑनलाइन विवरण दर्ज करना होगा। इस प्रक्रिया में सबसे पहले अपने राज्य का चयन करना होगा और इसके बाद पसंदीदा भाषा चुननी होगी। फिर मोबाइल नंबर के माध्यम से ओटीपी सत्यापन किया जाएगा।

सत्यापन के बाद पोर्टल पर परिवार के मकान और आवासीय स्थान से संबंधित जानकारी भरनी होगी। इसके साथ ही परिवार के सभी सदस्यों का विवरण भी दर्ज करना होगा। सभी आवश्यक जानकारी भरने के बाद फॉर्म को सबमिट करना होगा। स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने पर नागरिकों को एक विशेष स्व-गणना पहचान संख्या (SE ID) प्राप्त होगी। यह पहचान संख्या बेहद महत्वपूर्ण होगी, इसलिए इसे सुरक्षित रखना आवश्यक है।
जनगणना कर्मी घर पहुंचकर करेंगे विवरण का सत्यापन
स्व-गणना के बाद जनगणना कर्मी संबंधित परिवार के घर पहुंचकर SE ID के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे। यदि पहचान संख्या का मिलान नहीं होता है तो परिवार के सदस्यों का विवरण दोबारा दर्ज किया जा सकता है। प्राधिकरण का प्रयास है कि स्व-गणना अभियान के माध्यम से अधिक से अधिक नागरिक स्वयं अपने परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज करें, जिससे जनगणना प्रक्रिया को सुगम बनाया जा सके और जनभागीदारी बढ़ाई जा सके।

आरडब्ल्यूए और एओए से जनभागीदारी बढ़ाने की अपील
बैठक में नगर जनगणना अधिकारी सुमित यादव ने आरडब्ल्यूए और एओए प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में स्व-गणना अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। सोसायटियों में रहने वाले परिवारों को ऑनलाइन प्रक्रिया की जानकारी दें और उन्हें निर्धारित अवधि में स्व-गणना पूरी करने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है और इसकी सफलता नागरिकों की सक्रिय भागीदारी पर निर्भर करती है। आरडब्ल्यूए और एओए के सहयोग से अभियान को अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।
जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य, नागरिक बढ़-चढ़कर करें सहभागिता: सुमित यादव
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ एवं नगर जनगणना अधिकारी सुमित यादव ने नागरिकों से जनगणना-2027 के स्व-गणना अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनगणना राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। प्रत्येक नागरिक को इसमें उत्साहपूर्वक भागीदारी कर जनगणना-2027 को सफल बनाने में सहयोग करना चाहिए। उन्होंने आरडब्ल्यूए, एओए और सभी नागरिकों से अपील की कि निर्धारित समयावधि में स्व-गणना प्रक्रिया पूरी कर जनगणना अभियान को सफल बनाएं।
जनगणना-2027 की प्रमुख तिथियां
- स्व-गणना अभियान: 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026
- जनसंख्या गणना: 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027
- स्व-गणना पोर्टल: https://se.census.gov.in
- स्व-गणना के बाद: SE ID सुरक्षित रखें, जनगणना कर्मी घर पहुंचकर करेंगे सत्यापन।

Comments (0)
Leave a Comment