दिल्ली–खुर्जा के बीच नमो भारत ट्रेन को शीघ्र मंजूरी देने की मांग, मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

ग्रेटर नोएडा वेस्ट में मेट्रो विस्तार की मंजूरी के बाद दिल्ली–गाजियाबाद–दादरी–दनकौर–खुर्जा नमो भारत कॉरिडोर की उम्मीदें बढ़ीं

दादरी, रफ़्तार टूडे। दिल्ली-खुर्जा के बीच प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन कॉरिडोर को शीघ्र मंजूरी दिलाने की मांग को लेकर आर्य प्रतिनिधि सभा के जिला उपाध्यक्ष डॉ. आनंद आर्य ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को पत्र भेजा है। उन्होंने इस महत्वपूर्ण परियोजना को जनहित में जल्द स्वीकृति दिलाकर क्षेत्र की लाखों आबादी को आधुनिक और तेज परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की है।

मुख्यमंत्री को संबोधित पत्र में डॉ. आनंद आर्य ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा ग्रेटर नोएडा वेस्ट तक मेट्रो विस्तार को मंजूरी दिए जाने से क्षेत्र की जनता को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। इसी प्रकार दिल्ली-खुर्जा सेक्शन पर प्रस्तावित नमो भारत ट्रेन परियोजना को भी प्राथमिकता के आधार पर मंजूरी दिलाई जानी चाहिए।

उन्होंने पत्र में उल्लेख किया कि दिल्ली-मेरठ के बीच नमो भारत ट्रेन के संचालन के समय अन्य संभावित रूटों पर भी नमो भारत ट्रेन चलाने की घोषणा की गई थी। इनमें दिल्ली-खुर्जा कॉरिडोर भी प्रस्तावित है। ऐसे में इस परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में शीघ्र निर्णय लिया जाना आवश्यक है।

डॉ. आनंद आर्य ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि दिल्ली–गाजियाबाद–दादरी–दनकौर–खुर्जा के बीच नमो भारत ट्रेन संचालन की योजना को जल्द स्वीकृति दिलाने के लिए संबंधित स्तर पर प्रभावी पहल की जाए। उन्होंने कहा कि इस कॉरिडोर के विकसित होने से दैनिक यात्रियों, नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और व्यापारियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के आसपास के क्षेत्रों में परिवहन व्यवस्था मजबूत होगी तथा लाखों लोगों को तेज, सुविधाजनक और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन का लाभ मिल सकेगा।

डॉ. आनंद आर्य ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री जनहित की इस महत्वपूर्ण मांग पर सकारात्मक पहल करते हुए दिल्ली-खुर्जा नमो भारत कॉरिडोर को जल्द मंजूरी दिलाने में आवश्यक भूमिका निभाएंगे।

पत्र भेजने वाले: डॉ. आनंद आर्य
जिला उपाध्यक्ष
आर्य प्रतिनिधि सभा