2027 विधानसभा चुनाव के लिए बूथ मजबूत करने पर जोर; कांता कर्दम ने कार्यकर्ताओं को दिया 10 नए वोट बनाने का लक्ष्य

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। भारतीय जनता पार्टी जनपद गौतमबुद्धनगर की मासिक संगठनात्मक बैठक शनिवार, 14 नवंबर 2026 को जिला कार्यालय, तिलपता गोल चक्कर पर आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी एवं पूर्व राज्यसभा सांसद कांता कर्दम उपस्थित रहीं। बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को ध्यान में रखते हुए संगठनात्मक रणनीति, बूथ प्रबंधन और मतदाता संपर्क अभियान को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया। पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से संगठन की गतिविधियों को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक बूथ पर मजबूत उपस्थिति सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया।

हर बूथ पर 10 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य: कांता कर्दम

जिला प्रभारी कांता कर्दम ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता विधानसभा चुनाव 2027 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर बूथों को मजबूत बनाने में जुट जाएं। उन्होंने प्रत्येक बूथ पर बैठक आयोजित करने और ‘मतदाता जोड़ो अभियान’ के तहत कम से कम 10 नए वोट बनवाने का कार्य करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती बूथ स्तर की सक्रियता पर निर्भर करती है। इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता को अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए मतदाता संपर्क और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाना चाहिए।

‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के लक्ष्य के साथ जुटें कार्यकर्ता: अभिषेक शर्मा

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव 2027 में पार्टी की सफलता के लिए प्रत्येक कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ को मजबूत बनाने का लक्ष्य निर्धारित करे। उन्होंने ‘मेरा बूथ सबसे मजबूत’ के संकल्प के साथ बूथ स्तर पर निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया। अभिषेक शर्मा ने कहा कि प्रत्येक बूथ पर भाजपा के पक्ष में 80 प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने के लक्ष्य को लेकर कार्यकर्ताओं को जनसंपर्क बढ़ाना चाहिए। इसके लिए बूथ-बूथ जागरूकता अभियान चलाकर घर-घर पहुंचने और पार्टी की रीति-नीति एवं सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने का कार्य किया जाए।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के कार्यों में सहभागिता निभाने, संगठन को और अधिक सशक्त बनाने तथा जनसेवा के कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में वरिष्ठ पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता रहे मौजूद

बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष विजय भाटी, विधानसभा प्रभारी मुंशी लाल गौतम, गोपाल अग्रवाल, धर्मेंद्र कोरी, धर्मेंद्र भाटी, वीरेंद्र भाटी, देवेंद्र बैसला, राजे कसाना, आशीष भाटी, सतेंद्र नागर, पवन रावल, पवन नागर, सत्यपाल शर्मा, कर्मवीर आर्य, विकास चौधरी, योगेश चौहान, वंदना वानखेड़े, अर्पित तिवारी, गायत्री तिवारी, मनोज प्रधान, राजीव सिंघल, महेंद्र नागर, दिनेश भाटी, गीता सागर, मुकेश भाटी, सुशील भाटी, देवा भाटी, चंद्रमणि भारद्वाज और अश्वनी गोयल सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और जनसेवा के माध्यम से जनता से जुड़ाव बढ़ाने का संकल्प लिया गया।