नोएडा, रफ़्तार टूडे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर देशभर में आयोजित ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का नोएडा में भी व्यापक स्तर पर शुभारंभ हुआ। नोएडा प्राधिकरण की ओर से आयोजित कार्यक्रमों में स्वच्छता अभियान, पर्यावरण संरक्षण, वेस्ट मैनेजमेंट और जनजागरूकता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। दिनभर शहर के विभिन्न क्षेत्रों और प्रमुख अवस्थापना स्थलों पर सेवा संकल्प से जुड़े कार्यक्रम हुए।

अभियान के तहत सेक्टर-35 स्थित मोरना बस स्टैंड पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इसमें गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा विधायक पंकज सिंह ने जनसामान्य के साथ सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान सार्वजनिक स्थानों की स्वच्छता बनाए रखने और नागरिकों को स्वच्छता अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।

विद्यार्थियों को वेस्ट मैनेजमेंट की दी जानकारी

स्वच्छता अभियान को केवल सफाई तक सीमित न रखते हुए नागरिकों और विद्यार्थियों को वेस्ट मैनेजमेंट एवं पर्यावरण संरक्षण की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई। इसके लिए सेक्टर-34 स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट और सेक्टर-54 स्थित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों और नागरिकों को कचरे के प्रबंधन, अपशिष्ट के निस्तारण तथा सीवेज ट्रीटमेंट की प्रक्रिया से अवगत कराया गया। प्राधिकरण की ओर से स्वच्छ शहर के लिए नागरिकों की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया गया।

अभियान के तहत सेक्टर-35 स्थित मोरना बस स्टैंड पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया

वेटलैंड और चिल्ड्रन्स पार्क में दीपोत्सव

शाम के समय अभियान के तहत शहर के प्रमुख स्थलों पर दीपोत्सव का आयोजन किया गया। सेक्टर-54 स्थित वेटलैंड और सेक्टर-33 स्थित चिल्ड्रन्स पार्क में दीप जलाकर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया। आयोजन के माध्यम से शहरवासियों को स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

वेदवन पार्क में ‘आशीर्वाद का दीया’

सेक्टर-78 स्थित वेदवन पार्क में ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। विधायक पंकज सिंह और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी के नेतृत्व में नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप प्रज्ज्वलित किए। कार्यक्रम में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शहर के विकास के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।

वहीं, सेक्टर-96 स्थित नोएडा प्राधिकरण मुख्यालय के ऑडिटोरियम में भी ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम आयोजित हुआ। यहां राज्यसभा सांसद सुधांशु त्रिवेदी की उपस्थिति में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी पुष्प राज सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दीप जलाकर अभियान के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई।

प्रमुख स्थलों पर दिनभर चले सेवा संकल्प कार्यक्रम

नोएडा प्राधिकरण के अनुसार अभियान के तहत शहर के विभिन्न स्थानों के साथ-साथ अवस्थापना से जुड़े प्रमुख स्थलों पर भी दिनभर सेवा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही और स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा जनजागरूकता से जुड़े संदेश लोगों तक पहुंचाए गए।

अभियान की पूर्व संध्या पर नोएडा के प्रमुख मार्गों को आकर्षक रोशनी से सजाया गया था। प्राधिकरण का कहना है कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसके साथ ही नागरिकों से अपील की गई कि स्वच्छता को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए इसे अपनी दैनिक दिनचर्या और जीवनशैली का हिस्सा बनाएं।