Diwali Decoration Greater Noida: दीपावली और छठ पर्व पर शहर को मिलेगा आकर्षक स्वरूप, सूरजपुर से परी चौक और तिलपता से सिरसा तक सजावटी लाइटों से रोशन हुईं रोटरी; 14 नवंबर तक बंद स्ट्रीट और हाईमास्ट लाइटें होंगी दुरुस्त
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। दीपावली और छठ पर्व के अवसर पर ग्रेटर नोएडा को रोशनी से जगमगाने और शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने विशेष अभियान शुरू किया है। सीईओ एनजी रवि कुमार के निर्देश पर शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, गोलचक्करों और रोटरी पर सजावटी लाइटें लगाई जा रही हैं। इसके साथ ही बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त कराकर चालू करने का अभियान भी चलाया जा रहा है।
प्राधिकरण का उद्देश्य त्योहारों के दौरान शहर को आकर्षक स्वरूप देने के साथ-साथ बेहतर प्रकाश व्यवस्था, सड़क सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं को मजबूत करना है।
सूरजपुर से परी चौक तक एक्सपो रोड की सात रोटरी रोशन
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के विद्युत एवं यांत्रिक विभाग की ओर से शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर सजावटी लाइटें लगाई जा रही हैं। सूरजपुर घंटाघर चौक से मोजरबियर रोटरी तक नई सजावटी लाइटें लगाई गई हैं। इसके अलावा सूरजपुर घंटाघर चौक से परी चौक तक एक्सपो रोड की सभी सात रोटरी को झालर लाइटों से सजाया गया है। 105 मीटर चौड़ी सड़क और जेपी स्टेडियम रोड की सजावटी लाइटें भी चालू कर दी गई हैं।
तिलपता चौक से सिरसा तक 130 मीटर चौड़ी सड़क की आठ रोटरी पर भी सजावटी लाइटें जगमगा रही हैं। इससे प्रमुख मार्गों और चौराहों पर त्योहारों के दौरान आकर्षक रोशनी देखने को मिलेगी।

14 नवंबर तक बंद स्ट्रीट लाइटों को ठीक करने के निर्देश
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ प्रेरणा सिंह ने बताया कि 2 से 14 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान शहर के सभी प्रमुख मार्गों, चौराहों और रोटरी पर बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों तथा हाईमास्ट लाइटों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित कर्मचारियों को प्रतिदिन शाम छह बजे से रात 12 बजे तक निगरानी करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहर के प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थलों पर अंधेरा न रहे तथा खराब लाइटों को तत्काल ठीक कराया जा सके।
प्रमुख चौराहों पर लगेंगे आधुनिक डेकोरेटिव पोल
प्राधिकरण शहर की सुंदरता बढ़ाने के लिए प्रमुख चौराहों और गोलचक्करों पर आधुनिक डिजाइन के डेकोरेटिव पोल लगाने की योजना पर भी काम कर रहा है। सार्वजनिक स्थलों, पार्किंग क्षेत्रों और प्रमुख मार्गों पर आकर्षक विद्युत सजावट की जाएगी। प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, बेहतर प्रकाश व्यवस्था से शहर की सुंदरता बढ़ने के साथ-साथ सड़क सुरक्षा और नागरिक सुविधाओं में भी सुधार होगा। दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए शुरू किया गया यह अभियान ग्रेटर नोएडा को अधिक स्वच्छ, सुंदर और रोशन शहर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

Comments (0)
Leave a Comment