IBA Delegation Meeting CM Yogi: लोक भवन लखनऊ में मुख्यमंत्री से मिले गौतमबुद्ध नगर के उद्यमी, औद्योगिक भूखंडों की ई-बिडिंग, OTS योजना, फायर स्टेशन और उद्योग हितैषी नीतियों समेत 10 प्रमुख मुद्दे उठाए
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। दादरी विधायक तेजपाल नागर के प्रयासों से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतमबुद्ध नगर के प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ स्थित लोक भवन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से महत्वपूर्ण मुलाकात की। बैठक में प्रदेश के औद्योगिक एवं एमएसएमई क्षेत्र के विकास, उद्यमियों की समस्याओं और निवेश को बढ़ावा देने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक विकास को गति देने के लिए 10 महत्वपूर्ण सुझावों का ज्ञापन मुख्यमंत्री को सौंपा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश में बेहतर कानून-व्यवस्था, निवेश के अनुकूल वातावरण और उद्योग हितैषी नीतियों के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना की।
औद्योगिक भूखंडों की ई-बिडिंग और भवन निर्माण की समस्याएं उठाईं
बैठक में IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने औद्योगिक भूखंडों की ई-बिडिंग व्यवस्था में सुधार, भवन निर्माण की निर्धारित समय-सीमा और विलंब शुल्क से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने छोटे एवं मध्यम उद्यमियों को व्यावहारिक राहत देने की आवश्यकता पर जोर दिया।प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में प्रक्रियाओं को सरल और पारदर्शी बनाने से उद्यमियों को राहत मिलेगी तथा प्रदेश में नए निवेश और उद्योगों के विस्तार को प्रोत्साहन मिलेगा।
औद्योगिक विकास के लिए मुख्यमंत्री को सौंपे 10 महत्वपूर्ण सुझाव
IBA प्रतिनिधिमंडल ने औद्योगिक एवं एमएसएमई क्षेत्र को मजबूत बनाने के लिए मुख्यमंत्री को 10 प्रमुख सुझावों का ज्ञापन सौंपा। इनमें प्रमुख रूप से निम्न प्रस्ताव शामिल रहे—
- औद्योगिक क्षेत्रों में आधुनिक फायर स्टेशन स्थापित करना।
- एक्सपोर्ट प्रमोशन सेंटर विकसित करना।
- औद्योगिक क्षेत्रों में सामुदायिक केंद्रों की स्थापना।
- उद्यमियों की समस्याओं के समाधान के लिए वन टाइम सेटलमेंट (OTS) योजना लागू करना।
- प्रभावी और सुविधाजनक सिंगल विंडो प्रणाली विकसित करना।
- विश्वस्तरीय औद्योगिक आधारभूत ढांचे का निर्माण।
- मुख्यमंत्री औद्योगिक संवाद समिति का गठन।
- मॉडल इंडस्ट्रियल एरिया विकसित करना।
- औद्योगिक भूखंडों की ई-बिडिंग व्यवस्था में सुधार।
- भवन निर्माण की समय-सीमा और विलंब शुल्क संबंधी समस्याओं का समाधान।
प्रतिनिधिमंडल ने इन सुझावों को प्रदेश में औद्योगिक विकास, निवेश विस्तार और एमएसएमई उद्यमियों को राहत देने की दिशा में महत्वपूर्ण बताया।

विधायक तेजपाल नागर का जताया आभार
इस अवसर पर IBA प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भगवान श्री बालाजी की प्रतिमा भेंट कर सम्मानित किया। बैठक में वरिष्ठ उद्यमी डॉ. चंचल वार्ष्णेय सहित IBA के अन्य सदस्य मौजूद रहे। IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने बैठक को सकारात्मक बताते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने दादरी विधायक तेजपाल नागर का विशेष आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विधायक ने उद्यमियों से किया अपना वादा निभाते हुए मुख्यमंत्री के साथ यह महत्वपूर्ण मुलाकात सुनिश्चित कराई।
IBA प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री के समक्ष उठाए गए मुद्दों और सुझावों पर आगे प्रभावी कार्रवाई होगी, जिससे प्रदेश के औद्योगिक विकास और एमएसएमई क्षेत्र को नई गति मिल सकेगी।

Comments (0)
Leave a Comment