लखनऊ/रफ़्तार टुडे ब्यूरो। उत्तर प्रदेश में सोमवार की रात एक बार फिर तबादला एक्सप्रेस की सीटी बजी और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने देर रात बड़ा फैसला लेते हुए 33 आईएएस अधिकारियों का स्थानांतरण कर दिया। इस फेरबदल में 11 जिलों के जिलाधिकारी, वाराणसी के मंडलायुक्त और सूचना निदेशक समेत कई अहम पदों पर बैठे अफसरों को नई जिम्मेदारियाँ सौंप दी गईं।
विशाल सिंह बने नए सूचना निदेशक, शिशिर की भूमिका बदली
राज्य सरकार ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिशिर को सूचना एवं संस्कृति निदेशक पद से हटाकर अब उन्हें विशेष सचिव, लघु एवं मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन विभाग के साथ-साथ खादी ग्रामोद्योग बोर्ड का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया है। उनकी जगह भदोही के जिलाधिकारी रहे विशाल सिंह को विशेष सचिव संस्कृति विभाग और नया निदेशक सूचना एवं संस्कृति नियुक्त किया गया है।
वाराणसी में बड़ा उलटफेर, डीएम से मंडलायुक्त बने एस. राजलिंगम
वाराणसी प्रशासन में भी बड़ा बदलाव किया गया है। अब तक जिलाधिकारी रहे एस. राजलिंगम को मंडलायुक्त बना दिया गया है। वहीं मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष सचिव सत्येंद्र कुमार को वाराणसी का नया डीएम नियुक्त किया गया है। खास बात यह है कि यह दूसरा मौका है जब किसी डीएम को ही प्रमोट कर मंडलायुक्त बनाया गया है। इससे पहले कौशलराज शर्मा को भी डीएम से मंडलायुक्त बनाया गया था, जिन्हें अब मुख्यमंत्री सचिवालय में सचिव की जिम्मेदारी मिली है।

बरेली, अंबेडकर नगर, झांसी, गाजीपुर, महोबा में भी बदलाव
अविनाश सिंह को अंबेडकर नगर से हटाकर बरेली का डीएम बनाया गया है। उनकी जगह अनुपम शुक्ला को डीएम अंबेडकर नगर नियुक्त किया गया है। गाजीपुर में आर्यका अखौरी की जगह अब अविनाश कुमार नए डीएम होंगे, जबकि मृदुल चौधरी को झांसी और गजल भारद्वाज को महोबा का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। संतकबीर नगर में आलोक कुमार और कुशीनगर में महेंद्र सिंह तंवर को जिलाधिकारी बनाया गया है।
हापुड़, मेरठ और आजमगढ़ में भी अहम बदलाव
हापुड़ की डीएम प्रेरणा शर्मा को निदेशक सूडा बनाया गया है, वहीं अभिषेक पांडे को मेरठ विकास प्राधिकरण से हटाकर डीएम हापुड़ नियुक्त किया गया है। संजय कुमार मीणा गोरखपुर के सीडीओ से मेरठ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष बने हैं। वहीं बरेली के सेकंड डीएम रहे रविंद्र कुमार को आजमगढ़ का नया डीएम बनाया गया है, और आजमगढ़ के डीएम नवनीत सिंह चहल को मुख्यमंत्री कार्यालय में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है।

लखनऊ, प्रयागराज, मुरादाबाद समेत अन्य जगहों पर भी नियुक्तियां
लखनऊ के नगर आयुक्त इंद्रजीत सिंह को विशेष सचिव ऊर्जा और यूपीनेडा का निदेशक नियुक्त किया गया है। उनकी जगह प्रयागराज के मुख्य विकास अधिकारी गौरव कुमार को लखनऊ नगर आयुक्त बनाया गया है। हर्षिका सिंह को चंदौली से प्रयागराज सीडीओ नियुक्त किया गया है। वहीं, मुरादाबाद विकास प्राधिकरण में शैलेश कुमार को डीएम भदोही, अनुभव सिंह को उपाध्यक्ष मुरादाबाद और शाहिद अहमद को सीडीओ श्रावस्ती बनाया गया है।
खादी, मेडिकल, कौशल विकास से जुड़े विभागों में भी सर्जरी
एमएसएमई विभाग में डॉ. उज्ज्वल कुमार को यूपी मेडिकल सप्लाई कॉरपोरेशन का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वहीं पुलकित खरे को मिशन निदेशक, कौशल विकास मिशन बनाया गया है। जगदीश को सचिव गृह, अभय को सदस्य (न्यायिक) राजस्व परिषद और डॉ. वेदपति मिश्रा को उत्तर प्रदेश राज्य सूचना आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है।

प्रशासनिक सर्जरी का उद्देश्य—सरकार की प्राथमिकताओं को जमीन पर उतारना
यह तबादले केवल पदों की अदला-बदली नहीं बल्कि योगी सरकार की उन प्राथमिकताओं को दर्शाते हैं, जो विकास, कानून व्यवस्था और पारदर्शिता को लेकर लगातार जमीन पर उतारने की कोशिश कर रही है। इन तबादलों से कई जिलों में प्रशासनिक गति बढ़ेगी और नई ऊर्जा के साथ काम करने वाले अफसरों को मौका मिलेगा।
रफ़्तार टुडे का विश्लेषण
इस व्यापक तबादले को राजनीतिक नजरिए से भी देखा जा रहा है क्योंकि 2024 के लोकसभा चुनावों के बाद सरकार अपने प्रशासनिक ढांचे को और मजबूत बनाने की दिशा में जुटी है। विशेष सचिव से लेकर डीएम और मंडलायुक्त स्तर के अधिकारियों की नियुक्ति एक बड़ा संकेत है कि प्रदेश सरकार अपने मिशन मोड में है।
#UPIASTransfer #IASReshuffle #UPGovernment #YogiAdityanath #AdministrativeChange #TadbadlaExpress #RaftarToday #UPNews #Varanasi #Lucknow #Bareilly #Azamgarh #IASNews #Shishir #VishalSingh #YogiSarkar #GoodGovernance #BureaucracyUpdates #RaftaarSeKhabar #WhatsAppNews #RaftarTodayUpdates #BreakingNews #UPTopNews #GovernmentOrders #UPAdministration
? Raftar Today व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को टच करें।
Follow the Raftar Today channel on WhatsApp
Twitter (X): Raftar Today (@raftartoday)

Comments (0)
Leave a Comment