25 सितंबर से इंडिया एक्सपो मार्ट में शुरू होगा ट्रेड शो, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की अधिकाधिक भागीदारी पर जोर

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, उत्पादों, कला और संस्कृति को व्यापक मंच देने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 की तैयारियां तेज हो गई हैं। ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आयोजन 25 सितंबर से इंडिया एक्सपो मार्ट, ग्रेटर नोएडा में किया जाएगा। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन और संबंधित विभागों की ओर से तैयारियों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है।

इसी क्रम में डीएम मेधा रूपम ने जनपद के विभिन्न स्कूल-कॉलेजों के प्रतिनिधियों और संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में उन्होंने शिक्षण संस्थानों से अधिक से अधिक विद्यार्थियों को यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में शामिल होने के लिए प्रेरित करने और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

विद्यार्थियों के लिए क्विज और बैटल ऑफ द बैंड्स प्रतियोगिता

बैठक में शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधियों को बताया गया कि ट्रेड शो में विद्यार्थियों की भागीदारी को आकर्षक और ज्ञानवर्धक बनाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें क्विज और ‘बैटल ऑफ द बैंड्स’ जैसी प्रतियोगिताएं प्रमुख रूप से शामिल हैं। इसके अलावा विद्यार्थियों को विभिन्न टास्क भी दिए जाएंगे। निर्धारित टास्क पूरा करने वाले विद्यार्थियों को ‘ट्रेड एक्सपो पासपोर्ट’ प्रदान किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य विद्यार्थियों को ट्रेड शो के विभिन्न पहलुओं से जोड़ना और उन्हें आयोजन के माध्यम से सीखने का अवसर उपलब्ध कराना है।

डीएम मेधा रूपम ने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो विद्यार्थियों के लिए उद्योग, व्यापार, नई तकनीक, रोजगार और करियर के विभिन्न अवसरों को करीब से समझने का महत्वपूर्ण मंच है। ट्रेड शो में भाग लेने से विद्यार्थियों को अपने ज्ञान एवं कौशल का विस्तार करने के साथ-साथ उद्योग जगत की कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिलेगा।

एक छत के नीचे दिखेगी उत्तर प्रदेश की क्राफ्ट, कल्चर और कुजीन

यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के माध्यम से उत्तर प्रदेश की क्राफ्ट, कल्चर और कुजीन को व्यापक मंच प्रदान किया जाएगा। आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों के उत्पादों को एक ही छत के नीचे प्रदर्शित किया जाएगा। इसके साथ ही स्थानीय हस्तशिल्प और उत्पादों की ब्रांडिंग, उद्यमियों एवं खरीदारों के बीच संपर्क तथा व्यापारिक अवसरों को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।

वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) के तहत विभिन्न जनपदों के विशिष्ट उत्पादों, स्थानीय कारीगरों और उद्यमियों को अपने उत्पादों को व्यापक बाजार से जोड़ने का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय उत्पादों की पहचान को मजबूत करने और उन्हें बड़े बाजार तक पहुंचाने में मदद मिलने की उम्मीद है।

प्रदेश की कला, संस्कृति और खान-पान से रूबरू होंगे आगंतुक

ट्रेड शो में आने वाले आगंतुकों को उत्तर प्रदेश की समृद्ध विरासत, परंपराओं, कला और संस्कृति के साथ-साथ प्रदेश के विविध खान-पान से परिचित कराने के लिए भी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। आयोजन के जरिए उत्तर प्रदेश के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और वैश्विक बाजार से जोड़ने, उद्यमियों को नए व्यापारिक अवसर उपलब्ध कराने तथा MSME और स्टार्टअप्स को प्रोत्साहित करने पर जोर रहेगा। प्रदेश की कला, संस्कृति और विरासत को भी व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया जाएगा।

विद्यार्थियों की सहभागिता के साथ सुविधाओं पर भी जोर

बैठक के दौरान डीएम मेधा रूपम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्कूल-कॉलेजों के प्रबंधन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए विद्यार्थियों की अधिकाधिक सहभागिता सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने यह भी कहा कि विद्यार्थियों के आवागमन और ट्रेड शो में उनकी भागीदारी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं समय से सुनिश्चित की जाएं। शिक्षण संस्थानों और संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर विद्यार्थियों की यात्रा, सहभागिता और सुरक्षा से जुड़ी आवश्यक व्यवस्थाओं को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने पर जोर दिया गया। यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 के आयोजन को लेकर प्रशासन की तैयारियों के बीच स्कूल-कॉलेजों के विद्यार्थियों की भागीदारी को विशेष महत्व दिया जा रहा है। प्रशासन का उद्देश्य है कि विद्यार्थी ट्रेड शो को केवल एक प्रदर्शनी के रूप में न देखें, बल्कि उद्योग, व्यापार, तकनीक और रोजगार के बदलते अवसरों को समझने के लिए इसे एक उपयोगी अनुभव के रूप में भी ग्रहण करें।