विद्युत उत्पादन, परिचालन दक्षता और हरित ऊर्जा के क्षेत्र में एनटीपीसी दादरी के योगदान को सराहा गया, कार्यकारी निदेशक समीर शर्मा ने स्टेशन को एनटीपीसी का नंबर-1 स्टेशन बनाने का किया आह्वान
दादरी, रफ़्तार टूडे एनटीपीसी दादरी में 9 नवंबर 2026 को स्थापना दिवस समारोह उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अधिकारियों, कर्मचारियों, सीआईएसएफ के जवानों और संविदा श्रमिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समारोह के माध्यम से एनटीपीसी दादरी की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों और विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में उसके महत्वपूर्ण योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ एनटीपीसी दादरी के कार्यकारी निदेशक एवं परियोजना प्रमुख श्री समीर शर्मा ने एनटीपीसी का ध्वज फहराकर किया। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबोधित किया।
अपने संबोधन में श्री समीर शर्मा ने एनटीपीसी दादरी की वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर प्रकाश डालते हुए स्टेशन की प्रमुख उपलब्धियों और देश के विद्युत क्षेत्र में इसके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्युत उत्पादन के साथ-साथ परिचालन दक्षता, बायोमास सह-दहन और हरित ऊर्जा को बढ़ावा देने के क्षेत्र में भी एनटीपीसी दादरी निरंतर प्रयास कर रहा है।
उन्होंने कर्मचारियों से सुरक्षा मानकों का पूरी गंभीरता से पालन करने, टीम भावना के साथ काम करने और अपने दायित्वों के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सामूहिक प्रयासों के जरिए दादरी स्टेशन को एनटीपीसी का नंबर-1 स्टेशन बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने के लिए प्रेरित किया।

स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर उत्कृष्ट कार्य और उल्लेखनीय योगदान देने वाले कर्मचारियों एवं संविदा श्रमिकों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस सम्मान समारोह के जरिए संस्थान की प्रगति में योगदान देने वाले कर्मियों के समर्पण, मेहनत और कार्यक्षमता को सराहा गया। कार्यक्रम का समापन केक काटकर किया गया। इस दौरान उपस्थित लोगों ने एक-दूसरे को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और एनटीपीसी दादरी की निरंतर प्रगति एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
समारोह में श्री संजय कुमार, महाप्रबंधक (ओएंडएम), एनटीपीसी दादरी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी, सीआईएसएफ के जवान, जागृति समाज के पदाधिकारी, विभिन्न यूनियन एवं एसोसिएशन के प्रतिनिधि तथा संविदा श्रमिक मौजूद रहे।

Comments (0)
Leave a Comment