दीपोत्सव में जगमगाई नोएडा फेस-2 मंडी, अन्नदाता किसानों का हुआ सम्मान

नोएडा, रफ़्तार टूडे। धनतेरस के पावन अवसर पर शुक्रवार को नोएडा फेस-2 स्थित कृषि उत्पादन मंडी समिति में दीपोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। ‘स्वच्छ मंडी, शुभ मंडी’ अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में दीपों की रोशनी, रंगोली और किसानों के सम्मान के साथ स्वच्छता, समृद्धि एवं खुशहाली का संदेश दिया गया। दीपोत्सव के दौरान मंडी परिसर जगमग रोशनी से नहा उठा और अन्नदाता किसानों के योगदान को विशेष रूप से सराहा गया।

स्वच्छता और हरियाली से सजी मंडी

नोएडा फेस-2 मंडी सचिव पंकज कुमार शर्मा ने बताया कि दीपोत्सव की तैयारियों के तहत पिछले कई दिनों से पूरे मंडी परिसर में व्यापक साफ-सफाई अभियान चलाया गया। मंडी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने के साथ हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से परिसर में विभिन्न स्थानों पर हरे-भरे पौधे भी लगाए गए। कार्यक्रम के दौरान रंग-बिरंगे गुलाल से आकर्षक रंगोली बनाई गई और दीप प्रज्ज्वलन के माध्यम से त्योहार की खुशियां साझा की गईं।

अन्नदाता किसानों के योगदान को किया सम्मानित

दीपोत्सव कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, दादरी के पूर्व विधायक सतवीर नागर, फोनरवा अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा तथा मंडी सभापति एवं नगर मजिस्ट्रेट सहित अनेक गणमान्य लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि कैप्टन विकास गुप्ता ने कहा कि अन्नदाता किसानों की मेहनत और परिश्रम से ही देश एवं प्रदेश में उन्नति और प्रगति का मार्ग प्रशस्त होता है। किसानों का सम्मान एवं उनका प्रोत्साहन बढ़ाना समाज और सरकार की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

इस अवसर पर नोएडा मंडी समिति की ओर से कृषि उपज का विक्रय करने वाले दर्जनों किसानों को सम्मानित किया गया। किसानों को सम्मानित कर कृषि क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान, परिश्रम और समर्पण के प्रति आभार व्यक्त किया गया। साथ ही मंडी समिति की ओर से प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित लोगों को दी गई।

किसानों, व्यापारियों और कर्मचारियों की मेहनत से मंडी को मिली नई पहचान

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य लोगों ने मंडी सचिव पंकज कुमार शर्मा, मंडी समिति के कर्मचारियों, व्यापारियों और किसान भाइयों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि नोएडा फेस-2 मंडी आज किसानों की मेहनत, व्यापारियों के सहयोग और कर्मचारियों के समर्पण के बल पर अपनी नई पहचान स्थापित कर रही है। दीपोत्सव के दौरान मंच पर सम्मानित हुए किसानों, व्यापारियों एवं कर्मचारियों ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और मंडी समिति परिवार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की यह पहल सराहनीय है, जिसमें किसानों, व्यापारियों और कर्मचारियों के परिश्रम को सम्मान दिया जा रहा है।

इस अवसर पर किसानों और व्यापारियों ने संकल्प व्यक्त किया कि वे नोएडा फेस-2 मंडी की प्रतिष्ठा और विकास को आगे बढ़ाने के लिए पूरी मेहनत एवं समर्पण से कार्य करेंगे। उन्होंने देश और प्रदेश की आर्थिक एवं कृषि प्रगति में अपना योगदान निरंतर जारी रखने का भरोसा भी जताया। दीपोत्सव का यह आयोजन स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, किसान सम्मान और सामूहिक सहयोग का संदेश देते हुए उत्साह एवं उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।