कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री ने परिवार और ग्रामीणों के साथ किया गोवर्धन पूजन, जन्मभूमि और पारिवारिक परंपराओं से जुड़ाव की दिखाई झलक; दीपक भाटी चोटीवाला और संदीप नागर के नेतृत्व में हुआ आत्मीय अभिनंदन
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट अपने पैतृक गांव वैदपुरा पहुंचे। प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी उन्होंने अपने पैतृक आवास पर परिवारजनों और ग्रामीणों के साथ पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार गोवर्धन पूजन किया तथा क्षेत्रवासियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की मंगलकामना की।
सचिन पायलट के गांव आगमन पर गौतमबुद्ध नगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय क्षेत्रवासियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। स्वर्गीय राजेश पायलट गोलचक्कर पर जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला के नेतृत्व में कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। वहीं, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य संदीप नागर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय क्षेत्रवासियों ने भी पुष्पमालाओं एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय अभिनंदन किया।
वैदपुरा से सचिन पायलट का गहरा पारिवारिक जुड़ाव
सचिन पायलट का अपने पैतृक गांव वैदपुरा से गहरा भावनात्मक एवं पारिवारिक संबंध रहा है। व्यस्त राजनीतिक एवं सार्वजनिक जीवन के बावजूद वह प्रत्येक वर्ष गोवर्धन पूजा के अवसर पर अपने गांव पहुंचकर पारिवारिक परंपराओं का निर्वहन करते हैं। उनका यह वार्षिक आगमन अपनी जन्मभूमि, पारिवारिक विरासत, ग्रामीण संस्कृति और परंपराओं के प्रति उनके विशेष लगाव को दर्शाता है। गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों में उनके प्रति विशेष अपनत्व और उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों ने उनसे मुलाकात कर गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं। स्वागत कार्यक्रम में पारिवारिक आत्मीयता, ग्रामीण संस्कृति और सामाजिक सद्भाव का वातावरण दिखाई दिया।
राजेश पायलट की विरासत और किसानों से जुड़ाव का किया उल्लेख
इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि सचिन पायलट का गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर अपने पैतृक गांव वैदपुरा आगमन कांग्रेसजनों एवं क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय राजेश पायलट का इस क्षेत्र की मिट्टी, किसानों और आम जनमानस से गहरा रिश्ता रहा है। उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में सदैव ग्रामीण समाज और किसानों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। आज सचिन पायलट उसी पारिवारिक विरासत और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं।
दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कितनी भी ऊंचाइयों पर पहुंचने के बावजूद अपनी जन्मभूमि, गांव और परंपराओं को याद रखना भारतीय संस्कृति का मूल आधार है। सचिन पायलट का प्रत्येक वर्ष गोवर्धन पूजा पर अपने पैतृक गांव पहुंचना इसी आत्मीय रिश्ते का परिचायक है। उन्होंने जिला कांग्रेस कमेटी गौतमबुद्ध नगर की ओर से सचिन पायलट का हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए जनपदवासियों को गोवर्धन पूजा की शुभकामनाएं दीं।

अपनी मिट्टी और संस्कृति से अटूट लगाव का प्रतीक: संदीप नागर
उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य संदीप नागर ने कहा कि स्वर्गीय राजेश पायलट की स्मृतियां आज भी इस क्षेत्र के लोगों के हृदय में जीवित हैं। सचिन पायलट का अपने पैतृक गांव से निरंतर जुड़ाव क्षेत्रवासियों के लिए विशेष आत्मीयता का विषय है। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा के अवसर पर सचिन पायलट का गांव आना केवल पारिवारिक परंपरा नहीं, बल्कि अपनी मिट्टी, संस्कृति और अपने लोगों के प्रति अटूट लगाव का प्रतीक है। उन्होंने क्षेत्रवासियों की ओर से सचिन पायलट का हृदय से स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण रहे मौजूद
स्वर्गीय राजेश पायलट गोलचक्कर पर आयोजित स्वागत कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय ग्रामीणों की बड़ी संख्या में उपस्थिति रही। इस अवसर पर प्रमुख रूप से गौतम अवाना, रामकुमार तंवर, संदीप नागर, विजय नागर, बिंदर नागर, गौरव नागर, मुकेश शर्मा, सतीश शर्मा, चरण सिंह, किशन शर्मा, करण सिंह एमपी, अरुण भाटी, अरविंद रेक्सवाल, देवेंद्र भाटी, मोहित भाटी एडवोकेट, कपिल भाटी, रमेश बघेल, नीरज शर्मा, अमित कुमार, संदीप भाटी, राजसिंह, रूपेश भाटी, बिन्नू भाटी, सुबोध भट्ट, मोहम्मद रजा, असगर अली, जगदीश नागर और रन सिंह प्रधान सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।
सचिन पायलट के वैदपुरा आगमन के दौरान गांव और क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल रहा। गोवर्धन पूजा के धार्मिक उल्लास के बीच अपनी जन्मभूमि से उनके जुड़ाव और स्थानीय लोगों के आत्मीय स्वागत ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।

Comments (0)
Leave a Comment