राष्ट्रीय पोषण माह के तहत Radio Amity 107.8 FM की पहल, आंगनवाड़ी केंद्र पर समुदाय के साथ संवाद कर पोषण के महत्व को समझाया

नोएडा, रफ़्तार टूडे। ‘सेहत सही, लाभ कई’ अभियान के अंतर्गत 9वें राष्ट्रीय पोषण माह 2026 के अवसर पर Radio Amity 107.8 FM की टीम ने भंगेल स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर विशेष पोषण जागरूकता गतिविधि आयोजित की। इस दौरान समुदाय के लोगों को संतुलित एवं विविधतापूर्ण आहार के महत्व के बारे में जानकारी दी गई और पोषण पोटली का वितरण किया गया।

इस वर्ष राष्ट्रीय पोषण माह 9 सितंबर से 8 अक्टूबर 2026 तक मनाया जा रहा है। इसकी थीम “हमारी आँगनवाड़ी, हमारी ज़िम्मेदारी” रखी गई है। अभियान का उद्देश्य समुदाय में पोषण को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ बच्चों, महिलाओं और किशोरों के स्वास्थ्य से जुड़े बेहतर खान-पान एवं जीवनशैली संबंधी व्यवहारों को प्रोत्साहित करना है।

Radio Amity की टीम ने किया समुदाय से संवाद

भंगेल स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर आयोजित गतिविधि में Radio Amity 107.8 FM की रेडियो होस्ट RJ Deepika, RJ Priya और RJ Rudra ने स्थानीय समुदाय के साथ संवाद किया। उन्होंने लोगों को दैनिक जीवन में पौष्टिक और संतुलित भोजन को शामिल करने के बारे में जानकारी दी। इस दौरान आंगनवाड़ी कार्यकर्त्री और आंगनवाड़ी सहायिका ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहयोग किया।

कार्यक्रम के दौरान लोगों को बताया गया कि स्वस्थ रहने के लिए केवल पेट भरना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि भोजन में पर्याप्त विविधता और संतुलन होना भी जरूरी है। शरीर को ऊर्जा, प्रोटीन, विटामिन, खनिज और अन्य आवश्यक पोषक तत्व अलग-अलग खाद्य पदार्थों से प्राप्त होते हैं। इसलिए दैनिक भोजन में विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों को शामिल करना स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण है।

स्थानीय और मौसमी खाद्य पदार्थों को आहार में शामिल करने की अपील

जागरूकता गतिविधि के दौरान लोगों को अपने दैनिक आहार में अनाज, दालें, हरी सब्जियां, मौसमी फल, दूध-दही तथा स्थानीय स्तर पर आसानी से उपलब्ध पौष्टिक खाद्य पदार्थों को शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया। टीम ने समझाया कि संतुलित भोजन के लिए महंगे खाद्य पदार्थों पर निर्भर रहने के बजाय स्थानीय और मौसमी विकल्पों को भी आहार का हिस्सा बनाया जा सकता है। पोषण पोटली के माध्यम से भी लोगों तक पौष्टिक भोजन और संतुलित आहार का संदेश पहुंचाया गया। इस पहल का उद्देश्य पोषण संबंधी जानकारी को केवल बातचीत तक सीमित न रखते हुए उसे समुदाय के दैनिक जीवन से जोड़ना रहा।

महिलाओं और बच्चों के पोषण पर विशेष जोर

राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं, बच्चों और किशोरों के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े बेहतर व्यवहारों को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। इस दिशा में आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है, क्योंकि इनके माध्यम से समुदाय के बीच स्वास्थ्य और पोषण से संबंधित जरूरी जानकारी पहुंचाई जाती है।

आंगनवाड़ी केंद्र स्थानीय स्तर पर महिलाओं और बच्चों से सीधे जुड़े होने के कारण पोषण जागरूकता के प्रभावी माध्यम के रूप में काम करते हैं। यहां आयोजित ऐसी गतिविधियां परिवारों को संतुलित खान-पान, बच्चों के पोषण और स्वस्थ आदतों के प्रति जागरूक करने में मदद करती हैं।

‘सेहत सही, लाभ कई’ अभियान के तहत लगातार प्रयास

Radio Amity 107.8 FM की ओर से आयोजित यह गतिविधि ‘सेहत सही, लाभ कई’ अभियान के तहत पोषण को लेकर समुदाय में जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक पहल रही। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि स्वस्थ शरीर और बेहतर जीवनशैली की नींव संतुलित एवं पौष्टिक भोजन से जुड़ी है। पोषण पोटली जैसी सामुदायिक गतिविधियों के जरिए पोषण संबंधी संदेश को लोगों तक सरल तरीके से पहुंचाने और आंगनवाड़ी केंद्रों की भूमिका को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है। राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम समुदाय में स्वस्थ खान-पान की आदतों को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।