नोएडा, रफ़्तार टूडे। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी की अध्यक्षता में 22 सितंबर 2026 को समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण, उद्यानों की स्थिति, आईजीआरएस शिकायतों, सड़कों की मरम्मत एवं रिसर्फेसिंग, कूड़ा उठान और निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। विभिन्न क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान मिली कमियों पर अधिकारियों को तत्काल सुधार के साथ जिम्मेदार एजेंसियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में नोएडा प्राधिकरण की दोनों अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीमती वंदना त्रिपाठी एवं श्री पुष्पराज सिंह सहित विशेष कार्याधिकारी, महाप्रबंधक (सिविल), महाप्रबंधक (विद्युत/यांत्रिक), संबंधित विभागों के वरिष्ठ प्रबंधक और अन्य अधिकारी मौजूद रहे। बैठक से पहले प्राधिकरण के दोनों अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारियों, विशेष कार्याधिकारी (केएनएसओ) एवं विशेष कार्याधिकारी (आईटी) को अलग-अलग क्षेत्रों के निरीक्षण के निर्देश दिए गए थे। निरीक्षण में सामने आई कमियों की समीक्षा के बाद संबंधित अधिकारियों को सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

सेक्टर-19 में पार्क की खराब स्थिति पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी

निरीक्षण के दौरान सेक्टर-19 के बी-ब्लॉक शनि बाजार स्थित पार्क में हॉर्टिकल्चर वेस्ट पड़ा मिला। इस पर संबंधित उद्यान कार्य की संविदाकार संस्था पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सेक्टर-19 के कुछ अन्य पार्कों में भी गंदगी पाई गई। इस पर संबंधित उद्यान निरीक्षक एवं सहायक निदेशक (उद्यान) का एक दिन का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। संबंधित उद्यान सुपरवाइजर को भी सेवा समाप्ति संबंधी कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया।

शौचालयों की सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश

निरीक्षण के दौरान विभिन्न शौचालयों में अनुरक्षण एवं सफाई व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाए जाने पर सभी शौचालयों को 15 अक्टूबर 2026 तक सुचारु रूप से संचालित कराने के निर्देश दिए गए। संबंधित एजेंसी को व्यवस्था सुधारने और इसका प्रमाण उपलब्ध कराने को कहा गया। निर्धारित समय तक सभी शौचालयों का संचालन सुनिश्चित नहीं होने पर संबंधित प्रबंधक एवं वरिष्ठ प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।

निठारी रोड और सेक्टर-145 की सड़कों पर भी कार्रवाई

निठारी रोड पर ग्राम निठारी के सामने सेंट्रल वर्ज में कूड़ा एकत्रित पाया गया। इसके लिए संबंधित संस्था पर 5 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित उद्यान निरीक्षक का एक दिन का वेतन काटने और कारण बताओ नोटिस जारी करने को कहा गया।

वहीं सेक्टर-145 में ऊंच साइट की ओर जाने वाला पुश्ता मार्ग अत्यधिक क्षतिग्रस्त अवस्था में पाया गया। अधिकारियों को इस मार्ग की मरम्मत को प्राथमिकता के आधार पर कराने के निर्देश दिए गए।

सेक्टर-43 में कूड़ा मिलने पर एजेंसी पर कार्रवाई

सेक्टर-43 में गोदरेज सोसाइटी के समीप डोर-टू-डोर वेस्ट कलेक्शन एजेंसी के कॉम्पेक्टर प्वाइंट के पास काफी मात्रा में कूड़ा एकत्रित पाया गया। इस पर संबंधित एजेंसी पर पेनल्टी लगाने के साथ संबंधित नियमित स्वास्थ्य निरीक्षक का एक सप्ताह का वेतन काटने और नियमित सफाई सुपरवाइजर का एक माह का वेतन रोकने के निर्देश दिए गए।

बरौला में अवैध निर्माण पर ध्वस्तीकरण के निर्देश

निरीक्षण के दौरान ग्राम बरौला में अवैध निर्माण होता पाया गया। संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक द्वारा बताया गया कि इस अतिक्रमण के खिलाफ एफआईआर दर्ज है और धारा-10 का नोटिस भी जारी किया गया है। बैठक में मामले की उच्च प्राथमिकता पर समीक्षा करते हुए अवैध निर्माण को रुकवाने और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के निर्देश दिए गए। संबंधित अवर अभियंता एवं सुपरवाइजर को हटाने के निर्देश भी दिए गए।

सड़कों की मरम्मत 20 अक्टूबर तक पूरी करने का आदेश

वर्षा ऋतु के दौरान नोएडा में कई स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त हुई हैं। बैठक में निर्देश दिए गए कि प्रत्येक वर्क सर्किल के अंतर्गत आने वाली सभी सड़कों की मरम्मत और रिसर्फेसिंग का कार्य 20 अक्टूबर 2026 तक पूरा कराया जाए। इसके बाद भी यदि कोई कार्य लंबित पाया जाता है तो संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक एवं प्रबंधक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

आईजीआरएस शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण

बैठक में आईजीआरएस शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को कहा गया कि शिकायतों का केवल औपचारिक निस्तारण न हो, बल्कि मौके पर समस्या के वास्तविक समाधान को प्राथमिकता दी जाए।

सेक्टर-27 में गंदगी पाए जाने के मामले में संबंधित स्वास्थ्य निरीक्षक का एक दिन का वेतन काटने और स्वास्थ्य सुपरवाइजर के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

GVP प्वाइंट और कूड़ा उठान पर भी सख्ती

शहर में जगह-जगह मुख्य मार्गों पर GVP (Garbage Vulnerable Point) बनने और समय से कूड़ा न उठाए जाने के मामले को भी गंभीरता से लिया गया। डोर-टू-डोर कलेक्शन एजेंसी मेसर्स एजी इनवायरो पर 25 लाख रुपये की पेनल्टी लगाने के लिए निर्देशित किया गया।

इसके अलावा ग्राम सलारपुर के पीछे एक्वा लाइन मेट्रो कॉरिडोर के नीचे पुश्ता मार्ग अत्यंत क्षतिग्रस्त पाया गया। इस मार्ग की मरम्मत एवं सुदृढ़ीकरण को प्राथमिकता पर कराने के निर्देश दिए गए।

एमपी-3 और अन्य मार्गों की मरम्मत पर जोर

सेक्टर-71 अंडरपास से हिंडन पुल तक एमपी-3 मार्ग पर कई स्थानों पर सड़क क्षतिग्रस्त पाई गई। इसकी उच्च प्राथमिकता पर मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। वहीं सेक्टर-121 के सामने हिंडन पुश्ता पर कबाड़ियों द्वारा काफी मात्रा में कूड़ा-कबाड़ एकत्रित किए जाने पर विशेष अभियान चलाकर उसे साफ कराने और कूड़ा फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

एमपी-3 पर अवैध वेंडिंग हटाने के निर्देश

एमपी-3 मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर अनधिकृत वेंडरों की समस्या भी समीक्षा के दौरान सामने आई। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने सभी वर्क सर्किलों को निर्देश दिया कि एक महीने के भीतर अभियान चलाकर अवैध वेंडिंग जोन को चिन्हित करते हुए अनधिकृत वेंडरों को हटाया जाए और उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जाए। एक माह बाद यदि किसी क्षेत्र में अवैध वेंडिंग पाई जाती है तो संबंधित वरिष्ठ प्रबंधक की जवाबदेही तय करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सेक्टर-138/140 में अवैध निर्माण पर तत्काल कार्रवाई

सेक्टर-138/140 में अवैध निर्माण पाए जाने पर उसे तत्काल रुकवाने के निर्देश दिए गए। साथ ही संबंधित क्षेत्र के अवर अभियंता एवं सुपरवाइजर को हटाने के निर्देश भी जारी किए गए।

नोएडा प्राधिकरण की इस समीक्षा बैठक में सफाई, कूड़ा प्रबंधन, सड़कों की स्थिति, अतिक्रमण और अवैध निर्माण को लेकर अधिकारियों की जवाबदेही तय करने पर जोर दिया गया। निरीक्षण में सामने आई कमियों पर आर्थिक दंड से लेकर वेतन कटौती और विभागीय कार्रवाई तक के निर्देश दिए गए हैं।