ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के प्रांगण में शनिवार को भव्य ध्वजारोहण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने तिरंगा फहराया। इस दौरान प्राधिकरण के वरिष्ठ अधिकारियों, कर्मचारियों और स्कूली छात्र-छात्राओं ने राष्ट्र के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। समारोह में स्कूली बच्चों की देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया।

ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इसके बाद प्राधिकरण के ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं अधिकारियों का संबोधन आयोजित किया गया।

‘आजादी विरासत में मिली, लेकिन राष्ट्र निर्माण हर पीढ़ी की जिम्मेदारी’

मुख्य अतिथि एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि देश की आजादी हमें विरासत में मिली है, लेकिन राष्ट्र का निर्माण विरासत में नहीं मिलता। इसके लिए हर पीढ़ी को अपने हिस्से का योगदान देना पड़ता है। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण केवल सड़क, भवन और सेक्टर विकसित करने वाली संस्था नहीं है, बल्कि प्राधिकरण द्वारा लिए गए फैसलों का सीधा प्रभाव आने वाली पीढ़ियों पर पड़ता है।

ACEO IAS सौम्य श्रीवास्तव

उन्होंने कहा, “हम आज जो सड़कें बनाएंगे, उन पर आने वाली पीढ़ियां चलेंगी। उद्योगों के लिए जब किसी को जमीन उपलब्ध कराई जाती है तो वहां केवल फैक्ट्री नहीं लगती, बल्कि रोजगार के नए अवसर पैदा होते हैं। आवासीय सेक्टरों में केवल मकान नहीं बनते, बल्कि परिवार बसते हैं।” एसीईओ ने अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी को रेखांकित करते हुए कहा कि प्राधिकरण की फाइलें महज कागज के टुकड़े नहीं होतीं। किसी एक फाइल के पीछे किसी व्यक्ति का रोजगार, किसी परिवार का सपना या किसी उद्यमी की उम्मीद जुड़ी हो सकती है। इसलिए प्रत्येक कर्मचारी को अपने दायित्व को पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ निभाना चाहिए।

ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही जरूरी

सौम्य श्रीवास्तव ने कहा कि किसी भी संस्था को बेहतर बनाने के लिए अनुभव और आधुनिक तकनीक के बीच बेहतर तालमेल आवश्यक है और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पास इन दोनों का समन्वय मौजूद है। उन्होंने कहा कि किसी भी कार्य को प्रभावी ढंग से पूरा करने के लिए ईमानदारी, संवेदनशीलता और जवाबदेही बेहद जरूरी हैं। उन्होंने कर्मचारियों का आह्वान करते हुए कहा कि तिरंगे का सम्मान केवल उसे सलामी देने तक सीमित नहीं है, बल्कि हमें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसे पूरी ईमानदारी से निभाना भी तिरंगे का सम्मान है।

एसीईओ श्रीलक्ष्मी ने दिलाया कर्तव्य का संकल्प

एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने कहा कि प्रत्येक नागरिक को आजादी के वास्तविक मूल्य को समझना चाहिए। स्वतंत्रता सेनानियों ने लंबे संघर्ष और त्याग के बाद देश को आजादी दिलाई है। अब जिम्मेदारी हमारी है कि हम आजाद भारत को लगातार आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सामने भी कई चुनौतियां हैं। इन चुनौतियों से निपटने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को टीम भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा। उन्होंने कर्मचारियों से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को समझते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

ACEO IAS श्री लक्ष्मी

स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीतों से बांधा समां

समारोह में सावित्रीबाई फुले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया।

बच्चों ने ‘वंदे मातरम्’, ‘वतन ये हमारा है प्यारा हिंदुस्तान’, ‘मिट्टी के बेटे’, ‘इक तेरा नाम है सांचा’ और ‘दिल दिया है, जान भी देंगे’ जैसे देशभक्ति गीतों पर शानदार प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों को उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने खूब सराहा। कार्यक्रम में हिस्सा लेने वाले सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया गया।

स्वतंत्रता सेनानियों को किया याद

कार्यक्रम में प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक ने स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद किया। वहीं ओएसडी मुकेश कुमार सिंह ने कविता के माध्यम से देश के सामने मौजूद चुनौतियों और नागरिकों की जिम्मेदारियों को सामने रखा। कार्यक्रम का संचालन ओएसडी अर्चना द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर जीएम वित्त स्वतंत्र गुप्ता, ओएसडी लवनीत कौर, प्रधान महाप्रबंधक संदीप चंद्रा, डीजीएम विजय रावल, ग्रेटर नोएडा एम्पलाइज एसोसिएशन के अध्यक्ष सोनू भड़ाना सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

समारोह में सावित्रीबाई फुले बालिका इंटर कॉलेज, मंथन और केंद्रीय विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से माहौल को राष्ट्रभक्ति से भर दिया

ग्रेटर नोएडा वेस्ट कार्यालय में भी फहराया गया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित प्राधिकरण के कार्यालय में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यहां एसीईओ सुनील कुमार सिंह, ओएसडी गुंजा सिंह सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में तिरंगा फहराया गया। इस दौरान देशभक्ति से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। कार्यक्रम में वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर और वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

ACEO सुनील कुमार सिंह, ओएसडी गुंजा सिंह सहित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मौजूदगी में तिरंगा फहराया गया तथा वरिष्ठ प्रबंधक प्रभात शंकर और वरिष्ठ प्रबंधक राजेश निम रहे मौजूद

स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। समारोह का संदेश स्पष्ट रहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकार या किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक पीढ़ी और प्रत्येक नागरिक के योगदान से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है।