नोएडा, रफ़्तार टूडे। नोएडा प्राधिकरण शहर में नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए सड़क, जल निकासी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े विकास एवं अनुरक्षण कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है। मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देशों के क्रम में वर्क सर्किल-10 के अंतर्गत विभिन्न सेक्टरों और ग्राम क्षेत्रों में खुले नालों को कवर करने का कार्य कराया जा रहा है। खुले नालों के कारण स्थानीय निवासियों, पैदल राहगीरों और वाहन चालकों को होने वाली असुविधा एवं संभावित जोखिम को देखते हुए चिन्हित स्थानों पर मजबूत और सुरक्षित कवर लगाए जा रहे हैं। नालों को ढकने से जहां दुर्घटना की आशंका कम होगी, वहीं क्षेत्र की स्वच्छता, सुरक्षा और आवागमन व्यवस्था में भी सुधार आने की उम्मीद है।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार संबंधित कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी की जा रही है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा के भीतर पूरे कराए जाएं।
सेक्टर-149 में 75 मीटर चौड़ी सड़क का सुदृढ़ीकरण
वर्क सर्किल-10 के अंतर्गत ही सेक्टर-149 गोलचक्कर से शहीद भगत पार्क तक 75 मीटर चौड़ी सड़क के सुदृढ़ीकरण का कार्य भी कराया जा रहा है। सड़क के कई हिस्सों में सतह क्षतिग्रस्त होने के कारण Undulation और Depression की स्थिति बन गई थी। इससे सड़क की सतह असमान हो गई थी और वाहन चालकों को आवागमन के दौरान परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या के समाधान के लिए सड़क की क्षतिग्रस्त सतह को दुरुस्त कर उसका सुदृढ़ीकरण कराया जा रहा है। सड़क को बेहतर बनाने के साथ-साथ सेंट्रल वर्ज की रंगाई-पुताई का काम भी किया जा रहा है। इससे सड़क की सुरक्षा और उपयोगिता के साथ मार्ग का सौंदर्यीकरण भी होगा।
समयसीमा में पूरा होगा काम
प्राधिकरण के GM AK Arora के मुताबिक सड़क सुदृढ़ीकरण का कार्य फिलहाल प्रगति पर है। अनुबंध में निर्धारित समयावधि के भीतर कार्य पूरा कराने का लक्ष्य रखा गया है। निर्माण कार्य के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और आमजन को न्यूनतम असुविधा हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है। नोएडा प्राधिकरण द्वारा शहर के विभिन्न सेक्टरों और ग्राम क्षेत्रों में सड़क, नालियों, जल निकासी, स्वच्छता और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित कार्यों को स्थानीय जरूरतों के आधार पर प्राथमिकता दी जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इन कार्यों का उद्देश्य शहर में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के साथ नागरिकों को सुरक्षित और बेहतर आवागमन एवं जीवन-परिवेश उपलब्ध कराना है।

Comments (0)
Leave a Comment