ग्रेटर नोएडा वेस्ट, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की महागुन मायवुड्स सोसायटी में शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक हादसे में पिता और उनके 11 वर्षीय बेटे की मौत हो गई। थाना बिसरख क्षेत्र स्थित सोसायटी के टावर-23 में दोनों संदिग्ध परिस्थितियों में ऊंचाई से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही सोसायटी में शोक की लहर दौड़ गई।

पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय रणदीप पात्रा और उनके 11 वर्षीय बेटे आरव के रूप में हुई है। दोनों महागुन मायवुड्स सोसायटी, गौर सिटी-2 में रहते थे। शुक्रवार, 30 अक्टूबर 2026 की सुबह थाना बिसरख पुलिस को पीआरवी के माध्यम से सूचना मिली कि टावर-23 से दो लोग नीचे गिर गए हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। हालांकि, गंभीर चोटों के कारण दोनों की जान नहीं बचाई जा सकी।

खाटू श्याम मंदिर जाने की थी तैयारी

पुलिस को दिए गए बयान में रणदीप पात्रा की पत्नी ने बताया कि परिवार को शुक्रवार सुबह जल्दी खाटू श्याम मंदिर के लिए रवाना होना था। इसी सिलसिले में घर में तैयारियां चल रही थीं। परिजनों के अनुसार, पूजा के लिए फूल तोड़ने के लिए रणदीप और उनका बेटा बालकनी की ओर गए थे। बताया गया कि फूल तोड़ने के दौरान सीढ़ी से संतुलन बिगड़ने के कारण दोनों नीचे गिर गए। इस हादसे में पिता-पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गए और बाद में अस्पताल में उनकी मौत हो गई।

बिसरख पुलिस ने शुरू की कानूनी कार्रवाई

घटना की सूचना मिलने के बाद थाना बिसरख पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस की ओर से दोनों शवों का पंचायतनामा भरने और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। मामले में अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।

एक परिवार की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं

परिवार सुबह खाटू श्याम मंदिर जाने की तैयारी कर रहा था, लेकिन कुछ ही पलों में यह हादसा पूरे परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गया, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। पिता और बेटे की एक साथ मौत की खबर से परिजन सदमे में हैं। महागुन मायवुड्स सोसायटी के निवासियों में भी घटना को लेकर शोक और दुख का माहौल है। फिलहाल, पुलिस मामले में आवश्यक जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।