गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय में वैदिक मंत्रों से गूंजा परिसर, नारी शक्ति ने लिया राष्ट्र उत्थान और समाज निर्माण का संकल्प
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिसर शनिवार को वैदिक मंत्रोच्चार, यज्ञ की आहुतियों और राष्ट्र वंदन के स्वर से गूंज उठा। प्रेरणा विमर्श 2026 के शुभारंभ अवसर पर 108 कुंडीय ‘नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ’ का आयोजन किया गया, जिसमें करीब 1200 महिलाओं ने सहभागिता की। 108 हवन कुंडों में एक साथ प्रज्ज्वलित अग्नि और सामूहिक वैदिक मंत्रोच्चार ने पूरे परिसर को आध्यात्मिक एवं भव्य वातावरण से भर दिया।
यज्ञ में प्रत्येक हवन कुंड पर करीब 10 से 11 महिलाओं ने एक साथ बैठकर राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और उन्नति की कामना के साथ आहुतियां दीं। बड़ी संख्या में महिलाओं की सहभागिता ने कार्यक्रम को व्यापक स्वरूप दिया। आयोजन के दौरान नारी शक्ति की सामाजिक भूमिका, संस्कार, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं के योगदान को प्रमुखता से रेखांकित किया गया।

नारी शक्ति को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने का संदेश
कार्यक्रम में राष्ट्र सेविका समिति की मुख्य कार्यवाहिका सीता अन्नदानम गायित्री मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने ‘नारी शक्ति : संस्कार, नेतृत्व और राष्ट्र निर्माण का आधार’ विषय पर अपने विचार रखते हुए महिलाओं को राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में अरुणा सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की अध्यक्षा प्रीति दादू ने की।
आयोजन से पहले गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय परिसर में भगवान बुद्ध, भारत रत्न डॉ. भीमराव रामजी आंबेडकर और बौद्ध भिक्षुओं की प्रतिमाओं पर पुष्पार्चन एवं माल्यार्पण किया गया। यह कार्यक्रम प्रेरणा विमर्श 2026 के संरक्षक एवं गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राणा प्रताप सिंह की मौजूदगी में हुआ।
प्रदर्शनी का भी हुआ उद्घाटन
कार्यक्रम के दौरान विश्वविद्यालय के मुख्य ऑडिटोरियम में प्रेरणा विमर्श प्रदर्शनी भी लगाई गई। दोपहर में मुख्य वक्ता सीता अन्नदानम गायित्री ने प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में आयोजन की विषयवस्तु और उससे जुड़े विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित किया गया।
2023 से जारी है नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ की परंपरा
प्रेरणा विमर्श की सचिव मोनिका चौहान ने बताया कि प्रेरणा शोध संस्थान न्यास की ओर से प्रत्येक वर्ष प्रेरणा विमर्श के शुभारंभ अवसर पर नारी शक्ति राष्ट्र वंदन यज्ञ आयोजित किया जाता है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2023 में गौतम बुद्ध विश्वविद्यालय से शुरू हुई यह परंपरा लगातार विस्तार पा रही है।
मोनिका चौहान के अनुसार, इस वर्ष 108 हवन कुंडों पर करीब 1200 महिलाओं की सहभागिता के साथ आयोजन को पहले की तुलना में व्यापक स्वरूप मिला। यज्ञ के माध्यम से महिलाओं ने राष्ट्र की शांति, समृद्धि और उन्नति के लिए सामूहिक रूप से आहुति दी।
प्रेरणा विमर्श 2026 के शुभारंभ कार्यक्रम में वैदिक परंपरा, नारी शक्ति और राष्ट्र निर्माण के विचारों का संगम देखने को मिला। आयोजन में महिलाओं की बड़ी भागीदारी ने कार्यक्रम के सामाजिक और सांस्कृतिक पक्ष को भी प्रमुखता दी।

Comments (0)
Leave a Comment