Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल में अंतरविद्यालयीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता, एस्टर स्कूल डेल्टा-2 ने जीता प्रथम स्थान

भारत विकास परिषद विवेकानंद शाखा के तत्वावधान में 10 विद्यालयों ने लिया हिस्सा, शेफाली पब्लिक स्कूल दादरी द्वितीय और ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल तृतीय स्थान पर रहा

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल में भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा के तत्वावधान में अंतरविद्यालयीय राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में क्षेत्र के 10 विद्यालयों की टीमों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में भारतीय संस्कृति, संगीत, राष्ट्रभाषाओं और सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान एवं जागरूकता को बढ़ावा देना रहा।

प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी विद्यालयों की टीमों ने ‘चेतना के स्वर’ पुस्तक से दो समूह गान प्रस्तुत किए। इनमें एक गीत हिंदी और दूसरा संस्कृत भाषा में था। विद्यार्थियों ने सामूहिक स्वर, अनुशासन, आत्मविश्वास और सुर-ताल के साथ अपनी प्रस्तुतियां दीं। उनकी प्रस्तुतियों में भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों और देशभक्ति की भावना भी दिखाई दी। पूरे सभागार में संगीत और राष्ट्रभावना से जुड़ा उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा।

निर्णायक मंडल ने किया प्रस्तुतियों का मूल्यांकन

प्रतियोगिता का निर्णयन प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल के सदस्यों श्री प्रभाकर देशमुख, श्रीमती रूबी चौहान एवं श्री दिनेश कुमार द्वारा किया गया। निर्णायकों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करते हुए उनके परिश्रम, सुर-ताल, सामंजस्य, अनुशासन और प्रस्तुति कौशल की सराहना की।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक श्री चिरंजीव जी ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों की संगीत प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ उन्हें भारतीय संस्कृति, भाषा और मूल्यों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता विद्यार्थियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, सामूहिकता, देशभक्ति और सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने का माध्यम भी बनती है।

गणमान्य अतिथियों ने बढ़ाया विद्यार्थियों का उत्साह

कार्यक्रम में अनेक गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। इनमें श्री विवेक अरोरा, डॉ. निधि माहेश्वरी, प्रो. विवेक कुमार, गजानन माली, मुख्य अतिथि श्री लक्ष्मण कुशवाहा, निदेशक-प्रभात नमकीन, श्री राजेंद्र सोनी, श्री राजेश बिहारी, श्रीमती आराधना, सर्वत्र बैंड, श्रीमती नवनीता, स्वप्निल डांस एकेडमी, श्रीमती सविता शर्मा, श्री कौशल गुप्ता, श्रीमती निर्मल, श्रीमती माया कर्ण, श्री संदीप कुमार एवं श्रीमती प्रेरणा सहित अन्य अतिथि शामिल रहे।

अतिथियों ने प्रतिभागी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों को सम्मानित किया।

प्रो. विवेक कुमार ने किया सफल समन्वय

कार्यक्रम का उत्कृष्ट एवं सुव्यवस्थित समन्वय प्रो. विवेक कुमार द्वारा किया गया। उनकी योजना, समर्पण और प्रभावी समन्वय के चलते प्रतियोगिता का संचालन व्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। भारत विकास परिषद, विवेकानंद शाखा के सदस्यों ने आयोजन की सफल मेजबानी और प्रतियोगिता में सहयोग के लिए ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल के प्रबंधन एवं विद्यालय टीम का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती मंजु कौल रैना तथा विद्यालय के समन्वयकों को उनके सहयोग और योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

एस्टर स्कूल डेल्टा-2 ने हासिल किया प्रथम स्थान

प्रतियोगिता के परिणाम में एस्टर स्कूल, डेल्टा-2 की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शेफाली पब्लिक स्कूल, दादरी की टीम द्वितीय स्थान पर रही, जबकि मेजबान ग्रेटर नोएडा वर्ल्ड स्कूल ने तृतीय स्थान हासिल किया। विजेता टीम को 5,100 रुपये, द्वितीय स्थान प्राप्त टीम को 3,100 रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त टीम को 2,100 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अलावा प्रतिभागी एवं विजेता टीमों को स्मृति चिन्ह और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी सुमधुर और अनुशासित प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी संगीत प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ भारतीय भाषा, संस्कृति और सामूहिकता की भावना से जुड़ने का अवसर भी मिला।