वर्क सर्किल-7 की टीम ने मौके पर पहुंचकर चारदीवारी का निर्माण रुकवाया, नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों से अवैध निर्माण नहीं करने की अपील की

नोएडा, रफ़्तार टूडे। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-140ए क्षेत्र में प्राधिकरण की भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण के प्रयास को समय रहते रोक दिया। मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर वर्क सर्किल-7 की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करते हुए करीब 2000 वर्गमीटर प्राधिकरण की भूमि को सुरक्षित कर लिया।

प्राधिकरण की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, वर्क सर्किल-7 के अंतर्गत ग्राम शहदरा, सेक्टर-140ए में प्लॉट संख्या-03 और 45 मीटर चौड़ी सड़क पर कुछ लोगों द्वारा चारदीवारी का निर्माण कर भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया जा रहा था। जानकारी में हरिदर खारी, रविंदर खारी, देवेंद्र खारी, लाला, गजेंद्र खारी पुत्रगण प्रीतम खारी के नाम का उल्लेख किया गया है।

मामले की जानकारी मिलते ही वर्क सर्किल-7 की पूरी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। टीम ने मौके पर चल रहे चारदीवारी निर्माण को रुकवाते हुए आवश्यक कार्रवाई की और अतिक्रमण के प्रयास को विफल कर दिया। कार्रवाई के दौरान प्राधिकरण की लगभग 2000 वर्गमीटर भूमि को सुरक्षित किया गया।

अधिसूचित भूमि पर अवैध निर्माण न करने की अपील

नोएडा प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण या अवैध निर्माण न किया जाए। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि अधिसूचित भूमि पर इस प्रकार का निर्माण अतिक्रमण की श्रेणी में आता है और इसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा सकती है। प्राधिकरण ने नागरिकों से नोएडा के सुनियोजित विकास में सहयोग करने की भी अपील की है। अधिकारियों के मुताबिक, प्राधिकरण की भूमि को अतिक्रमण से मुक्त रखना और निर्धारित भू-उपयोग के अनुरूप विकास सुनिश्चित करना नोएडा के नियोजित विस्तार के लिए आवश्यक है।

इस कार्रवाई के माध्यम से नोएडा प्राधिकरण ने अधिसूचित भूमि पर अवैध कब्जे और निर्माण के प्रयासों के प्रति अपनी निगरानी और कार्रवाई की प्रक्रिया को भी स्पष्ट किया है।