नोएडा में जनगणना के लिए 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर तैनात, 30 नवंबर तक ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे परिवार की जानकारी
नोएडा, रफ़्तार टूडे। जनगणना-2027 के अंतर्गत नोएडा में स्वगणना (Self Enumeration) अभियान का सोमवार, 16 नवंबर 2026 से शुभारंभ हो गया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा और नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) ने स्वयं तथा अपने परिवार की जानकारी आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज कर अभियान की शुरुआत की। उन्होंने नोएडा के निवासियों से राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में सक्रिय सहभागिता करने की अपील की।
स्वगणना अभियान के तहत नागरिक 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक भारत सरकार के आधिकारिक पोर्टल https://se.census.gov.in पर जाकर अपने और अपने परिवार की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं। स्वगणना सफलतापूर्वक पूरी होने के बाद मिलने वाली स्वगणना पहचान संख्या (SE ID) को सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। घर पर प्रगणक के पहुंचने पर यह पहचान संख्या उन्हें उपलब्ध करानी होगी।

नोएडा में 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर तैनात
चार्ज अधिकारी, नोएडा श्री इंदु प्रकाश सिंह ने बताया कि जनगणना के क्षेत्रीय कार्य के लिए नोएडा में कुल 2,350 प्रगणक और 364 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। ये कर्मचारी 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य करेंगे।
उन्होंने बताया कि स्वगणना की अवधि के दौरान भी जनगणना कर्मचारी अपने आवंटित क्षेत्रों में जाकर लोगों को अभियान के प्रति जागरूक करेंगे। इसके लिए नोएडा में विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक नागरिक स्वगणना प्रक्रिया में भाग ले सकें।
कोई भी व्यक्ति जनगणना से न छूटे, दो बार भी दर्ज न हो जानकारी
चार्ज अधिकारी ने बताया कि नोएडा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि क्षेत्र में निवास करने वाला कोई भी व्यक्ति जनगणना से छूटने न पाए और किसी व्यक्ति की जानकारी दो बार दर्ज न हो। जनगणना अवधि में नोएडा में किराये पर रहकर नौकरी, व्यवसाय अथवा अन्य कार्य करने वाले व्यक्तियों की गणना भी नोएडा में ही की जाएगी।

जनगणना में व्यक्तिगत जानकारी रहेगी गोपनीय
जनगणना के दौरान एकत्रित व्यक्तिगत जानकारी की गोपनीयता को लेकर भी स्पष्ट प्रावधान हैं। चार्ज अधिकारी के अनुसार, जनगणना में एकत्रित व्यक्तिगत जानकारी को जनगणना अधिनियम, 1948 की धारा 15 के अंतर्गत गोपनीय रखा जाता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे 30 नवंबर 2026 तक अपनी और अपने परिवार की स्वगणना अवश्य पूर्ण करें तथा क्षेत्रीय जनगणना के दौरान घर पहुंचने वाले प्रगणकों को आवश्यक सहयोग प्रदान करें।

Comments (0)
Leave a Comment