पिछले संस्करण के मुकाबले B2B बैठकों में 31%, MoU में 13% और संभावित कारोबार में 24% की बढ़ोतरी; RBSM में 123% की छलांग, छह पार्टनर देशों ने बढ़ाई वैश्विक पहुंच
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS) 2026 के चौथे संस्करण का मंगलवार को इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट, ग्रेटर नोएडा में निवेश, कारोबार और अंतरराष्ट्रीय भागीदारी के नए आंकड़ों के साथ समापन हुआ। 25 से 29 सितंबर तक चले इस पांच दिवसीय मेगा ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के उत्पादों, MSME, निर्यातकों, कारीगरों और उद्यमियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जुड़ने का बड़ा मंच मिला।
आयोजन के दौरान करीब 680 मिलियन अमेरिकी डॉलर यानी लगभग ₹6,500 करोड़ मूल्य के 4,400 MoU पर हस्ताक्षर किए गए। वहीं, ट्रेड शो के दौरान प्राप्त कारोबारी पूछताछ के आधार पर करीब ₹15,500 करोड़ के संभावित कारोबार का अनुमान लगाया गया।
41,500 B2B बैठकें, 5.99 लाख से अधिक विजिटर्स
फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) के आंकड़ों के अनुसार, UPITS 2026 में कुल 41,500 B2B बैठकें दर्ज की गईं। इनमें 13,500 बैठकें रिवर्स बायर-सेलर मीट (RBSM) क्षेत्र में हुईं, जबकि मुख्य प्रदर्शनी क्षेत्र में करीब 28,000 कारोबारी संवाद हुए। इन बैठकों में देश-विदेश के खरीदारों ने उत्तर प्रदेश के उद्यमियों और निर्माताओं के साथ संभावित कारोबारी साझेदारियों, उत्पादों और बाजार विस्तार को लेकर संवाद किया।
पांच दिनों के दौरान ट्रेड शो में कुल 5,98,693 विजिटर्स और बिजनेस बायर्स पहुंचे। इनमें 1,74,990 घरेलू बिजनेस बायर्स और 4,23,703 सामान्य विजिटर्स शामिल रहे।
पिछले साल के मुकाबले हर प्रमुख कारोबारी आंकड़े में बढ़ोतरी
UPITS 2026 ने पिछले संस्करण की तुलना में प्रमुख कारोबारी मानकों में वृद्धि दर्ज की। वर्ष 2025 में जहां 31,650 B2B बैठकें हुई थीं, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर 41,500 हो गया। यानी इसमें 31.12 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।
RBSM में विदेशी खरीदारों के साथ बैठकों में सबसे बड़ी बढ़ोतरी देखने को मिली। पिछले वर्ष के 6,050 मुकाबले इस वर्ष यह आंकड़ा 13,500 तक पहुंच गया, जो करीब 123.1 प्रतिशत की वृद्धि है।
मुख्य प्रदर्शनी क्षेत्र में भी B2B बैठकों में करीब 9.38 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। वहीं, हस्ताक्षरित MoU की संख्या 3,900 से बढ़कर 4,400 हो गई, यानी करीब 12.82 प्रतिशत की वृद्धि। MoU के अनुमानित मूल्य में भी उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई। वर्ष 2025 में करीब ₹2,680 करोड़ के MoU हुए थे, जबकि इस वर्ष यह आंकड़ा बढ़कर ₹6,500 करोड़ पहुंच गया। कारोबारी पूछताछ के आधार पर संभावित कारोबार भी ₹12,500 करोड़ से बढ़कर ₹15,500 करोड़ होने का अनुमान लगाया गया, जो करीब 24 प्रतिशत की वृद्धि है।
छह पार्टनर देशों की भागीदारी से बढ़ी वैश्विक पहुंच
इस वर्ष UPITS की अंतरराष्ट्रीय पहुंच भी विस्तृत हुई। पिछले संस्करण में रूस एकमात्र पार्टनर देश था, जबकि 2026 में रूस, ऑस्ट्रिया, जापान, सिंगापुर, बेलारूस और वियतनाम सहित छह देशों ने पार्टनर कंट्री के रूप में भाग लिया। विदेशी प्रतिनिधिमंडलों ने उत्तर प्रदेश के मैन्युफैक्चरिंग, IT, इलेक्ट्रॉनिक्स, टेक्सटाइल और एग्री-फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में रुचि दिखाई। इससे प्रदेश के उद्यमियों और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के बीच कारोबारी संवाद को नया विस्तार मिला।
ODOC बना ट्रेड शो का प्रमुख आकर्षण
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल वन डिस्ट्रिक्ट, वन कुजीन (ODOC) भी UPITS 2026 में प्रमुख आकर्षण रही। पांचों दिनों ODOC हॉल में बड़ी संख्या में घरेलू और विदेशी आगंतुक पहुंचे और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य उत्पादों को जाना। सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी सहित अन्य प्रसिद्ध शेफ की मास्टर क्लासेज में भी आगंतुकों और प्रदर्शकों ने उत्साह के साथ भाग लिया। लाइव कुकिंग, डेमोंस्ट्रेशन और स्थानीय व्यंजनों की प्रस्तुति ने ODOC को कारोबारी और सांस्कृतिक दोनों दृष्टि से खास बनाया।
ट्रेड शो में प्रदेश के 75 जिलों के पारंपरिक शिल्प, हथकरघा, पीतल उत्पाद, कालीन, चमड़ा उद्योग और विशिष्ट कृषि उत्पादों को भी वैश्विक बाजार से जोड़ने का अवसर मिला। स्थानीय कारीगरों और MSME को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ सीधे संवाद और संभावित ऑर्डर का अवसर मिला।
अमित शाह ने किया था उद्घाटन
पांच दिवसीय UPITS 2026 की शुरुआत 25 सितंबर को केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के उद्घाटन के साथ हुई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। उद्घाटन के दौरान उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास, इंफ्रास्ट्रक्चर, MSME इकोसिस्टम, ODOP, निर्यात और बढ़ती मैन्युफैक्चरिंग क्षमता को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच के सामने प्रस्तुत किया गया।
नीति और उद्योग से जुड़े करीब 20 नॉलेज सेशन
ट्रेड शो के दौरान नीति, उद्योग, निर्यात और तकनीक से जुड़े करीब 20 नॉलेज सेशन भी आयोजित किए गए। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने FIEO के एक सत्र में वैश्विक व्यापार वृद्धि के लिए भारत के Free Trade Agreements (FTAs) के प्रभावी इस्तेमाल पर चर्चा की। इस दौरान उत्तर प्रदेश के निर्यातकों और MSME के लिए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में अवसर तलाशने तथा भारत के बढ़ते व्यापारिक संबंधों का लाभ उठाने के मुद्दों पर चर्चा हुई।
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने भी UPITS का दौरा किया और इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग से लेकर सेमीकंडक्टर तथा एडवांस्ड टेक्नोलॉजी इकोसिस्टम तक उत्तर प्रदेश की बढ़ती क्षमता से जुड़े तकनीकी संवाद में भाग लिया।
चौथे संस्करण में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, सूर्य प्रताप शाही, भूपेंद्र सिंह चौधरी, हंसराज विश्वकर्मा और अनिल राजभर सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं और अधिकारियों की भागीदारी रही।
समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह रहे मुख्य अतिथि
UPITS 2026 के समापन अवसर पर आयोजित वैलेडिक्टरी फंक्शन में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, कैबिनेट मंत्री भूपेंद्र सिंह चौधरी और राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने भी संबोधित किया।
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने उत्तर प्रदेश में सड़क, एक्सप्रेसवे, कनेक्टिविटी और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के विस्तार का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इससे उद्योग, कारोबार और व्यापार के लिए वातावरण को मजबूत करने में मदद मिली है। उन्होंने राज्य की उद्योग और निर्यात केंद्रित नीतियों तथा केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों का भी उल्लेख किया।

शाम को संस्कृति के रंगों से सजा ट्रेड शो
कारोबारी गतिविधियों के साथ हर शाम UPITS 2026 सांस्कृतिक कार्यक्रमों से भी गुलजार रहा। पांच दिनों में शास्त्रीय, लोक, भक्ति और समकालीन प्रस्तुतियों का आयोजन हुआ। कार्यक्रमों में लोक संगीत, कथक, मथुरा का लोकनृत्य, ढेढ़िया, राई और थारू जनजातीय नृत्य, पखावज एवं सितार वादन, सुगम संगीत, आल्हा गायन, भजन और सूफी संगीत के साथ सेलिब्रिटी कलाकारों और म्यूजिकल बैंड की प्रस्तुतियां शामिल रहीं।
समापन दिवस पर ओम प्रकाश दुबे ने भजन, गोरखपुर के राकेश उपाध्याय ने लोकगीत और गाजियाबाद की मिताली सैनी ने कथक प्रस्तुति दी। इसके बाद श्रीराम सांखला द्वारा कोरियोग्राफ किए गए ‘कलर्स ऑफ इंडिया’ कार्यक्रम के साथ पांच दिवसीय सांस्कृतिक यात्रा का समापन हुआ।
छात्रों की भागीदारी ने जोड़ी नई ऊर्जा
UPITS 2026 में छात्र भागीदारी भी महत्वपूर्ण रही। विद्यार्थियों ने क्विज, MUN, MIME, कला एवं संस्कृति, साइबर सुरक्षा, सड़क सुरक्षा जागरूकता और बैटल ऑफ बैंड्स जैसी गतिविधियों में हिस्सा लिया। दिल्ली-NCR के स्कूलों की भागीदारी ने युवाओं को उद्योग, नवाचार, रचनात्मकता और वास्तविक कारोबारी दुनिया से जोड़ने का अवसर दिया।
UPITS 2026 ने बनाया नया कारोबारी मंच
29 सितंबर को पांच दिवसीय आयोजन के समापन के साथ UPITS 2026 ने कारोबार, निवेश, निर्यात, अंतरराष्ट्रीय सोर्सिंग, तकनीक, स्थानीय उत्पाद, खान-पान और संस्कृति को एक ही मंच पर जोड़ने का उदाहरण प्रस्तुत किया। ₹6,500 करोड़ के 4,400 MoU, ₹15,500 करोड़ के संभावित कारोबार, 41,500 B2B बैठकें और 5,98,693 विजिटर्स के आंकड़ों के साथ चौथे संस्करण ने उत्तर प्रदेश के MSME, निर्यातकों, स्थानीय उत्पादकों और कारीगरों के लिए राष्ट्रीय तथा वैश्विक बाजार से जुड़ने के अवसरों को व्यापक बनाया।

Comments (0)
Leave a Comment