ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। अगस्त क्रांति-2026 के तहत करप्शन फ्री इंडिया संगठन ने जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र में व्याप्त विभिन्न समस्याओं को लेकर यूपीसीडा के कासना स्थित कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने औद्योगिक क्षेत्र में बढ़ते पर्यावरण एवं प्रदूषण, नालों के निर्माण में कथित अनियमितताओं तथा गोपालपुर गांव के ग्रामीणों के पुराने मकानों को अवैध निर्माण बताते हुए जारी किए गए नोटिस के विरोध में आवाज बुलंद की।

प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन की कोर कमेटी के प्रमुख सदस्य चौधरी प्रेमराज भाटी ने किया। प्रदर्शन के बाद संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने यूपीसीडा के क्षेत्रीय प्रबंधक अनिल शर्मा को ज्ञापन सौंपते हुए क्षेत्र की समस्याओं का तत्काल समाधान कराने की मांग की।

जोखाबाद में प्रदूषण को लेकर जताई चिंता

प्रदर्शन के दौरान करप्शन फ्री इंडिया संगठन के संस्थापक चौधरी प्रवीण भारतीय और मास्टर दिनेश नागर ने यूपीसीडा अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए औद्योगिक क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। संगठन पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। औद्योगिक इकाइयों से निकलने वाले प्रदूषित पदार्थों और क्षेत्र में जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास के ग्रामीण इलाकों में पर्यावरण और जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र में नालों की व्यवस्था बेहद महत्वपूर्ण है, लेकिन नालों के निर्माण और उनकी गुणवत्ता को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। संगठन ने निर्माण कार्यों में पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा संबंधित कार्यों की जांच कराने की मांग की है।

नालों के निर्माण में पारदर्शिता की मांग

चौधरी प्रवीण भारतीय ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में जल निकासी और प्रदूषण नियंत्रण की व्यवस्था केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। यदि नालों का निर्माण कराया जा रहा है तो उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता और निर्माण में खर्च होने वाली धनराशि का भी पारदर्शी तरीके से परीक्षण होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदूषण से जुड़ी समस्याओं को लेकर संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली संतोषजनक नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और यूपीसीडा के अधिकारियों को क्षेत्र की जमीनी समस्याओं को गंभीरता से लेना चाहिए। चौधरी प्रवीण भारतीय ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान नहीं किया गया तो संगठन इस कथित भ्रष्ट व्यवस्था के खिलाफ बड़े स्तर पर आंदोलन करेगा।

गोपालपुर के ग्रामीणों के मकानों के नोटिस का विरोध

प्रदर्शन के दौरान गोपालपुर गांव के ग्रामीणों से जुड़ा मामला भी प्रमुखता से उठाया गया। संगठन ने ग्रामीणों के पुराने मकानों को अवैध निर्माण बताते हुए जारी किए गए नोटिस का विरोध किया। चौधरी प्रेमराज भाटी ने कहा कि गांव में अनेक परिवार लंबे समय से अपने मकानों में निवास कर रहे हैं। ऐसे में किसी भी कार्रवाई से पहले संबंधित मकानों और जमीन के स्वामित्व से जुड़े दस्तावेजों तथा अन्य वैधानिक पहलुओं की निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को केवल नोटिस जारी करके कार्रवाई की दिशा में आगे बढ़ना उचित नहीं होगा। प्रशासन और यूपीसीडा को पहले प्रत्येक मामले की वास्तविक स्थिति की जांच करनी चाहिए तथा ग्रामीणों का पक्ष भी सुना जाना चाहिए।

अधिकारियों से समाधान की मांग

करप्शन फ्री इंडिया के प्रतिनिधियों ने यूपीसीडा क्षेत्रीय प्रबंधक को सौंपे ज्ञापन में जोखाबाद औद्योगिक क्षेत्र की प्रदूषण समस्या का स्थायी समाधान कराने, नालों के निर्माण एवं गुणवत्ता की जांच कराने, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा गोपालपुर गांव के ग्रामीणों के पुराने मकानों से संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। संगठन ने कहा कि औद्योगिक विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय ग्रामीणों के हितों की रक्षा भी जरूरी है। उद्योगों से रोजगार और आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं, लेकिन इसके साथ प्रदूषण नियंत्रण और मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था भी मजबूत होनी चाहिए।

प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि संबंधित विभागों द्वारा समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो अगस्त क्रांति अभियान को आगे बढ़ाते हुए बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।

ये लोग रहे मौजूद

प्रदर्शन के दौरान मास्टर दिनेश नागर, प्रेमराज भाटी, प्रेम प्रधान, राकेश नागर, मलखान सिंह यादव, झम्मन सिंह, अजय भाटी, तेजवीर चौहान, यतेंद्र नागर, ब्रह्म प्रधान, शेर सिंह, नवाब सिंह नागर, जगन भाटी, सुभाष भाटी, धर्मपाल सिंह, रिंकू बैसला, सोनू भाटी, प्रवीन, मोहित अधाना, अब्दुल खान, जितेंद्र, महेश, मुकेश, कृष्णपाल सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।