न्यूज डेस्क, अमर उजाला, नई दिल्ली Published by: Vikas Kumar Updated Thu, 23 Dec 2021 12:34 AM IST
सार
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम पारा 24 व न्यूनतम पारा छह डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से लगातार न्यूनतम पारे में वृद्धि होगी व अगले एक सप्ताह में न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा।दिल्ली में सर्दी - फोटो : अमर उजाला
ख़बर सुनें
विस्तार
मौसम विभाग के एक वरिष्ठ वैज्ञानिक के मुताबिक, दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहे हैं। इस वजह से मैदानी इलाकों में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश की भी संभावना है। इस कड़ी में 26 से लेकर 28 दिसंबर तक हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। बादल छाए रहने की वजह से न्यूनतम पारे में वृद्धि होगी, जिससे ठंड से हल्की राहत मिल सकती है। वहीं, बुधवार को हवा की दिशा दक्षिण-पूर्वी की ओर होने के साथ चार किमी प्रतिघंटा तक दर्ज हुई है। आने वाले दिनों में भी हवा की रफ्तार कम होने के साथ बदली हुई दिशा बनी रहेगी। इससे उत्तर दिशा की ओर से आने वाली सर्द हवाओं से मिली राहत जारी रहेगी।
मौसम विभाग के मुताबिक, बुधवार को न्यूनतम पारा सामान्य से तीन कम 4.4 डिग्री सेल्सियस व अधिकतम तापमान सामान्य से दो अधिक 23.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। सुबह के समय सर्द हवाओं की वजह से लोग ठिठुरते नजर आए तो दोपहर में लोगों ने हल्की धूप से सर्दी से राहत पाई। हालांकि, शाम होते ही पारा लुढ़कने के कारण लोगों की कंपकपी छूट गई। बीते 24 घंटे में हवा में आद्रता का स्तर 29 से 94 फीसदी तक दर्ज किया गया। सुबह के समय कोहरे की चादर छाई रही जो कि धूप निकलने के साथ छंटना शुरू हुई।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम पारा 24 व न्यूनतम पारा छह डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता की वजह से लगातार न्यूनतम पारे में वृद्धि होगी व अगले एक सप्ताह में न्यूनतम पारा 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचेगा। गौरतलब है कि बीते सोमवार को न्यूनतम पारा सामान्य से पांच कम 3.2 डिग्री सेल्सियस के साथ इस सीजन का सबसे कम पारा रहा था। वहीं, मंगलवार को यह सामान्य से चार कम चार डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का था। इस वजह से दोनों ही दिन शीतलहर रिकॉर्ड की गई थी।
लोधी रोड रहा सबसे ठंडा इलाका
सर्द हवाओं की वजह से लोधी रोड इलाका 4.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे ठंडा इलाका रिकॉर्ड हुआ है। इसके अलावा आयानगर में 4.8, जफरपुर में 5.5, पीतमपुरा में 9.6 व गुरुग्राम में 4.8 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम पारा रिकॉर्ड हुआ।
अधिकतम तापमान-24 डिग्री सेल्सियस
न्यूनतम तापमान- 6 डिग्री सेल्सियस
सूर्यास्त का समय: 5: 30 बजे
सूर्योदय का समय: 7: 11 बजे
-सुबह के समय हल्का कोहरा छाया रहेगा। दिनभर सूरज और बादलों के बीच लुकाछीपी का खेल चल सकता है। शाम होते ही ठिठुरन का अहसास बढ़ेगा।
Source link

Comments (0)
Leave a Comment