ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। गौतमबुद्ध नगर में प्रस्तावित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार, 27 मार्च 2026 को गौतमबुद्धनगर विश्वविद्यालय में प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर भारद्वाज की अगुवाई में पार्टी कार्यकर्ताओं और वालंटियर्स की एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए रणनीति तय की गई।

“कार्यकर्ताओं को मिला मिशन मोड का मंत्र”
बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष ब्रज बहादुर भारद्वाज ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह कार्यक्रम केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि “नए भारत के संकल्प” का प्रतीक है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे पूरे उत्साह, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने साफ तौर पर कहा कि हर कार्यकर्ता इस कार्यक्रम की सफलता में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है, इसलिए किसी भी स्तर पर लापरवाही की कोई गुंजाइश नहीं होनी चाहिए।


“बस प्रमुखों को सख्त निर्देश”: समय और अनुशासन पर फोकस
बैठक के दौरान व्यवस्थाओं को लेकर विशेष दिशा-निर्देश भी जारी किए गए। प्रदेश उपाध्यक्ष ने सभी बस प्रमुखों को निर्देशित किया कि: सभी बसें सुबह 9:30 बजे तक जनसभा स्थल पर अनिवार्य रूप से पहुंच जाएं
किसी भी कार्यकर्ता को काले वस्त्र पहनकर आने की अनुमति नहीं होगी, अन्यथा प्रशासन उन्हें प्रवेश नहीं देगा
कार्यक्रम स्थल पर डिजिटल वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर भी रोक रहेगी
उन्होंने बस प्रमुखों को यह जिम्मेदारी दी कि वे इन सभी निर्देशों को हर कार्यकर्ता तक स्पष्ट रूप से पहुंचाएं, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

“कार्यकर्ताओं को मिला मिशन मोड का मंत्र”, “जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग” हर गतिविधि पर नजर

“जमीनी स्तर पर मॉनिटरिंग”: हर गतिविधि पर नजर
जिला अध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने भी बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि सभी कार्यकर्ता अपने-अपने दायित्वों में पूरी सक्रियता के साथ जुट जाएं।
उन्होंने विशेष रूप से मॉनिटरिंग टीम को निर्देश दिया कि वे सभी बस प्रमुखों के साथ निरंतर संपर्क में रहें और सुनिश्चित करें कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ता समय से और व्यवस्थित तरीके से जनसभा स्थल पर पहुंचें।

“कार्यकर्ताओं में दिखा जबरदस्त उत्साह”
बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सभी ने एकजुट होकर इस आयोजन को ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा गौतमबुद्ध नगर के विकास को नई दिशा देने वाला साबित होगा और इस जनसभा के जरिए सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया जाएगा।


“सैकड़ों कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी”
इस महत्वपूर्ण बैठक में जिला महामंत्री वीरेन्द्र भाटी, धर्मेंद्र कोरी, धर्मेंद्र भाटी, सतेंद्र नागर, सरदीप नागर, पवन रावल, अरुण प्रधान, कर्मवीर आर्य, अर्पित तिवारी, सत्यपाल शर्मा, रजनी तोमर, योगेश चौहान, मुकेश भाटी, अन्नू सिंह, वंदना, गीता सागर, चंद्रमणि भारद्वाज समेत सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


“अब नजरें ऐतिहासिक जनसभा पर”
कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री के दौरे से पहले भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है और तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि यह जनसभा किस तरह से जिले की राजनीति और विकास के एजेंडे को प्रभावित करती है।