ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर गौतमबुद्ध नगर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत विभिन्न जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिले में स्वच्छता अभियान, रक्तदान, अस्पतालों में फल वितरण और पौधरोपण सहित कई गतिविधियां आयोजित की गईं। शाम को ‘आशीर्वाद के दीप’ कार्यक्रम के तहत बड़ी संख्या में लोगों ने दीप जलाए। आयोजकों के अनुसार जिले में करीब ढाई लाख दीप प्रज्ज्वलित किए गए।
देशभर में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर की गई है। अभियान में सेवा गतिविधियों, जनसंपर्क और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रमों को शामिल किया गया है।
गौतमबुद्ध नगर में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विभिन्न स्थानों पर सेवा गतिविधियों में भाग लिया। स्वच्छता अभियान के माध्यम से सार्वजनिक स्थानों को साफ रखने का संदेश दिया गया, जबकि रक्तदान कार्यक्रम के जरिए जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त उपलब्ध कराने की दिशा में योगदान किया गया। अस्पतालों में मरीजों और उनके तीमारदारों को फल वितरित किए गए। वहीं, पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ पौधरोपण कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।

सांसद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में गरीब कल्याण, स्वास्थ्य, आवास, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं पर जोर दिया गया है। उन्होंने आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला और जनधन जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं के माध्यम से लाभार्थियों तक सरकारी सहायता पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
दादरी विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के दौरान गांव, गरीब, किसान, महिला और युवा से जुड़े मुद्दों को केंद्र में रखते हुए विभिन्न योजनाएं लागू की गई हैं। उन्होंने किसान सम्मान निधि, उज्ज्वला, हर घर जल और जनधन जैसी योजनाओं का उल्लेख किया।
जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि डिजिटल इंडिया, इंफ्रास्ट्रक्चर और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार के साथ गरीब और वंचित वर्ग को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने पर भी जोर दिया गया है।
अमित चौधरी ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जनकल्याण और सामाजिक सेवा से जुड़ी गतिविधियों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने स्वच्छ भारत, आयुष्मान भारत, जनधन और प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण जैसी पहलों का उल्लेख किया।

भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन को सेवा, सुशासन और जनकल्याण से जोड़कर देखा जाता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के लिए जन्मदिन के अवसर पर सेवा गतिविधियों में भाग लेना समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाने का अवसर है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर ‘आशीर्वाद के दीप’ कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान वीरेन्द्र भाटी, धर्मेंद्र कोरी, कर्मवीर आर्य, धर्मेंद्र भाटी, सतेंद्र नागर, दीपक भारद्वाज, पवन रावल, विकास चौधरी, पवन बंसल, पवन नागर, चंद्रमणि भारद्वाज, वंदना वानखेड़े, योगेश चौहान, गायत्री तिवारी, रजनी तोमर, मुकेश भाटी, गीता सागर, हेमंत झा, सत्यपाल शर्मा, अश्वनी गोयल, अर्पित तिवारी, मनोज मावी, भिखारी सिंह, राजीव सिंघल, महेंद्र नागर, लोकेश त्यागी, राज नागर, विमल पुंडीर, संजीव शर्मा, जितेंद्र भाटी, सचिन गौतम, गजेंद्र वाल्मीकि, सुनील रावत, दिनेश भाटी और वरुण धीमान समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आयोजकों के अनुसार सेवा संकल्प अभियान के तहत आने वाले दिनों में भी गौतमबुद्ध नगर में स्वच्छता, स्वास्थ्य, पर्यावरण और जनसेवा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Comments (0)
Leave a Comment