ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टुडे। 25 सितंबर को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ग्रेटर नोएडा आगमन पर समाजवादी पार्टी ने जनपद के किसानों और अन्य स्थानीय समस्याओं को लेकर मुलाकात के लिए समय माँगा है। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने मंगलवार को स्वर्ण नगरी स्थित प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री से मुलाकात का समय नहीं दिया गया, तो सपा उनके दौरे का विरोध करेगी।

किसानों की समस्याओं पर सरकार की अनदेखी

सुधीर भाटी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ कई बार जनपद का दौरा कर चुके हैं, लेकिन अब तक किसानों की समस्याओं के समाधान की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। किसानों के अधिकारों के लिए संघर्ष जारी है, लेकिन प्रशासन और भाजपा के जनप्रतिनिधि उन्हें गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि किसानों की समस्याओं को हल करने के लिए गठित की गई कमेटी केवल दिखावा है और इसका उद्देश्य किसानों को भ्रमित करना है।

विकास कार्यों में पिछड़ता जनपद

प्रेस वार्ता में सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि गौतम बुद्ध नगर विकास के मामले में काफी पीछे है। प्रमुख सड़कों की स्थिति खराब है, खासतौर पर दादरी-नोएडा मार्ग का उदाहरण देते हुए कहा गया कि वहां गड्ढे और जलभराव की समस्या गंभीर है, जिससे जाम की स्थिति पैदा होती है और लोग घंटों जाम में फंसे रहते हैं।

भाजपा शासन पर निशाना

राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि भाजपा के शासन में जनपद में कोई विकास कार्य नहीं हुआ है। मुख्यमंत्री के दौरों का भी कोई सकारात्मक प्रभाव जनपद पर नहीं पड़ा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के शासन में जनपद के विकास को गति मिली थी, लेकिन भाजपा सरकार के आते ही विकास रुक गया।

11 सूत्रीय मांगों के साथ प्रतिनिधिमंडल

सपा ने मुख्यमंत्री से मिलने के लिए 11 सूत्रीय मांगों का एजेंडा तैयार किया है, जिसमें किसानों की समस्याओं और जनपद की विकास योजनाओं को प्रमुखता दी गई है। यदि सपा के प्रतिनिधिमंडल को मुख्यमंत्री से मिलने का मौका नहीं मिलता है, तो पार्टी सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करेगी।

प्रेस वार्ता में सपा के अन्य प्रमुख नेता, जैसे पूर्व जिलाध्यक्ष फकीरचंद नागर, पूर्व जिला अध्यक्ष इंदर प्रधान, नरेंद्र नागर, सुधीर तोमर, कृशांत भाटी, सुरेंद्र नागर, कपिल सैफी, अनूप तिवारी और निशांत नागर भी मौजूद रहे।

#SapaProtest #GreaterNoidaNews #YogiAdityanath #FarmersRights #RaftarTodayUpdates

? Raftar Today व्हाट्सएप चैनल से जुड़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक को टच करें।
Follow Raftar Today on WhatsApp

Twitter (X): Raftar Today (@raftartoday)