IIMT नॉलेज पार्क में युवा एवं विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम में लोकतंत्र, सुशासन और राष्ट्र निर्माण पर होगा मंथन; भाजपा और भाजयुमो के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी रहेंगे मौजूद

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। भारतीय जनता युवा मोर्चा, गौतमबुद्ध नगर के तत्वावधान में मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित IIMT कॉलेज में ‘लोकतंत्र बचाओ–अराजकता हटाओ’ विषय पर युवा एवं विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे प्रस्तावित इस कार्यक्रम में युवाओं और विद्यार्थियों के साथ लोकतंत्र, राष्ट्र निर्माण, सुशासन, सामाजिक जिम्मेदारी तथा देश के विकास में युवाओं की भूमिका जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर संवाद होगा।

कार्यक्रम का उद्देश्य युवा पीढ़ी को लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना, राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी को प्रोत्साहित करना तथा सामाजिक और राजनीतिक विषयों पर विचार-विमर्श के लिए मंच उपलब्ध कराना है।

भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा थे मुख्य अतिथि

कार्यक्रम में भाजयुमो उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। मुख्य वक्ता के रूप में IIMT ग्रुप ऑफ कॉलेज के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. मयंक अग्रवाल विद्यार्थियों और युवाओं का मार्गदर्शन करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री एवं भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष श्री सुखविंदर सोम, भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष श्री अभिषेक शर्मा तथा भाजयुमो के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष श्री सूरज सोमवंशी शामिल रहेंगे।

इसके अतिरिक्त जनपद गौतमबुद्ध नगर में निवास करने वाले भाजपा के राष्ट्रीय, प्रदेश एवं क्षेत्रीय पदाधिकारियों तथा युवा मोर्चा के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की भी उपस्थिति और मार्गदर्शन प्राप्त होगा।

युवाओं को राष्ट्र निर्माण से जोड़ना युवा मोर्चा का उद्देश्य : डॉ. रोहित मिश्रा

भाजयुमो उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रोहित मिश्रा ने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और लोकतंत्र की मजबूती का आधार होते हैं। आज आवश्यकता है कि युवा जागरूक, शिक्षित और राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने वाले बनें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार, नवाचार और उद्यमिता के नए अवसर प्राप्त हो रहे हैं। युवा मोर्चा का उद्देश्य युवाओं को सकारात्मक विचारधारा से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना है।

लोकतंत्र की मजबूती के आधार हैं जागरूक नागरिक : सुखविंदर सोम

भाजपा पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय मंत्री एवं भाजयुमो के क्षेत्रीय अध्यक्ष सुखविंदर सोम ने कहा कि लोकतंत्र की वास्तविक ताकत जागरूक नागरिक और सक्रिय युवा होते हैं। युवाओं को लोकतांत्रिक मूल्यों, संविधान की भावना और सामाजिक समरसता के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सुशासन, सुरक्षा, विकास और जनकल्याण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। युवाओं को इन उपलब्धियों से समाज को अवगत कराने के साथ प्रदेश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।

विकसित भारत के संकल्प में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका : अभिषेक शर्मा

भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति का मूल आधार राष्ट्रहित, सुशासन और जनसेवा है। उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में कानून-व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य और निवेश के क्षेत्र में सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि गौतमबुद्ध नगर के युवा अपनी प्रतिभा, ऊर्जा और संगठनात्मक क्षमता के माध्यम से लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दें।

विद्यार्थियों के साथ लोकतंत्र और राष्ट्र निर्माण पर होगा संवाद

IIMT कॉलेज में आयोजित होने वाला यह युवा एवं विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, सामाजिक उत्तरदायित्व और राष्ट्र निर्माण के विषयों पर विचार रखने का अवसर प्रदान करेगा। कार्यक्रम में भाजपा और युवा मोर्चा के वरिष्ठ पदाधिकारियों के विचारों के माध्यम से विद्यार्थियों को जागरूकता, सहभागिता और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया जाएगा।