सार
छह से 12 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से चली हवाएं। प्रदूषकों को फैलने में मिली मदद। अगले दो दिनों में बढ़ेगी हवा की रफ्तार, कम होगा दिल्ली-एनसीआर का प्रदूषण।ख़बर सुनें
विस्तार
सफर के मुताबिक, बीते सप्ताह से लगातार पराली जलने की घटनाओं में कमी हो रही है। इस वजह से पराली के धुएं से उत्पन्न होने वाले पीएम 2.5 की प्रदूषण में हिस्सेदारी न के बराबर बनी हुई है। बीते 24 घंटे में पड़ोसी राज्यों में 181 जगहों पर पराली जलने की घटनाएं रिकॉर्ड की गई हैं। इससे प्रदूषण के हिस्से में आठ फीसदी हिस्सेदारी दर्ज की गई है। उत्तर-पश्चिम दिशा से आने वाली तेज हवाओं के कारण प्रदूषक फैल रहे हैं।
इस वजह से प्रदूषण का स्तर कम हो रहा है। दूसरी ओर दिल्ली के स्थानीय स्तर पर चलने वाली हवाएं भी तेज बनी हुई है। इससे स्थानीय स्तर पर होने वाले प्रदूषण का प्रभाव भी कम हो रहा है। सफर का पूर्वानुमान है कि अगले 24 घंटे में हवा की रफ्तार बढ़ने से और मिक्सिंग हाइट का साथ देने की वजह से प्रदूषण को कम होने में मदद मिलेगी। अगले दो दिनों तक हवा का स्तर खराब से बहुत खराब श्रेणी में बना रहेगा। रविवार को हवा में पीएम 10 का स्तर 301 व पीएम 2.5 का स्तर 188 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रिकॉर्ड किया गया है।
भारतीय उष्णदेशीय मौसम विज्ञान संस्थान(आईआईटीएम) के मुताबिक, रविवार को हवा की रफ्तार छह से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा रिकॉर्ड की गई है। मिक्सिंग हाइट का स्तर एक हजार मीटर रहा। वहीं, वेंटिलेशन इंडेक्स छह हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड रिकॉर्ड किया गया है। अगले 24 घंटे में मिक्सिंग हाइट 1100 मीटर व वेंटिलेशन इंडेक्स 10 हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड हो सकता है।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड(सीपीसीबी) के मुताबिक, बीते एक दिन के मुकाबले दिल्ली के औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक में कमी आई है। रविवार को एक्यूआई 349 रहा जबकि एक दिन पहले यह 374 रहा था। हालांकि, सुबह 10 बजे दिल्ली का एक्यूआई 382 के साथ बहुत खराब श्रेणी के उच्चतम स्तर में पहुंच गया था। दोपहर में तेज हवाएं चलने और धूप खिलने के कारण प्रदूषकों को दूर-दूर तक फैलने में मदद मिली। एनसीआर में शामिल ग्रेटर नोएडा की हवा 298 एक्यूआई के साथ सबसे बेहतर रही है। गुरुग्राम का एक्यूआई 364, नोएडा का 322, गाजियाबाद का 319 व फरीदाबाद का 377 एक्यूआई रहा है।
दिल्ली के पांच हॉटस्पॉट
- जहांगीरपुरी
- आश्रम रोड
- अलीपुर
- नरेला
- बवाना
दिल्ली-एनसीआर के आंकड़े
- दिल्ली- 349
- फरीदाबाद-377
- गाजियाबाद-319
- ग्रेटर नोएडा-298
- गुरुग्राम-364
- नोएडा- 322
Source link

Comments (0)
Leave a Comment