लॉ रेजिडेंशिया सोसाइटी में लगातार हमलों से दहशत, उल्लू को पकड़ने पहुंची टीम; छिपने की संभावित जगहों को किया गया ट्रेस, अचानक ऊपर से आकर करता है हमला, बुधवार रात बिनोय पर हुआ हमला

ग्रेटर नोएडा वेस्ट, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की लॉ रेजिडेंशिया सोसाइटी में पिछले तीन दिनों से एक उल्लू के लगातार हमले ने निवासियों की चिंता बढ़ा दी है। सोसाइटी के लोगों का दावा है कि उल्लू अब तक 4 से 5 लोगों पर हमला कर चुका है, जिसमें कई लोगों को चोटें आई हैं। लगातार हो रही घटनाओं के कारण रात के समय सोसाइटी में अकेले आवाजाही करने से लोग बच रहे हैं। खासतौर पर पार्किंग, लॉबी और खुले स्थानों में जाने को लेकर लोगों में डर बना हुआ है। स्थिति की जानकारी मिलने के बाद उल्लू को तलाशने और सुरक्षित तरीके से पकड़ने के लिए एक टीम सोसाइटी पहुंची। टीम ने निवासियों से घटनाओं की जानकारी ली और उन स्थानों को देखा, जहां उल्लू द्वारा लोगों पर हमला किए जाने की बात सामने आई है। टीम ने उल्लू के संभावित ठिकानों और उसके छिपने की जगहों को भी ट्रेस किया है। योजना के तहत उल्लू को सुरक्षित रूप से पकड़ने के बाद उसे सोसाइटी से दूर सूरजपुर वेटलैंड क्षेत्र में शिफ्ट किए जाने की तैयारी है।

तीन दिन में 4-5 लोगों पर हमले का दावा

सोसाइटी निवासियों के अनुसार पिछले तीन दिनों में उल्लू कई लोगों को अपना निशाना बना चुका है। अचानक होने वाले इन हमलों से लोग खासे परेशान हैं। रात के समय सोसाइटी परिसर में आवाजाही के दौरान निवासी अतिरिक्त सावधानी बरत रहे हैं। कुछ लोगों ने बच्चों और बुजुर्गों को भी रात में अकेले बाहर न भेजने की बात कही है।

अचानक ऊपर से आकर करता है हमला

निवासियों का कहना है कि उल्लू मुख्य रूप से रात के समय सक्रिय दिखाई देता है। लोग जब पार्किंग, लॉबी या सोसाइटी परिसर में किसी काम से आ-जा रहे होते हैं, तभी वह अचानक ऊपर से उड़कर हमला कर देता है। लोगों के मुताबिक हमले के दौरान उसके पंजों से सिर और शरीर पर चोट लगने की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार एक ही क्षेत्र में इस तरह की घटनाओं के कारण सोसाइटी में भय का माहौल बना हुआ है।

बुधवार रात बिनोय पर हुआ हमला

सोसाइटी निवासी बिनोय भी उल्लू के हमले का शिकार हुए। उन्होंने बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे वह अपनी गाड़ी पार्क करने के बाद लॉबी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे की ओर से आए उल्लू ने अचानक उनके सिर पर हमला कर दिया। हमले में उन्हें चोट लगी और उपचार के लिए अस्पताल जाना पड़ा। बिनोय के मुताबिक अस्पताल में इलाज के दौरान उन्हें कई इंजेक्शन लगाए गए। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने एहतियात के तौर पर रेबीज और टेटनेस के इंजेक्शन भी लगाए। घटना के बाद से वह रात के समय सोसाइटी परिसर में अकेले निकलने को लेकर काफी आशंकित हैं।

उल्लू को पकड़ने के लिए तलाश तेज

लगातार सामने आ रही शिकायतों के बाद अब उल्लू को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। टीम ने सोसाइटी में उन स्थानों का निरीक्षण किया है, जहां उल्लू को छिपते या लोगों पर हमला करते हुए देखे जाने की जानकारी मिली है। इसके आधार पर संभावित ठिकानों को चिन्हित किया जा रहा है। निवासियों को उम्मीद है कि उल्लू को जल्द सुरक्षित तरीके से पकड़ लिया जाएगा, जिससे सोसाइटी में बना डर खत्म हो सके। योजना के मुताबिक पकड़ने के बाद उसे आबादी वाले क्षेत्र से दूर सूरजपुर वेटलैंड में छोड़े जाने की तैयारी है। वहीं, तब तक निवासियों से रात के समय सावधानी बरतने और संभावित ठिकानों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की जा रही है।