नॉएडा, रफ़्तार टुडे। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित 'एक पेड़ मां के नाम' कार्यक्रम में सभी अफसरों के साथ शामिल हुईं। इस दौरान, उन्होंने और अन्य अधिकारियों ने वृक्षारोपण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व पर जोर देना था।
इस अवसर पर, पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने जनपदवासियों को अधिक से अधिक संख्या में वृक्षारोपण करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष हमें अमूल्य जीवन देते हैं और प्रकृति का संतुलन बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना आवश्यक है। स्वच्छ वायु प्राप्त करने और ग्लोबल वार्मिंग तथा जलवायु परिवर्तन जैसी समस्याओं को कम करने के लिए सभी नागरिकों को मिलकर वृक्षारोपण करना होगा।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस लाइन, पुलिस मुख्यालय, सभी थानों और कार्यालयों में लगभग 12,600 वृक्ष लगाए जा रहे हैं। पुलिस कमिश्नर ने रिजर्व पुलिस लाइन कमिश्नरेट गौतमबुद्ध नगर का निरीक्षण करते हुए परिवहन शाखा, परेड ग्राउंड आदि स्थानों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और साफ-सफाई तथा समुचित व्यवस्था के संबंध में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

इस अवसर पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर मुख्यालय बबलू कुमार सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भी उपस्थित रहे। पुलिस कमिश्नर ने सभी से आग्रह किया कि वे पर्यावरण की रक्षा के लिए वृक्षारोपण करें और इसे एक नियमित अभियान बनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए एक बेहतर और स्वच्छ पर्यावरण सुनिश्चित किया जा सके।

Comments (0)
Leave a Comment