नोएडा, रफ़्तार टूडे। नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) कृष्णा करुणेश ने नोएडा इंडोर स्टेडियम के संचालन में कथित अनियमितताओं और दस्तावेजों में गड़बड़ी मिलने के बाद कड़ा रुख अपनाया है। शिकायत मिलने के बाद प्राधिकरण स्तर पर कराई गई जांच में कई गंभीर विसंगतियां सामने आने पर संबंधित कंपनी के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए हैं।

टेंडर प्रक्रिया में फर्जी दस्तावेज लगाने का आरोप

सूत्रों के अनुसार, वर्ष 2021 में करीब 101 करोड़ रुपये की लागत से बने नोएडा इंडोर स्टेडियम के संचालन का टेंडर हासिल करने के लिए संबंधित सिक्योरिटी सॉल्यूशन कंपनी द्वारा कथित रूप से कई फर्जी दस्तावेज प्रस्तुत किए गए थे। शिकायत मिलने के बाद प्राधिकरण ने दस्तावेजों की विस्तृत जांच कराई, जिसमें कई महत्वपूर्ण गड़बड़ियां सामने आईं।

फायर NOC के बिना हो रहे थे बड़े आयोजन

जांच में यह भी सामने आया कि स्टेडियम में बड़े स्तर के खेल एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे थे, जबकि संचालन करने वाली कंपनी ने आवश्यक फायर एनओसी (Fire NOC) प्राप्त नहीं की थी। इसे सुरक्षा मानकों की दृष्टि से गंभीर लापरवाही माना जा रहा है।

CEO कृष्णा करुणेश ने दिए सख्त निर्देश

मामले की जानकारी मिलते ही CEO कृष्णा करुणेश ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि दस्तावेजों में हेराफेरी, फर्जीवाड़ा और किसी भी प्रकार की लापरवाही को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संबंधित कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए तथा पूरे मामले की नियमानुसार जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

प्राधिकरण की कार्रवाई पर सभी की नजर

नोएडा इंडोर स्टेडियम शहर का प्रमुख खेल परिसर है, जहां समय-समय पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेल एवं अन्य बड़े आयोजन होते हैं। ऐसे में सुरक्षा मानकों और टेंडर प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर उठे सवालों के बाद प्राधिकरण की आगामी कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।

यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित कंपनी के खिलाफ अनुबंध संबंधी कार्रवाई के साथ-साथ अन्य कानूनी कदम भी उठाए जा सकते हैं।

CEO कृष्णा करुणेश का संदेश "दस्तावेजों में किसी भी प्रकार की हेराफेरी, फर्जीवाड़ा और लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।"