नोएडा, रफ़्तार टूडे। नोएडा प्राधिकरण ने अवैध निर्माण और भू-माफियाओं के खिलाफ अपना अभियान तेज करते हुए गुरुवार को वर्क सर्किल-10 के अंतर्गत ग्राम कोंडली बांगर और झट्टा में बड़े पैमाने पर ध्वस्तीकरण अभियान चलाया। इस कार्रवाई में अवैध फार्महाउस, अवैध प्लॉटिंग और निर्माण को बुलडोजर से ध्वस्त कर करीब 32,670 वर्गमीटर प्राधिकरण की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। प्राधिकरण की इस कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पूरे अभियान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा या निर्माण किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
ग्राम कोंडली बांगर में सात अवैध फार्महाउस ध्वस्त
वर्क सर्किल-10 के अंतर्गत ग्राम कोंडली बांगर के डूब क्षेत्र में बनाए गए अवैध फार्महाउसों पर प्राधिकरण का बुलडोजर चला। अभियान के दौरान करीब सात अवैध फार्महाउसों को ध्वस्त किया गया और लगभग 10,000 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। प्राधिकरण के अनुसार यह कार्रवाई लंबे समय से हो रहे अवैध कब्जों और निर्माण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का हिस्सा है, जिससे सरकारी भूमि को सुरक्षित रखा जा सके।

ग्राम झट्टा में अवैध प्लॉटिंग पर भी चला बुलडोजर
इसके बाद प्राधिकरण की टीम ग्राम झट्टा पहुंची, जहां खसरा संख्या-456 की अधिसूचित भूमि पर दोबारा अवैध प्लॉटिंग कर निर्माण की तैयारी की जा रही थी। प्राधिकरण ने पुलिस बल के सहयोग से मौके पर पहुंचकर अवैध निर्माण और प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। इस कार्रवाई में लगभग 22,670 वर्गमीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि संबंधित भूमि पर पूर्व में भी कार्रवाई की जा चुकी थी, लेकिन भू-माफियाओं ने दोबारा कब्जे का प्रयास किया, जिसे तत्काल विफल कर दिया गया।
अवैध कब्जों पर जारी रहेगा अभियान
प्राधिकरण का कहना है कि शहर और आसपास के क्षेत्रों में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा, प्लॉटिंग और फार्महाउस निर्माण की लगातार निगरानी की जा रही है। जहां भी इस तरह की गतिविधियां सामने आएंगी, वहां बिना किसी पूर्वाग्रह के कठोर कार्रवाई की जाएगी।

सीईओ कृष्णा करुणेश का बयान
नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) कृष्णा करुणेश ने कहा "नोएडा प्राधिकरण की अधिसूचित भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा, प्लॉटिंग या फार्महाउस निर्माण किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। भू-माफियाओं और अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जाएगा। आम नागरिकों से भी अपील है कि वे बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के किसी भी अवैध कॉलोनी, प्लॉट या फार्महाउस में निवेश न करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।"
प्राधिकरण ने नागरिकों से अपील की है कि यदि कहीं भी अवैध निर्माण या सरकारी भूमि पर कब्जे की जानकारी मिले तो उसकी सूचना तत्काल प्राधिकरण को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Comments (0)
Leave a Comment