ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राष्ट्रभक्ति एवं जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA), गौतमबुद्ध नगर की ओर से शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े 300 से अधिक उद्यमियों, कर्मचारियों, श्रमिकों, स्टाफ और गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। तिरंगा यात्रा का शुभारंभ जेके इंडस्ट्रीज, प्लॉट संख्या-376, उद्योग केंद्र-2, इकोटेक-3 से हुआ। यहां से यात्रा पूरे औद्योगिक क्षेत्र का भ्रमण करते हुए घंटा चौक, सूरजपुर तक पहुंची। हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया।
यात्रा के दौरान पूरा औद्योगिक क्षेत्र ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’, ‘जय हिंद’ और ‘वीर शहीद अमर रहें’ के उद्घोष से गूंज उठा। देशभक्ति गीतों और तिरंगे की शान के बीच उद्यमियों, कर्मचारियों और श्रमिकों ने उत्साह के साथ यात्रा में हिस्सा लिया।
भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने दिखाई हरी झंडी
तिरंगा यात्रा का शुभारंभ भाजपा गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने राष्ट्रध्वज दिखाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि तिरंगा देश की राष्ट्रीय अस्मिता, स्वाभिमान और अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। औद्योगिक क्षेत्र से निकली यह यात्रा दर्शाती है कि उद्यमी वर्ग आर्थिक विकास के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण और राष्ट्रीय एकता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अब जन-जन का अभियान बन चुका है और प्रत्येक नागरिक को तिरंगे का सम्मान करते हुए राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए।
‘तिरंगा करोड़ों भारतीयों के गौरव का प्रतीक’
IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने कहा कि तिरंगा केवल देश का राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की आस्था, आत्मसम्मान, गौरव और बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और सम्मान पर जब भी चुनौती आती है, पूरा भारत एकजुट होकर उसका सामना करता है। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त को देश अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मनाने जा रहा है। यह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व और गौरव का अवसर है। उन्होंने लोगों से प्रधानमंत्री के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में भाग लेने और अपने घरों, प्रतिष्ठानों एवं उद्योगों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

जेके इंडस्ट्रीज परिवार का जताया आभार
IBA की ओर से यात्रा के आयोजन और शुभारंभ स्थल पर की गई व्यवस्थाओं के लिए IBA उपाध्यक्ष नरेश चौहान एवं जेके इंडस्ट्रीज परिवार का विशेष आभार जताया गया। आयोजकों के अनुसार जेके इंडस्ट्रीज की ओर से प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था भी की गई। IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय ने नरेश चौहान के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सफल उद्यमी के साथ-साथ समाजसेवी और सहयोगी व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि उद्योग जगत और समाज के प्रति उनका योगदान अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणादायी है।
पुलिस प्रशासन के सहयोग से शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई यात्रा
तिरंगा यात्रा को व्यवस्थित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने में पुलिस प्रशासन का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा। एसीपी-3 सेंट्रल राजू कुमार गुप्ता, थाना प्रभारी इकोटेक-3 रणजीत सिंह, उद्योग विहार चौकी प्रभारी अखिलेश कुमार सहित पुलिस बल ने यातायात और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। आयोजकों ने पुलिस प्रशासन और मीडिया प्रतिनिधियों का भी कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए आभार व्यक्त किया।
उद्यमियों से लेकर श्रमिकों तक दिखा उत्साह
कार्यक्रम में IBA अध्यक्ष अमित कुमार उपाध्याय, उपाध्यक्ष नरेश चौहान, महासचिव सुनील दत्त शर्मा, कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, उपाध्यक्ष राजेश खन्ना, उपाध्यक्ष डॉ. खुशबू सिंह, कार्यकारी सदस्य हर्ष तोमर, संजय पांचाल और ललित सिंघल सहित बड़ी संख्या में उद्यमी, कर्मचारी, श्रमिक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने राष्ट्रहित, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और विकसित भारत के निर्माण के लिए अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। औद्योगिक क्षेत्र में निकली इस यात्रा ने स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय चेतना का संदेश दिया।

Comments (0)
Leave a Comment