ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत आर्य फैशन्स की ओर से 14 अगस्त को भव्य तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश के साथ आयोजित इस रैली में 200 से अधिक कर्मचारियों और कारीगरों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले कर्मचारियों ने पूरे परिसर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। रैली का आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से किया गया। कार्यक्रम में कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।

रैली का नेतृत्व आर्य फैशन्स के एमडी अभिषेक चौहान और संस्थापिका खुशबू सिंह ने किया। उनके साथ संस्थान के वरिष्ठ कर्मचारी रविंद्र पाल मिश्रा, रितेश मिश्रा, रविश कुमार, विनोद कुमार, ऋतू राजावत, मोहित, साधना, रूपम सहित अन्य कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में कारीगर शामिल हुए।

देशभक्ति के नारों से गूंजा आर्य फैशन्स परिसर

तिरंगा रैली के दौरान कर्मचारी हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर पूरे उत्साह के साथ आगे बढ़े। इस दौरान ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ जैसे नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कर्मचारियों में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला। आयोजकों ने इस अवसर पर कर्मचारियों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य और महत्व के बारे में भी जागरूक किया। कर्मचारियों से अपील की गई कि वे अपने घरों पर सम्मान और गर्व के साथ तिरंगा फहराएं तथा परिवार एवं आसपास के लोगों को भी राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और अभियान में भागीदारी के लिए प्रेरित करें।

‘धर्म और जाति से पहले हम सभी हिंदुस्तानी’

आर्य फैशन्स की संस्थापिका खुशबू सिंह ने कहा कि तिरंगा रैली केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि संस्थान से जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की एकता और राष्ट्रप्रेम का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “यह रैली आर्य फैशन्स की एकता का प्रतीक है। हमारा मानना है कि धर्म और जाति से पहले हम सभी एक हिंदुस्तानी हैं। ‘हर घर तिरंगा’ की मुहिम हमारी एकता और अखंडता की ताकत को दर्शाती है। हम प्रधानमंत्री जी के इस राष्ट्रव्यापी अभियान में अपना पूर्ण सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में उद्योग और संस्थानों की भी महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से कर्मचारियों में राष्ट्रीय भावना, सामाजिक जिम्मेदारी और आपसी एकजुटता को मजबूत किया जा सकता है।

राष्ट्रीय अभियानों में आगे भी सक्रिय भागीदारी का संकल्प

रैली के दौरान आर्य फैशन्स के कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया। संस्थान की ओर से कहा गया कि भविष्य में भी सामाजिक सरोकारों और राष्ट्रीय अभियानों में सक्रिय भागीदारी जारी रखी जाएगी। आर्य फैशन्स की इस तिरंगा रैली ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कर्मचारियों के बीच देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने के साथ यह संदेश भी दिया कि तिरंगा केवल राष्ट्रीय ध्वज नहीं, बल्कि देश के करोड़ों नागरिकों की एकता, गौरव और स्वाभिमान का प्रतीक है।