नोएडा, रफ़्तार टूडे। नोएडा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और नागरिक-अनुकूल शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए फोनरवा (Federation of Noida Residents Welfare Associations) द्वारा सेक्टर-52 स्थित कार्यालय में एक उच्चस्तरीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता नोएडा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने की, जिसमें शहर की विभिन्न आरडब्ल्यूए (RWA) के पदाधिकारियों, पुलिस अधिकारियों और प्रशासनिक प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक का मुख्य उद्देश्य शहर की कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, नागरिक सुरक्षा, पार्कों की सुरक्षा, निजी सुरक्षा एजेंसियों के सत्यापन और बढ़ती शहरी चुनौतियों पर चर्चा कर उनके समाधान की दिशा में ठोस रणनीति तैयार करना था। इस दौरान विभिन्न सेक्टरों के प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याएं खुलकर पुलिस प्रशासन के सामने रखीं।
फोनरवा ने सराहा पुलिस कमिश्नर का नेतृत्व
बैठक के दौरान फोनरवा के अध्यक्ष योगेन्द्र शर्मा ने पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में नोएडा पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि पुलिस और आरडब्ल्यूए के बीच नियमित संवाद के कारण शहर में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है और नागरिकों का पुलिस पर विश्वास बढ़ा है। योगेन्द्र शर्मा ने बैठक में एक गंभीर मुद्दा उठाते हुए कहा कि नोएडा के कई सेक्टरों में अवैध रूप से गेस्ट हाउस संचालित किए जा रहे हैं। इनमें सुरक्षा मानकों, अग्निशमन व्यवस्था और आपातकालीन संसाधनों का अभाव है, जो किसी भी समय बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं। उन्होंने ऐसे गेस्ट हाउसों की जांच कर सख्त कार्रवाई की मांग की।
सेक्टर-63 की शिकायत पर तत्काल एक्शन
बैठक के दौरान सेक्टर-63 क्षेत्र से जुड़े आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने लगातार लगने वाले जाम और क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस गश्त नहीं होने की शिकायत की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने मौके पर मौजूद वरिष्ठ अधिकारियों को संबंधित थाना प्रभारी और चौकी इंचार्ज के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित करने के निर्देश दिए।
हर क्षेत्र में नियमित पुलिस पेट्रोलिंग होगी अनिवार्य
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने निर्देश दिए कि नोएडा के सभी क्षेत्रों में नियमित और प्रभावी पुलिस पेट्रोलिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि नागरिकों को सुरक्षित और भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। इसके साथ ही उन्होंने सभी डीसीपी, एडीसीपी और एसीपी स्तर के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे प्रत्येक माह कम से कम एक बार अपने-अपने क्षेत्र की आरडब्ल्यूए के साथ बैठक करें। इससे स्थानीय समस्याओं की जानकारी समय पर मिलेगी और उनका त्वरित समाधान संभव होगा।

पार्कों की सुरक्षा के लिए अनोखी पहल
बैठक में पार्कों में असामाजिक तत्वों की बढ़ती गतिविधियों को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई। इस पर पुलिस कमिश्नर ने एक अभिनव और अनूठी पहल की घोषणा की।
उन्होंने निर्देश दिए कि सभी डीसीपी, एडीसीपी, एसीपी, थाना प्रभारी और चौकी प्रभारी अगले तीन महीनों के लिए अपने-अपने क्षेत्र के कम से कम एक पार्क की जिम्मेदारी लें। संबंधित अधिकारी वहां नियमित निरीक्षण, सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त सुनिश्चित करेंगे। इस पहल का उद्देश्य महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और अन्य पार्क उपयोगकर्ताओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है।
सुरक्षा एजेंसियों और किरायेदारों का सत्यापन जरूरी
बैठक में निजी सुरक्षा एजेंसियों और सुरक्षा गार्डों के सत्यापन का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। पुलिस कमिश्नर ने आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों से अपील की कि वे केवल सत्यापित सुरक्षा एजेंसियों की सेवाएं लें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग समय-समय पर सुरक्षा एजेंसियों, गार्डों और उनके दस्तावेजों की जांच करेगा ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की चूक न हो। साथ ही किरायेदारों और घरेलू कर्मचारियों के सत्यापन अभियान को भी और प्रभावी बनाया जाएगा।
साप्ताहिक बाजारों से लगने वाले जाम का होगा समाधान
शहर के विभिन्न हिस्सों में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात समस्याओं और जाम पर भी बैठक में विस्तार से चर्चा हुई। इस पर पुलिस कमिश्नर ने आश्वासन दिया कि नोएडा पुलिस जल्द ही नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ संयुक्त बैठक करेगी और इस समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों को रोजाना ट्रैफिक जाम और अव्यवस्था का सामना नहीं करना चाहिए तथा यातायात व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाया जाएगा।
जनभागीदारी से बनेगा सुरक्षित नोएडा
अपने संबोधन में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास, संवाद और सहयोग जितना मजबूत होगा, शहर उतना ही सुरक्षित और व्यवस्थित बनेगा। उन्होंने सभी आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से अपील की कि वे पुलिस के साथ सक्रिय सहभागिता बनाए रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
बैठक में प्रमुख रूप से उपस्थित रहे
एडिशनल पुलिस कमिश्नर (लॉ एंड ऑर्डर) राजीव नारायण मिश्र, डीसीपी नोएडा सांद मिंया खान, डीसीपी ट्रैफिक अभय सिंह, डीसीपी क्राइम साव्या गोयल, एडीसीपी मनीषा सिंह, एसीपी प्रवीण रंजन सिंह, एसीपी राकेश प्रताप सिंह सहित सभी थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में आरडब्ल्यूए पदाधिकारी मौजूद रहे।

Comments (0)
Leave a Comment