गुरुग्रामएक घंटा पहले

  • कॉपी लिंक
करवा चौथ के लिए जिलेभर के बाजार सज गए। - Dainik Bhaskar

करवा चौथ के लिए जिलेभर के बाजार सज गए।

  • आगामी 24 अक्टूबर को मनाया जाएगा करवा चौथ पर्व
  • सदर बाजार में लग रही महिलाओं की भीड़

करवा चौथ के लिए जिलेभर के बाजार सज गए और महिलाएं जमकर खरीददारी कर रही हैं। गुड़गांव के सदर बाजार, सोहना बाजार, बादशाहपुर बाजार व मॉल्स में महिलाओं की भीड़ उमड़ रही है। पिछले साल कोरोना संक्रमण के कारण बाजार में पाबंदियां थी, लेकिन इस बार खरीददारों को देखकर कारोबारियों के चेहरे खिल गए हैं। बाजार में साड़ी, सूट, श्रृंगार, जेवर के अलावा करवा चौथ पूजा में इस्तेमाल होने वाले करवा, छननी और दीये की भी खूब खरीदारी शुरू हो गई है।

करवा चौथ का पर्व 24 अक्टूबर को है। ऐसे में सुहागिन महिलाएं बाजारों में जमकर खरीदारी कर रही हैं। सबसे ज्यादा सौंदर्य सामग्री की तरफ महिलाओं की रूझान है। ऐसे में बाजार में कांच की लाल चूड़ियां, लहठी व चूड़ा भी खरीद रही हैं। महिलाएं करवा चौथ का व्रत रखेंगी और चांद को अ‌र्घ्य देकर पति की दीर्घायु की कामना करेंगी। करवा चौथ पर्व पर मेहंदी लगाना शुभ माना जाता है। ऐसे में महिलाएं मेहंदी खरीद रही हैं। उधर कोरोना काल में शहर के मुख्य बाजार में मंदा पड़ा कारोबार अब रफ्तार पकड़ने लगा है। सुबह से शाम तक बाजार में रौनक हो रही है। महिलाएं अपने परिवार के साथ बाजार में आभूषण व कपड़े की जमकर खरीददारी कर रहे हैं। इन दिनों शहर के सराफा बाजार, मनियारी, रेडीमेड गारमेंटस की दुकानों, बर्तन भंडार, क्लाथ हाउस व इलेक्ट्रानिक्स स्टोर संचालकों का कारोबार चमक गया है।

इस त्योहार पर महिलाओं के लिए श्रृंगार का विशेष महत्व है। जहां वे पारंपरिक रुप से सजती संवरती हैं, वहीं विवाह के समय ओढ़ी गई चुनरी भी ओढ़ती हैं। पूजन सामग्री में मिट्टी के बने करवा का विशेष महत्व है, लेकिन आधुनिकता के इस दौर में और बदलते परिवेश में पूजन सामग्री भी काफी हद तक बदल गई है। कुमकुम, शहद, अगरबत्ती, फूल, कच्चा दूध, शक्कर, शुद्ध घी, दही, मिठाई, गंगाजल, चंदन, चावल, महावर, कंघा, बिंदी, चूड़ी, बिछुवा, दीपक, कपूर, गेहूं, हल्दी आदि की जरूरत भी पूजन सामग्री में पड़ती है। सौंदर्य व पूजन सामग्री खरीदने के लिए महिलाओं का शहर के मुख्य सदर बाजार सहित एमजी रोड स्थित मॉल्स में तांता लगा हुआ है। सौंदर्य सामग्री की दरें गत वर्ष की अपेक्षा बढ़ी हैं, लेकिन महंगाई का असर महिलाओं की आस्था वाले करवा चौथ पर्व पर पड़ता दिखाई नहीं दे रहा है। महिलाएं जमकर खरीददारी कर रही हैं।

खबरें और भी हैं...


Source link