आरडब्ल्यूए ने बाउंड्री वॉल, सीवर ओवरफ्लो, धीमे गंगाजल प्रेशर और स्ट्रीट लाइटों की समस्या उठाई; जिलाधिकारी ने सेक्टर में बरगद, पीपल और पीलखन के पौधे रोपे, निरीक्षण के दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के जीएम संदीप चंद्रा, डीजीएम विजय रावल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। सेक्टर बीटा-1 में सुरक्षा व्यवस्था और मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी मेधा रूपम ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों और प्रशासनिक टीम के साथ सेक्टर का सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सेक्टर की आरडब्ल्यूए पदाधिकारियों और निवासियों ने क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को जिलाधिकारी और प्राधिकरण अधिकारियों के समक्ष रखा।

निरीक्षण के दौरान ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के पीजीएम संदीप चंद्रा, डीजीएम विजय रावल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। आरडब्ल्यूए अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी, कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी और आरडब्ल्यूए की पूरी टीम ने जिलाधिकारी को सेक्टर की समस्याओं और आवश्यक विकास कार्यों की जानकारी दी।

बाउंड्री वॉल और सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठा

आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूरे सेक्टर के चारों ओर बाउंड्री वॉल के निर्माण की आवश्यकता बताई। आरडब्ल्यूए का कहना है कि सेक्टर की चारदीवारी होने से सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी और निवासियों को भी अधिक सुरक्षित वातावरण मिल सकेगा।

इसके अलावा सेक्टर में सीवर ओवरफ्लो की समस्या भी प्रमुखता से उठाई गई। आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों ने बताया कि कुछ सीवर लाइनें चोक होने के कारण पानी की निकासी प्रभावित होती है और कई बार सीवर ओवरफ्लो की स्थिति बन जाती है। इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग अधिकारियों से की गई।

गंगाजल का प्रेशर और स्ट्रीट लाइटों की समस्या

आरडब्ल्यूए ने सेक्टर में गंगाजल परियोजना के तहत आने वाले पानी के कम प्रेशर की समस्या भी जिलाधिकारी के सामने रखी। निवासियों के अनुसार पानी का दबाव पर्याप्त नहीं होने के कारण उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।

वहीं, सेक्टर की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों और कई स्थानों पर पोल से पोल तक बंधे तारों की समस्या भी अधिकारियों के संज्ञान में लाई गई। आरडब्ल्यूए ने स्ट्रीट लाइट व्यवस्था को दुरुस्त करने और तारों को व्यवस्थित कराने की मांग की।

जिलाधिकारी मेधा रूपम और डीजीएम विजय रावल ने मौके पर पहुंचकर समस्याओं को देखा और आरडब्ल्यूए प्रतिनिधियों से उनकी जानकारी ली। अधिकारियों ने संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर विकास और मरम्मत कार्य जल्द शुरू कराने का आश्वासन दिया।

पेड़ों की ट्रिमिंग का कार्य हुआ

आरडब्ल्यूए के कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी ने बताया कि सेक्टर बीटा-1 में पेड़ों की ट्रिमिंग का कार्य कराया गया है, जिससे सेक्टर की हरियाली और साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिली है।

उन्होंने कहा कि सेक्टर में हरियाली को बनाए रखने के लिए पेड़ों की नियमित देखरेख और आवश्यकतानुसार ट्रिमिंग का कार्य लगातार किया जाना जरूरी है।

जिलाधिकारी ने किया पौधरोपण

निरीक्षण कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सेक्टर बीटा-1 के पार्क में पौधरोपण किया। उन्होंने बरगद, पीपल और पीलखन के पौधे रोपे। इस दौरान उन्होंने सेक्टरवासियों से पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

जिलाधिकारी ने कहा कि शहर के विकास के साथ पर्यावरण संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाना आवश्यक है। पार्कों और सार्वजनिक स्थानों की हरियाली को बनाए रखने में स्थानीय निवासियों की भूमिका महत्वपूर्ण है।

आरडब्ल्यूए और प्राधिकरण अधिकारी रहे मौजूद

निरीक्षण के दौरान संरक्षक विनोद कसाना, सरदार मनजीत सिंह, अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी, कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी, सचिव ओम प्रकाश शर्मा, चौधरी जयपाल सिंह, सुनील भाटी, रेशपाल सिंह, राजेश सिंह, महेन्द्र सिंह, देवेंद्र शर्मा, मागेराम शर्मा, इंदिरा जी सहित बड़ी संख्या में सेक्टरवासी मौजूद रहे।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से पीजीएम संदीप चंद्रा, डीजीएम विजय रावल, सीनियर मैनेजर राजेश निम, ज्ञानेंद्र यादव, राजेश गौतम, चेतराम, सौरभ भारद्वाज, मैनेजर स्वतंत्र वर्मा, विवेक किशोर, विपिन राय, अरविंद कुमार, सहायक प्रबंधक रामकिशन, अर्जुन यादव, कुलदीप शर्मा, गौरव बघेल, टेक्निकल विकास भाटी, विमल कुमार, ललित कुमार, अंकुर त्यागी, चमन नागर, ठेकेदार अजय सिसोदिया, गौरव, दीपक शर्मा, अजय कुमार शुक्ला, राजेश भाटी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।