दादरी तहसील में जिलाधिकारी मेधा रूपम ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश

गौतमबुद्धनगर, रफ़्तार टूडे। जनपद गौतमबुद्धनगर की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। जिलेभर में आयोजित समाधान दिवस के दौरान जनसामान्य की कुल 170 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 7 शिकायतों का संबंधित अधिकारियों द्वारा मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के शीघ्र, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए। वहीं, तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 38 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए उनके नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

तहसील दादरी में जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां फरियादियों की ओर से कुल 128 शिकायतें प्रस्तुत की गईं, जिनमें से 7 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कराया गया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उसका नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में गुणवत्ता के साथ-साथ समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

समाधान दिवस के दौरान अधिकारियों ने जनसामान्य की समस्याओं को सुनते हुए संबंधित विभागों को शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से शिकायतों की मॉनिटरिंग और उनके निस्तारण की प्रक्रिया पर भी जोर दिया गया।

DM मेधा रूपम 

दादरी तहसील में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मदन मोहन मणि त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी दादरी अभिनेंद्र सिंह, प्रभारी जिला विकास अधिकारी एवं परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, तहसीलदार दादरी कृष्ण कुमार कौशिक समेत संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

इसी क्रम में तहसील सदर में अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। यहां जनसामान्य की 4 शिकायतें दर्ज की गईं। अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

वहीं, तहसील जेवर में उप जिलाधिकारी जेवर दुर्गेश सिंह की अध्यक्षता में समाधान दिवस आयोजित हुआ। यहां कुल 38 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने शिकायतों को संबंधित विभागों को प्रेषित करते हुए उनके नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।

प्रशासन का कहना है कि संपूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी और सुगम मंच उपलब्ध कराना है। अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि प्राप्त शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और शिकायतकर्ता को समाधान की स्थिति से अवगत कराया जाए।