ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर बीटा-1 में लंबे समय से चली आ रही जनसमस्याओं को लेकर पूर्व मंत्री एवं एमएलसी नरेंद्र सिंह भाटी ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सेक्टर की सुरक्षा, जलापूर्ति, सीवर और जल निकासी से जुड़ी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए इनके स्थायी समाधान की मांग की है।
नरेंद्र सिंह भाटी ने प्राधिकरण को भेजे पत्र में कहा कि सेक्टर में सुरक्षा की दृष्टि से अब तक पर्याप्त चारदीवारी अथवा रेलिंग की व्यवस्था नहीं की गई है। इसके कारण सेक्टरवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बनी रहती है और चोरी जैसी घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।
चारदीवारी नहीं होने से बढ़ी परेशानी
RWA अध्यक्ष संगीता शर्मा और महासचिव हरेन्द्र भाटी ने बताया कि सेक्टर में चारदीवारी नहीं होने के कारण बाहरी आवाजाही और आवारा पशुओं की समस्या बनी रहती है। आवारा पशुओं के पार्कों में पहुंचने से बच्चों, बुजुर्गों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। RWA पदाधिकारियों का कहना है कि सेक्टर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए चारदीवारी अथवा उपयुक्त रेलिंग का निर्माण बेहद जरूरी है। इससे न केवल सुरक्षा बेहतर होगी, बल्कि आवारा पशुओं की आवाजाही पर भी नियंत्रण पाया जा सकेगा।
जलापूर्ति और कम जल प्रेशर का मुद्दा भी उठा
पूर्व मंत्री ने सेक्टर की जलापूर्ति व्यवस्था को लेकर भी प्राधिकरण का ध्यान आकर्षित किया है। उन्होंने बताया कि पानी की मोटर खराब होने सहित अन्य तकनीकी समस्याओं के कारण कई बार लोगों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता। सेक्टरवासियों की मांग है कि जलापूर्ति व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाए और जहां आवश्यकता हो वहां नई जलापूर्ति लाइन बिछाई जाए, ताकि लोगों को पर्याप्त दबाव के साथ पानी उपलब्ध हो सके।
जर्जर सीवर और वाटर ड्रेन से जलभराव का खतरा
पत्र में पुरानी और जर्जर वाटर ड्रेन तथा सीवर लाइन का मुद्दा भी उठाया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के दौरान पुरानी जल निकासी व्यवस्था पर्याप्त प्रभावी नहीं रह जाती। सीवर लाइन चौक होने पर घरों के सामने गंदा पानी जमा होने की स्थिति बन जाती है। इससे जलभराव के साथ-साथ गंदगी और दुर्गंध की समस्या भी पैदा होती है। सेक्टरवासियों ने मांग की है कि पुरानी सीवर और वाटर ड्रेन व्यवस्था का सर्वे कराकर आवश्यकता के अनुसार नई और बेहतर क्षमता वाली लाइन का निर्माण कराया जाए।
प्राधिकरण से स्थायी समाधान की मांग
नरेंद्र सिंह भाटी ने प्राधिकरण से मांग की है कि बीटा-1 में सुरक्षा के लिए चारदीवारी/रेलिंग का निर्माण, जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त करने, नई जल लाइन बिछाने तथा पुरानी और जर्जर सीवर एवं वाटर ड्रेन लाइन को बदलने की दिशा में तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि इन समस्याओं का केवल अस्थायी समाधान करने के बजाय इनके स्थायी समाधान की दिशा में काम किया जाना चाहिए, ताकि सेक्टरवासियों को बार-बार इन्हीं समस्याओं का सामना न करना पड़े।
अब देखना यह होगा कि सेक्टरवासियों की लंबे समय से चली आ रही इन समस्याओं पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कितनी तेजी से कार्रवाई करता है और कब तक लोगों को राहत मिलती है। इस मौके पर RWA अध्यक्ष संगीता शर्मा, महासचिव हरेन्द्र भाटी, कोषाध्यक्ष एडवोकेट विपिन भाटी, सचिव ओम प्रकाश शर्मा, चौधरी जयपाल सिंह, विद्या देवी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Comments (0)
Leave a Comment