ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने औद्योगिक क्षेत्र ईकोटेक-3 के बुनियादी ढांचे को और मजबूत बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सेक्टर में 21 हाईमास्ट लाइट और 450 एलईडी स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य पूरा कर लिया है। शुक्रवार को दादरी विधायक तेजपाल नागर ने ओएसडी अभिषेक पाठक, वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल, इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय एवं अन्य उद्यमियों और अधिकारियों की उपस्थिति में इस परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया।

करीब 3.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार की गई इस परियोजना से औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होगी, रात्रि के समय आवागमन सुगम बनेगा तथा उद्यमियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध होगा।

उद्यमियों की मांग पर सीईओ एनजी रवि कुमार ने दिए थे तत्काल कार्य के निर्देश

ईकोटेक-3 के उद्यमियों द्वारा लंबे समय से बेहतर प्रकाश व्यवस्था की मांग की जा रही थी। इस मांग को गंभीरता से लेते हुए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने परियोजना को स्वीकृति प्रदान की और अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। प्राधिकरण ने निर्धारित समय में कार्य पूर्ण कर औद्योगिक क्षेत्र को आधुनिक प्रकाश व्यवस्था से सुसज्जित कर दिया। इस परियोजना के अंतर्गत 16 मीटर ऊंचाई के 5 हाईमास्ट तथा 25 मीटर ऊंचाई के 16 हाईमास्ट स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त पूरे सेक्टर में 450 आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें लगाई गई हैं, जिससे रात के समय पूरे औद्योगिक क्षेत्र में पर्याप्त रोशनी उपलब्ध होगी।

सुरक्षा, निवेश और औद्योगिक गतिविधियों को मिलेगा बड़ा लाभ

नई प्रकाश व्यवस्था से औद्योगिक क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पहले की तुलना में अधिक मजबूत होगी। रात्रि के समय चोरी, असामाजिक गतिविधियों और दुर्घटनाओं की आशंका कम होगी। साथ ही कर्मचारियों, ट्रांसपोर्टरों और उद्यमियों को भी बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। उद्योग जगत का मानना है कि आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास से नए निवेशकों का विश्वास बढ़ेगा और ग्रेटर नोएडा की औद्योगिक पहचान और अधिक मजबूत होगी।

दादरी विधायक ने प्राधिकरण की कार्यशैली की सराहना की

शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान दादरी विधायक तेजपाल नागर ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों का समग्र विकास प्रदेश सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने विशेष रूप से सीईओ एनजी रवि कुमार, सभी एसीईओ तथा प्राधिकरण के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में विकास कार्य तेजी और गुणवत्ता के साथ पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों में बेहतर सड़क, प्रकाश व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने से उद्योगों को नई ऊर्जा मिलेगी और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

ईकोटेक-3 हुआ रोशन, 3.31 करोड़ की हाईमास्ट और एलईडी स्ट्रीट लाइट परियोजना का शुभारंभ

'वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था' के लक्ष्य में ग्रेटर नोएडा निभाएगा अहम भूमिका

विधायक तेजपाल नागर ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश को वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य में ग्रेटर नोएडा की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि औद्योगिक क्षेत्रों का तेजी से हो रहा विकास प्रदेश की आर्थिक प्रगति का मजबूत आधार बनेगा।

उद्योग प्रतिनिधियों ने जताया आभार

कार्यक्रम में इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय, खुशबू सिंह, डॉ. चंचल वार्ष्णेय, सुरेश शर्मा सहित बड़ी संख्या में उद्यमी एवं उद्योग प्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी ने प्राधिकरण द्वारा उद्योगों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता देने और समयबद्ध तरीके से परियोजना पूरी करने पर आभार व्यक्त किया। उद्यमियों ने विश्वास जताया कि भविष्य में भी इसी प्रकार आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होता रहा तो ग्रेटर नोएडा देश के प्रमुख औद्योगिक केंद्रों में और अधिक मजबूती से अपनी पहचान बनाएगा।

https://thenewsclick.com/world-hepatitis-day-medantas-big-initiative-sends-awareness-message-by-screening-1200-people-by-hepatitis-millions-of-people-in-india-affected-by-hepatitis-prevention-is-the-biggest-rescue-dr-a-simple/
द न्यूज क्लिक की न्यूज