सिटी हार्ट एकेडमी ने जीता प्रथम स्थान
दादरी, रफ़्तार टूडे। भारत विकास परिषद शाखा दादरी की ओर से मोहन कुंज धर्मशाला, रेलवे रोड दादरी में राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों की चार टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता में कुल छह टीमों के शामिल होने की संभावना थी, लेकिन कुछ कारणों से चार टीमों ने ही हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में प्रांतीय प्रमुख राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता अंकुर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता में शामिल सभी टीमों को प्रतियोगिता के नियमों एवं प्रक्रिया की जानकारी दी। प्रतियोगिता के समापन पर उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए आयोजन की सराहना की। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली टीमों के प्रदर्शन का मूल्यांकन संगीत विशेषज्ञ रजत मित्तल एवं आस्था गुप्ता ने किया। दोनों निर्णायकों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुति, समूह समन्वय, गायन और निर्धारित मानकों के आधार पर टीमों का मूल्यांकन किया।
प्रतियोगिता के परिणाम में सिटी हार्ट एकेडमी, कठेहरा रोड दादरी की टीम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेंट हुड कॉन्वेंट, आमका रोड दादरी की टीम दूसरे स्थान पर रही, जबकि होली चाइल्ड एकेडमी, रेलवे रोड दादरी ने तीसरा स्थान हासिल किया। बी.बी. कॉन्वेंट स्कूल की टीम को सहभागिता सम्मान प्रदान किया गया।

प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली सिटी हार्ट एकेडमी की टीम अब 27 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली प्रांतीय प्रतियोगिता में दादरी शाखा का प्रतिनिधित्व करेगी। इस उपलब्धि पर विद्यालय की टीम और प्रतिभागी विद्यार्थियों को आयोजकों की ओर से शुभकामनाएं दी गईं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में भारत विकास परिषद शाखा दादरी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। शाखा अध्यक्ष एन.के. शर्मा ने सचिव रविन्द्र गोयल, राष्ट्रीय समूह गान प्रतियोगिता प्रभारी एडवोकेट अशोक गोयल एवं रोहित गोयल, संस्कार संयोजक डॉ. अजय गर्ग, सह सचिव दिनेश सिंघल, शुभकामना प्रेषण संयोजक कमल गोयल, महिला सहभागिता से पूनम गोयल एवं अलका शर्मा सहित सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताओं का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीय भावना, समूह भावना, अनुशासन और सांस्कृतिक चेतना को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम में प्रतिभागी विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक अपनी प्रस्तुतियां दीं और आयोजन में उपस्थित लोगों ने उनका उत्साहवर्धन किया।

Comments (0)
Leave a Comment