कुत्ते को लिफ्ट में ले जाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी हाथापाई में बदली, स्कूल शिक्षिका ने लगाए मारपीट और धमकी देने के आरोप

गाजियाबाद, रफ़्तार टूडे। गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन स्थित विंडसर पैराडाइज हाईराइज सोसाइटी में कुत्ते को लिफ्ट में ले जाने को लेकर दो महिलाओं के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला हाथापाई तक पहुंच गया। घटना का CCTV वीडियो सामने आया है, जिसमें दोनों महिलाएं एक-दूसरे से उलझती हुई दिखाई दे रही हैं। वीडियो में सोसाइटी का सुरक्षा गार्ड भी दोनों को शांत कराने का प्रयास करता नजर आ रहा है।

स्कूल शिक्षिका ने लगाए मारपीट के आरोप

जानकारी के मुताबिक, विंडसर पैराडाइज-2 में रहने वाली स्कूल शिक्षिका हिना बारी 12 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे स्कूल से लौटकर सोसाइटी पहुंची थीं। इसी दौरान लिफ्ट में श्वेता सूबे अपने कुत्ते के साथ मौजूद थीं। हिना बारी का आरोप है कि श्वेता सूबे लिफ्ट में किसी अन्य व्यक्ति को प्रवेश नहीं करने दे रही थीं। जब उन्होंने लिफ्ट में जाने का प्रयास किया तो दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।

शिक्षिका के आरोप के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर श्वेता ने कुत्ते को संभालने वाली छड़ी से उन पर हमला किया। इसके बाद थप्पड़ मारने, गाली-गलौज करने और धमकी देने के भी आरोप लगाए गए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

CCTV फुटेज में दिखी हाथापाई

घटना से संबंधित सामने आए CCTV फुटेज में एक महिला कुत्ते के साथ लिफ्ट के अंदर दिखाई देती है। कुछ देर बाद दूसरी महिला वहां पहुंचती है और लिफ्ट में प्रवेश करती है। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू होता दिखाई देता है।नकुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच जाता है। CCTV फुटेज में सोसाइटी का गार्ड दोनों महिलाओं को अलग करने और विवाद शांत कराने का प्रयास करता नजर आता है। हालांकि, कुछ समय तक दोनों के बीच विवाद जारी रहता है।

CCTV फुटेज सामने आने के बाद घटना सोसाइटी के निवासियों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। लिफ्ट में पालतू कुत्ते को ले जाने को लेकर सोसाइटियों में पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं, लेकिन इस मामले में विवाद के बाद पुलिस तक शिकायत पहुंच गई है।

पुलिस ने दर्ज की NCR

घटना के बाद स्कूल शिक्षिका हिना बारी ने नंदग्राम थाने में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत में उन्होंने मारपीट, अभद्रता और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामले में NCR (Non-Cognizable Report) दर्ज की गई है। पुलिस CCTV फुटेज और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान दोनों पक्षों की भूमिका और घटना की वास्तविक परिस्थितियों को देखा जाएगा। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, कुत्ते को लिफ्ट में ले जाने को लेकर शुरू हुआ यह विवाद हाईराइज सोसाइटी में चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगा कि विवाद की शुरुआत किस परिस्थिति में हुई और दोनों पक्षों की इसमें क्या भूमिका रही।