रूस-भारत व्यापार और निवेश पर बिजनेस डायलॉग, वियतनाम पवेलियन में कारोबार के साथ पर्यटन, खानपान और संस्कृति का प्रदर्शन
ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में चल रहे यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UPITS 2026) के पहले दिन अंतरराष्ट्रीय कारोबारी गतिविधियां तेज रहीं। ट्रेड शो में रूस और वियतनाम की सक्रिय भागीदारी ने व्यापार और निवेश के साथ तकनीक, पर्यटन और सांस्कृतिक सहयोग की संभावनाओं को भी सामने रखा। जहां रूस की ओर से भारत के साथ व्यापार, निवेश और तकनीकी सहयोग बढ़ाने पर केंद्रित बिजनेस डायलॉग आयोजित किया गया, वहीं वियतनाम ने अपने पवेलियन के जरिए औद्योगिक उत्पादों के साथ पर्यटन, खानपान और सांस्कृतिक विविधता की झलक पेश की।
दोनों देशों की भागीदारी से ट्रेड शो में विदेशी बाजारों और उत्तर प्रदेश के उद्यमियों के बीच कारोबारी संपर्क बढ़ाने का अवसर मिला। बी2बी बैठकों और संवाद के माध्यम से एमएसएमई, निर्यातकों, स्टार्टअप और अन्य कारोबारी प्रतिनिधियों ने संभावित सहयोग और व्यापारिक अवसरों पर चर्चा की।
रूस-भारत व्यापार और निवेश पर हुआ बिजनेस डायलॉग
UPITS 2026 में ‘रूस-भारत व्यापार, निवेश और आर्थिक सहयोग के नए अवसर’ विषय पर बिजनेस डायलॉग आयोजित किया गया। इसमें दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने व्यापारिक संबंधों को और विस्तार देने तथा निवेश एवं आर्थिक सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा की।
रूसी व्यापार प्रतिनिधित्व के ट्रेड कमिश्नर आंद्रेई सोबोलेव और डिप्टी ट्रेड कमिश्नर डॉ. येवगेनी ग्रिवा समेत रूसी प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश के उद्योग जगत के साथ कारोबारी संपर्क बढ़ाने और संभावित सहयोग के अवसर तलाशने पर जोर दिया।
संवाद के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में कारोबार, निवेश और तकनीकी सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। इसके जरिए उत्तर प्रदेश के उद्यमियों और रूसी कारोबारी संस्थाओं के बीच सीधे संवाद का अवसर उपलब्ध हुआ।
मेडिकल और औद्योगिक तकनीक में सहयोग की संभावनाएं
रूस के प्रदर्शनी क्षेत्र में औद्योगिक तकनीक, गैस, प्रयोगशाला एवं डायग्नोस्टिक समाधान, मेडिकल ऑक्सीजन सिस्टम और बिजनेस सर्विसेज से जुड़े उत्पादों और तकनीकों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया। इन क्षेत्रों में भारतीय कंपनियों और रूसी कारोबारी संस्थाओं के बीच तकनीकी सहयोग, उत्पादों के आदान-प्रदान और नए कारोबारी अवसरों की संभावनाओं पर विचार किया गया। प्रदर्शनी के जरिए रूसी कंपनियों को भारतीय कारोबारियों और संभावित साझेदारों के सामने अपने उत्पाद और तकनीकी समाधान प्रस्तुत करने का अवसर मिला।

वियतनाम पवेलियन में कारोबार के साथ संस्कृति की झलक
UPITS 2026 में वियतनाम ने भी अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। वियतनाम के पवेलियन में केवल कारोबारी उत्पादों और औद्योगिक क्षमताओं को ही प्रदर्शित नहीं किया गया, बल्कि देश की पर्यटन और सांस्कृतिक विविधता को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। पवेलियन में विमानन, पर्यटन, स्वास्थ्य, कृषि, हस्तशिल्प, फार्मास्यूटिकल्स, टेक्सटाइल, इलेक्ट्रिक वाहन और रिसाइकिल्ड फाइबर सहित कई क्षेत्रों से जुड़े उत्पाद और संभावनाएं प्रदर्शित की गईं। इससे ट्रेड शो में पहुंचे आगंतुकों और कारोबारी प्रतिनिधियों को वियतनाम के विभिन्न क्षेत्रों की औद्योगिक क्षमता और व्यापारिक संभावनाओं को करीब से जानने का अवसर मिला।
इनोवेशन, टूरिज्म और फूड फेस्टिवल बना आकर्षण
वियतनाम की ओर से ‘वियतनाम: इनोवेशन टेक्नोलॉजीज एंड टूरिज्म’ विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें पर्यटन, विमानन, स्वास्थ्य, कृषि और विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में सहयोग की संभावनाओं पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में वियतनाम के राजदूत त्रिन्ह मिन्ह मान्ह के साथ विभिन्न कंपनियों और कारोबारी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान व्यापारिक सहयोग के साथ दोनों देशों के बीच पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में संपर्क बढ़ाने की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
वहीं, वियतनाम के पवेलियन में आयोजित फूड फेस्टिवल और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने ट्रेड शो में पहुंचे लोगों का ध्यान आकर्षित किया। इससे व्यापारिक गतिविधियों के साथ वियतनाम की खानपान परंपरा और सांस्कृतिक पहचान को भी प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
उत्तर प्रदेश के कारोबारियों के लिए वैश्विक बाजार से जुड़ने का मंच
रूस और वियतनाम की सक्रिय भागीदारी ने UPITS 2026 में व्यापार, निवेश, तकनीक, पर्यटन और सांस्कृतिक संवाद के नए आयाम जोड़े हैं। ट्रेड शो में आयोजित बी2बी बैठकों और बिजनेस डायलॉग के जरिए उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, निर्यातकों, स्टार्टअप और उद्यमियों को विदेशी कारोबारी प्रतिनिधियों से सीधे संवाद करने का अवसर मिल रहा है। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की भागीदारी से उत्तर प्रदेश के उत्पादों और कारोबारी क्षमताओं को विदेशी बाजारों तक पहुंचाने की संभावनाएं भी सामने आ रही हैं। ट्रेड शो में विभिन्न देशों की भागीदारी के जरिए कारोबारी संपर्क, निवेश और तकनीकी सहयोग के नए अवसर तलाशे जा रहे हैं।

Comments (0)
Leave a Comment