25 से 29 सितंबर तक इंडिया एक्सपो मार्ट में होगा यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो, सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, अग्निशमन और वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
गौतमबुद्धनगर, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 (UPITS 2026) को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। आयोजन को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराने के लिए पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी ने एक्सपो मार्ट का स्थलीय निरीक्षण किया। इसके बाद सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक आयोजित कर सभी व्यवस्थाओं की विभागवार प्रगति की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आयोजन स्थल पर सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बिजली, अग्निशमन, स्वास्थ्य, साफ-सफाई, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से अब तक पूरी की गई तैयारियों की जानकारी लेते हुए शेष कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयोजन से जुड़ी किसी भी व्यवस्था में कमी या लापरवाही नहीं रहनी चाहिए और सभी व्यवस्थाओं का अंतिम स्तर पर दोबारा परीक्षण किया जाए।
सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर विशेष फोकस
स्थलीय निरीक्षण के बाद एक्सपो मार्ट के सभागार में पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह और जिलाधिकारी की संयुक्त अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई। बैठक में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग, अग्नि सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, हेलीपैड और वीवीआईपी आगमन सहित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो की महत्वपूर्णता और संभावित वीवीआईपी आगमन को देखते हुए आयोजन स्थल तथा आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रवेश और निकास द्वारों पर प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती तथा संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखने के लिए कहा।
उन्होंने वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यकता के अनुसार बैरिकेडिंग, ट्रैफिक डायवर्जन और पर्याप्त यातायात पुलिस बल की तैनाती करने को कहा।

पार्किंग और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर दिए दिशा-निर्देश
समीक्षा बैठक में पार्किंग व्यवस्था भी प्रमुख मुद्दा रही। पुलिस आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्धारित पार्किंग स्थलों पर वाहनों की आवाजाही व्यवस्थित तरीके से हो और एक्सपो मार्ट के आसपास अनावश्यक जाम की स्थिति उत्पन्न न होने पाए।
उन्होंने प्रवेश और निकास मार्गों, प्रमुख चौराहों तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर पुलिस और यातायात कर्मियों की प्रभावी तैनाती सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि आयोजन के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पहले से तैयार रखी जाएं और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
जिलाधिकारी ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा की
जिलाधिकारी ने बैठक में जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों की तैयारियों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को सौंपे गए दायित्वों का समयबद्ध और गंभीरता से पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही आयोजन शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाओं का अंतिम निरीक्षण और परीक्षण करने को कहा।
अग्नि सुरक्षा की समीक्षा के दौरान अग्निशमन विभाग को आयोजन स्थल पर उपलब्ध सभी अग्निशमन उपकरणों की जांच करने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए।
वहीं खाद्य सुरक्षा के संबंध में आयोजन स्थल पर उपलब्ध कराए जाने वाले खाद्य एवं पेय पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया। अधिकारियों को आवश्यकता के अनुसार खाद्य पदार्थों की जांच सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
बिजली, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं पर भी जोर
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने आयोजन के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी संभावित विद्युत व्यवधान से निपटने के लिए वैकल्पिक और बैकअप व्यवस्था पहले से तैयार रखी जाए।

बैठक में स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाओं, एंबुलेंस की उपलब्धता, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था और आगंतुकों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की भी समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को आयोजन के दौरान निर्धारित स्थानों पर अधिकारियों और कर्मचारियों की मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए गए।
हेलीपैड और वीवीआईपी आगमन की तैयारियों का भी जायजा
जिलाधिकारी ने हेलीपैड तथा वीवीआईपी आगमन से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप सभी तैयारियां समय से पूरी करने और आयोजन से पहले व्यवस्थाओं का दोबारा परीक्षण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें देश-विदेश से उद्यमी, खरीदार, निवेशक, प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आगंतुक पहुंचेंगे। ऐसे में सभी विभागों के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय बेहद जरूरी है, ताकि आयोजन में शामिल होने वाले अतिथियों और आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि वे अपने-अपने विभाग से संबंधित व्यवस्थाओं का अंतिम निरीक्षण कर लें और यदि कहीं कोई कमी सामने आती है तो उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित करें। उन्होंने आयोजन के दौरान पूरी सतर्कता के साथ निर्धारित दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि UP International Trade Show-2026 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा सके।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
संयुक्त समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी भाल चंद्र त्रिपाठी, एडिशनल सीपी राजीव नारायण मिश्रा, एसीईओ यमुना विकास प्राधिकरण शैलेन्द्र भाटिया, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अजीत कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार पांडेय, अपर जिलाधिकारी भू-राजस्व अरुण कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
सौजन्य: सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर।

Comments (0)
Leave a Comment