केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने वैश्विक बाजारों में भारतीय उत्पादों की पहुंच बढ़ाने पर दिया जोर; 6,700 B2B बैठकें और 1,150 MoUs से करीब ₹2,000 करोड़ के कारोबारी समझौते

ग्रेटर नोएडा, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित चौथे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UPITS 2026) के तीसरे दिन व्यापार, निवेश, वैश्विक बाजार, MSME और उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत का शानदार संगम देखने को मिला। रविवार होने के कारण ट्रेड शो में आगंतुकों की संख्या में जबरदस्त वृद्धि हुई। शाम 5 बजे तक 2 लाख से अधिक विजिटर्स ट्रेड शो में पहुंच चुके थे। प्रदर्शनी हॉल में देश-विदेश के खरीदारों, व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों, MSMEs, उद्यमियों, विद्यार्थियों और परिवारों की भारी मौजूदगी रही।

UPITS 2026 अब केवल प्रदर्शनी तक सीमित न रहकर उत्तर प्रदेश के उत्पादों, उद्यमिता, विनिर्माण क्षमता, खान-पान और संस्कृति को वैश्विक मंच से जोड़ने वाले कारोबारी प्लेटफॉर्म के रूप में अपनी पहचान बना रहा है।

पीयूष गोयल ने FTAs के जरिए वैश्विक बाजार के अवसरों पर डाला प्रकाश

तीसरे दिन का प्रमुख आकर्षण केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल की मौजूदगी रही। उन्होंने फेडरेशन ऑफ इंडियन एक्सपोर्ट ऑर्गनाइजेशंस (FIEO) की ओर से आयोजित “वैश्विक व्यापार वृद्धि के लिए भारत के मुक्त व्यापार समझौतों (FTAs) का लाभ” विषयक नॉलेज सेशन में हिस्सा लिया।

सत्र में उत्तर प्रदेश सरकार के औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’, MSME मंत्री भूपेंद्र चौधरी, MSME राज्यमंत्री हंसराज विश्वकर्मा, MSME एवं निर्यात प्रोत्साहन विभाग के प्रमुख सचिव शशि भूषण लाल सुशील, IAS, IEML के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार तथा FIEO के महानिदेशक एवं CEO डॉ. अजय सहाय समेत वरिष्ठ अधिकारी, नीति-निर्माता और उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे। सत्र में इस बात पर चर्चा हुई कि भारत के विभिन्न देशों के साथ बढ़ते व्यापारिक संबंधों और मुक्त व्यापार समझौतों का लाभ उत्तर प्रदेश के निर्माताओं, MSMEs और निर्यातकों तक किस प्रकार पहुंचाया जा सकता है।

पीयूष गोयल ने अपने संबोधन में भारतीय व्यवसायों के लिए FTAs से उपलब्ध बाजार अवसरों का उल्लेख करते हुए निर्यातकों और MSMEs से अंतरराष्ट्रीय बाजारों की आवश्यकताओं को समझने, गुणवत्ता एवं प्रतिस्पर्धात्मकता बढ़ाने और व्यापार समझौतों के माध्यम से नए बाजारों तक पहुंच बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने उत्तर प्रदेश की MSME क्षमता, विनिर्माण, ODOP इकोसिस्टम और बढ़ते निर्यात पोर्टफोलियो का उल्लेख करते हुए कहा कि एक्सप्रेसवे, एयरपोर्ट, बुनियादी ढांचे और औद्योगिक विस्तार राज्य की आर्थिक प्रगति के लिए आधार तैयार कर रहे हैं। उनके अनुसार, UPITS जैसे मंच उत्तर प्रदेश के उत्पादों और उद्यमों को वैश्विक बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। नॉलेज सेशन के बाद केंद्रीय मंत्री ने उद्योगपतियों के साथ संवाद किया और ट्रेड शो का भ्रमण कर विभिन्न स्टॉलों पर प्रदर्शित उत्पादों, उद्यमिता और विनिर्माण क्षमताओं का अवलोकन किया।

उत्तर प्रदेश को निवेश और निर्यात का प्रतिस्पर्धी केंद्र बनाने पर जोर

उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास एवं निर्यात प्रोत्साहन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी’ ने राज्य में तेजी से विकसित हो रहे औद्योगिक इकोसिस्टम, बेहतर कनेक्टिविटी और बुनियादी ढांचे का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार विनिर्माण, निवेश और निर्यात के लिए अनुकूल कारोबारी वातावरण तैयार करने की दिशा में काम कर रही है और UPITS के माध्यम से इन संभावनाओं को देश-विदेश के खरीदारों एवं व्यवसायों के सामने प्रस्तुत किया जा रहा है। MSME मंत्री भूपेंद्र चौधरी ने प्रदेश के MSMEs, कारीगरों, ODOP उत्पादकों और छोटे निर्माताओं को वैश्विक बाजारों से जोड़ने में तकनीक, डिजिटल मार्केटप्लेस और अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की भूमिका को रेखांकित किया।

वहीं FIEO के महानिदेशक एवं CEO डॉ. अजय सहाय ने निर्यात विविधीकरण के लिए ब्याज समानीकरण, MSMEs के लिए कोलेटरल-फ्री ऋण, एक्सपोर्ट क्रेडिट, फैक्टरिंग, टेस्टिंग एवं सर्टिफिकेशन सहायता, विदेशी बाजारों में वेयरहाउसिंग और अंतरराष्ट्रीय ट्रेड फेयर में भागीदारी जैसी व्यवस्थाओं का उल्लेख किया।

6,700 B2B बैठकें और 1,150 MoUs से कारोबारी गतिविधियों में तेजी

UPITS 2026 के तीसरे दिन व्यापारिक गतिविधियां आयोजन के केंद्र में रहीं। दिनभर में अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और प्रदर्शकों के बीच 6,700 B2B बैठकें आयोजित की गईं। इसके साथ ही 1,150 MoUs और व्यावसायिक समझौते संपन्न हुए, जिनका अनुमानित कारोबारी मूल्य करीब ₹2,000 करोड़ बताया गया। इन कारोबारी बैठकों और समझौतों के जरिए उत्तर प्रदेश के निर्माताओं, MSMEs और निर्यातकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सीधे संवाद का अवसर मिला। ट्रेड शो में उत्पाद प्रदर्शन के साथ-साथ कारोबारी पूछताछ, संभावित ऑर्डर और व्यावसायिक साझेदारी पर भी चर्चा हुई।

ई-कॉमर्स और डिजिटल मार्केट एक्सेस पर नॉलेज सेशन

MSME और Expo Bazaar की ओर से “MSMEs, ODOP और निर्यातकों के लिए ई-कॉमर्स, डिजिटल मार्केट एक्सेस एवं सप्लाई चेन सॉल्यूशंस” विषय पर सत्र आयोजित किया गया। इसमें Shiprocket International, Kejriwal Bee Care, Thinkthrough और Expo Bazaar के विशेषज्ञों ने हिस्सा लिया। सत्र में तकनीक, लॉजिस्टिक्स और डिजिटल मार्केटप्लेस के माध्यम से छोटे उद्यमों को भौगोलिक सीमाओं से आगे ले जाने और अंतरराष्ट्रीय ग्राहकों तक पहुंच बनाने के तरीकों पर चर्चा हुई।

इसके अलावा Export Promotion Council for Handicrafts (EPCH) ने वुडक्राफ्ट सेक्टर में टिम्बर लीगलिटी, सस्टेनेबल सोर्सिंग और ग्लोबल मार्केट एक्सेस पर सत्र आयोजित किया। IEML की CSR पहल E-Nurture के तहत कारीगरों, बुनकरों और MSMEs के लिए माइक्रो ब्रांड बिल्डिंग पर भी चर्चा हुई।

उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष विभाग की ओर से “भारत की प्राचीन स्वास्थ्य प्रणाली: पारंपरिक ज्ञान, आधुनिक अनुसंधान एवं वैश्विक वेलनेस अवसर” विषय पर भी नॉलेज सेशन आयोजित किया गया, जिसमें आयुष राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दयाशंकर मिश्र मुख्य अतिथि रहे।

शेफ हरपाल सिंह सोखी की मास्टर क्लास बनी आकर्षण

ODOC के हॉल नंबर-16 में सेलिब्रिटी शेफ हरपाल सिंह सोखी की मास्टर क्लास भी दर्शकों के बीच आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने अपने पाक-कौशल और व्यंजनों की बारीकियों को दर्शकों के सामने प्रस्तुत किया। मास्टर क्लास के माध्यम से UPITS में उत्तर प्रदेश और भारत की पाक परंपराओं तथा खान-पान की विविधता को भी प्रदर्शित किया गया।

विद्यार्थियों ने दिखाई रचनात्मकता और युवा ऊर्जा

UPITS 2026 के तीसरे दिन विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी ने आयोजन को नई ऊर्जा दी। Art & Culture–I: Cyber Security & Road Safety कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ARTO यू.एन. पांडेय और ADCP अजय कुमार के साथ संवाद किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा और साइबर जागरूकता से जुड़े विषयों पर जानकारी साझा की गई।

Grads International School और Jaypee Public School, Greater Noida के विद्यार्थियों ने गतिविधियों में हिस्सा लिया। इसके बाद Art & Culture–II, MIME और Battle of Bands का आयोजन हुआ, जिसमें Sparsh International School और Delhi Public School के विद्यार्थियों ने प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

सांस्कृतिक संध्या में दिखी उत्तर प्रदेश की लोक कला और संगीत की विविधता

दिनभर के कारोबारी कार्यक्रमों के बाद शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने ट्रेड शो के माहौल को जीवंत कर दिया। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत पं. रवि शंकर उपाध्याय और पं. ऋषि शंकर उपाध्याय की पखावज जुगलबंदी से हुई। इसके बाद रायबरेली की शीलू सिंह राजपूत ने आल्हा गायन, झांसी की वंदना कुशवाहा ने राई लोकनृत्य, नोएडा की प्रियंवदा सिंह ने कथक और सहारनपुर की रंजना नेब ने नृत्य प्रस्तुति दी। कार्यक्रम का समापन नोएडा के सर्वत्र बैंड की प्रस्तुति के साथ हुआ।

इस तरह UPITS 2026 का तीसरा दिन कारोबार, निवेश, वैश्विक बाजार, MSME, युवा सहभागिता, कला और संस्कृति के बीच एक व्यापक सेतु के रूप में सामने आया। 29 सितंबर 2026 तक चलने वाले ट्रेड शो में अब दो दिन शेष हैं, ऐसे में देश-विदेश से आए खरीदारों, उद्योग प्रतिनिधियों और आगंतुकों के लिए उत्तर प्रदेश की औद्योगिक क्षमता, उत्पाद विविधता और सांस्कृतिक विरासत को करीब से देखने का अवसर जारी है।