यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में यीडा ने दिखाई 25 वर्षों की विकास यात्रा, एयरपोर्ट से लेकर जापान-कॉरियन सिटी तक योजनाओं का प्रदर्शन, यीडा के स्टॉल पर मास्टर प्लान-2041 और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के मॉडल बने आकर्षण का केंद्र, उद्योगपतियों को निवेश योजनाओं की दी जानकारी
यमुना प्राधिकरण, रफ़्तार टूडे। ग्रेटर नोएडा के एक्सपोमार्ट में 25 से 29 सितंबर 2026 तक आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2026 में यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने अपनी 25 वर्षों की विकास यात्रा और भविष्य की महत्वाकांक्षी योजनाओं को प्रदर्शित करने के लिए विशेष स्टॉल लगाया है। हॉल नंबर-03 में स्थापित यीडा का स्टॉल प्राधिकरण क्षेत्र में हो रहे औद्योगिक, शहरी और बुनियादी ढांचे के विकास को एक ही स्थान पर प्रदर्शित कर रहा है।
यीडा के स्टॉल पर प्राधिकरण के प्रथम चरण के मास्टर प्लान-2041 का मॉडल प्रमुख आकर्षण बना हुआ है। इस मॉडल के माध्यम से प्राधिकरण क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों, प्रमुख कनेक्टिविटी और प्रस्तावित विकास योजनाओं को प्रदर्शित किया गया है। इसके साथ ही नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का मॉडल भी स्टॉल पर लगाया गया है, जिससे आगंतुकों को क्षेत्र में विकसित हो रहे एयरपोर्ट और उससे जुड़ी भविष्य की कनेक्टिविटी तथा औद्योगिक संभावनाओं की जानकारी मिल रही है।
औद्योगिक निवेश और प्रमुख परियोजनाओं की जानकारी
यीडा द्वारा स्टॉल में पोस्टर्स और अन्य प्रदर्शनी सामग्री के माध्यम से क्षेत्र में हुई औद्योगिक प्रगति और निवेश को विस्तार से दर्शाया गया है। विशेष रूप से पिछले एक वर्ष के दौरान किए गए प्रमुख औद्योगिक आवंटनों और प्राधिकरण क्षेत्र में आए निवेश को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया है।
स्टॉल में यीडा क्षेत्र की महत्वपूर्ण योजनाओं और परियोजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है। इनमें इंटरनेशनल फिल्म सिटी, फिनटेक सिटी, अपैरल पार्क, टॉय पार्क, मेडिकल डिवाइसेज पार्क, हैंडीक्राफ्ट पार्क, लॉजिस्टिक पार्क और हेरिटेज सिटी सहित विभिन्न योजनाएं शामिल हैं।
इसके अलावा प्राधिकरण की ओर से प्रस्तावित नई योजनाओं को भी प्रदर्शित किया गया है। इनमें सेक्टर-5ए में जापान सिटी, सेक्टर-4ए में कोरियन सिटी, सेक्टर-7 में सिंगापुर सिटी और सेक्टर-6 में ताइवान सिटी प्रमुख हैं। वहीं सेक्टर-23डी में प्रस्तावित इंटरनेशनल स्टेडियम, सेक्टर-23सी में प्रस्तावित आईएसबीटी तथा सेक्टर-13 और 14 में प्रस्तावित मेडिकल हब से संबंधित योजनाओं को भी पोस्टर्स के माध्यम से दर्शाया गया है।

मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने किया यीडा स्टॉल का उद्घाटन
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दौरान औद्योगिक विकास मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने यीडा के स्टॉल का उद्घाटन किया। उन्होंने स्टॉल पर प्रदर्शित विकास मॉडल और योजनाओं का अवलोकन किया तथा यीडा क्षेत्र में चल रहे औद्योगिक एवं बुनियादी ढांचे के विकास की जानकारी ली।
इस दौरान यीडा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह ने कई उद्योगपतियों से संवाद किया और उन्हें प्राधिकरण की विभिन्न औद्योगिक एवं निवेश योजनाओं से अवगत कराया। उन्होंने उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधियों को यीडा क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं और विभिन्न परियोजनाओं की जानकारी भी दी।
सीईओ श्री राकेश कुमार सिंह ने IIDC श्री दीपक कुमार का यीडा स्टॉल पर स्वागत किया और उन्हें प्राधिकरण की ओर से संचालित विभिन्न विकास योजनाओं तथा प्रमुख परियोजनाओं की प्रगति के बारे में जानकारी दी।

बड़ी संख्या में पहुंच रहे अधिकारी, उद्योगपति और आगंतुक
यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में यीडा का स्टॉल लगातार लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां बड़ी संख्या में उद्योगपति, निवेशक, अधिकारी, मीडिया प्रतिनिधि और आम आगंतुक पहुंच रहे हैं। स्टॉल पर मौजूद अधिकारी आगंतुकों को यीडा क्षेत्र की वर्तमान विकास योजनाओं, औद्योगिक निवेश की संभावनाओं और आगामी परियोजनाओं की जानकारी दे रहे हैं।
अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार ने भी किया स्टॉल का भ्रमण
ट्रेड शो के दौरान आज श्री आलोक कुमार, अपर मुख्य सचिव, उद्योग विभाग, उत्तर प्रदेश सरकार एवं अध्यक्ष, यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने एक्सपोमार्ट पहुंचकर यीडा के स्टॉल का भ्रमण किया। उन्होंने स्टॉल पर प्रदर्शित विभिन्न विकास मॉडलों, परियोजनाओं और योजनाओं का अवलोकन किया तथा यीडा की विकास यात्रा और भविष्य की परियोजनाओं की जानकारी ली। इस अवसर पर डॉ. राकेश कुमार, चेयरमैन, आईईएमएल भी अध्यक्ष के साथ उपस्थित रहे। यीडा के अधिकारियों ने उन्हें प्राधिकरण क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और प्रस्तावित परियोजनाओं के संबंध में जानकारी दी।
यीडा का यह स्टॉल प्राधिकरण की 25 वर्षों की विकास यात्रा, वर्तमान औद्योगिक प्रगति और भविष्य की योजनाओं को एक साथ प्रदर्शित कर रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइसेज पार्क, फिनटेक सिटी सहित विभिन्न परियोजनाओं के मॉडल और जानकारी ट्रेड शो में आने वाले निवेशकों और आगंतुकों को यमुना क्षेत्र में विकसित हो रहे नए औद्योगिक एवं शहरी परिदृश्य से परिचित करा रहे हैं।

Comments (0)
Leave a Comment