नई दिल्ली8 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
डेंगू की रोकथाम के लिए पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने कोशिश तेज कर दी है। इसी कड़ी में सोमवार से रेडियो के जरिए लोगों में जागरूकता अभियान चलाएगी। अधिकारियों ने बताया नगर निगमों के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में अब तक डेंगू के 480 मामलों की पुष्टि हो चुकी हैं, जिनमें से 140 से अधिक मामले अक्टूबर में आए हैं। पूर्वी दिल्ली नगर निगम के न्यायाधिकार क्षेत्र में अब तक डेंगू के करीब 80, मलेरिया के 20 और चिकनगुनिया के 2 मामले आ चुके हैं।
इस संबंध में पूर्वी दिल्ली के महापौर श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि हमने डेंगू के खिलाफ अपनी कोशिशें तेज कर दी हैं, क्योंकि इस साल अधिक बारिश की वजह से बड़ी संख्या में मामले सामने आ रहे हैं। रेडियो के जरिए अभियान की रूपरेखा तैयार है। इसमें घर में किसी भी तरह से मच्छर को पनपने से रोकने के लिए एहतियात बरतने के संदेश हैं। उन्होंने कहा कि इसके अलावा हमारे डेंगू मच्छर प्रजनन जांच (डीबीसी) कर्मी घर-घर जाकर जांच कर रहे हैं कि कहीं डेंगू मच्छर तो पनप नहीं रहे हैं ताकि उनके प्रसार को रोका जा सके। अब तक कर्मियों ने करीब 40 लाख घरों का निरीक्षण किया है।
गौरतलब है कि डेंगू के मच्छर साफ ठहरे पानी में पनपते हैं जबकि मलेरिया के मच्छर गंदे पानी में प्रजनन करते हैं। आमतौर पर मच्छर जनित बीमारियां जुलाई से नंवबर तक सामने आती हैं लेकिन यह अवधि मध्य दिसंबर तक भी जा सकती है। वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि रेडियो अभियान के लिए घरों में एहतियात बरतने संबंधी संदेश महापौर की आवाज में पहले ही रिकॉर्ड की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम ने इस संदेश के प्रसारण के लिए कई निजी रेडियो स्टेशनों के साथ करार किया है।
Source link

Comments (0)
Leave a Comment